हालात

देश में 'वेदर इमरजेंसी'! 47.6 डिग्री के टॉर्चर से कांपा बांदा, भीषण गर्मी की चपेट में आधा हिंदुस्तान, लोग बेहाल

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उससे सटे उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब और मध्य प्रदेश के कई स्थानों पर ‘लू’ का प्रकोप है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

देश के कई राज्यों में बृहस्पतिवार को भी भीषण गर्मी का सितम जारी रहा और उत्तर प्रदेश का बांदा जिला एक बार फिर 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उससे सटे उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब और मध्य प्रदेश के कई स्थानों पर ‘लू’ का प्रकोप है।

Published: undefined

दिल्ली में गर्मी का महाप्रकोप

राजधानी दिल्ली में भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आईएमडी के मुताबिक दिल्ली रिज वेधशाला में अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस प्रकार यह राष्ट्रीय राजधानी का सबसे गर्म स्थान रहा। दिल्ली का दूसरा सबसे गर्म स्थान आयानगर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके बाद 44.3 डिग्री के साथ पालम और लोधी रोड का स्थान रहा जबकि सफदरजंग में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

दिल्ली में बृहस्पतिवार को इस मौसम का पहला लू लगने का मामला सामने आया है। पश्चिम बंगाल का 24 वर्षीय एक छात्र राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती है। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह बेहोशी की हालत में अस्पताल लाए जाने के बाद से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

Published: undefined

यूपी के बांदा 47.6 डिग्री पर झुलसा

उत्तर प्रदेश का बांदा एक बार फिर देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां सबसे अधिक 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए ‘रेड कलर वार्निंग’ जारी की है और उसके बाद के लिए ‘ऑरेंज वार्निंग’ जारी की गई है, क्योंकि अगले सप्ताह राज्य में कुछ स्थानों पर लू से लेकर भीषण लू चलने और रात गर्म होने की संभावना जताई गई है।

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी की लहर और लगातार बढ़ते तापमान के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों के संबंध में पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। ‘रेड अलर्ट’मौसम संबंधी शीर्ष चेतावनी का स्तर है, जिसका अर्थ है ‘‘कार्रवाई करें’’।

Published: undefined

लखनऊ के मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, किसी भी सक्रिय मौसम प्रणाली की अनुपस्थिति, साफ आसमान और शुष्क मौसम के कारण बढ़ी हुई विकिरण तपन और मध्य भारत के ऊपर मौजूद प्रतिचक्रवात से जुड़ी गर्म हवाओं के मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों में नीचे उतरने से राज्य में गर्मी की स्थिति और भी गंभीर हो गई है।

उबल रहा है हरियाणा और पंजाब

पड़ोसी राज्यों हरियाणा और पंजाब में भी ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब के फरीदकोट में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि हरियाणा के सिरसा में पारा 45.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी भीषण गर्मी का दौर जारी रहा और अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था।हरियाणा में रोहतक का अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा।

अंबाला में तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 44.3 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी में भी अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि गुरुग्राम में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

पंजाब में बठिंडा भी भीषण गर्मी की चपेट में रहा, जहां तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पटियाला में तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था। लुधियाना में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था, जबकि अमृतसर में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Published: undefined

राजस्थान में श्री गंगानगर सबसे गर्म स्थान रहा

राजस्थान में श्री गंगानगर सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, फलोदी में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिलानी और अलवर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा।

चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तामपान 43.8 डिग्री सेल्सियस, बाड़मेर में 43.6 डिग्री सेल्सियस और चूरू में 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Published: undefined

हिमाचल प्रदेश के कई स्थानों पर लू की स्थिति

हिमाचल प्रदेश के कई स्थानों पर लू की स्थिति बनी रही, जहां पारा सामान्य से तीन से पांच डिग्री अधिक रहा। ऊना में तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राज्य के नेरी में 41.0 डिग्री और सुंदरनगर में 39.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

शिमला स्थित स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने 22 मई के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावनाओं के मद्देनजर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

उत्तराखंड में प्रशासन ने बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और खुले में काम करने वाले कामगारों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो सकता है, जबकि पहाड़ी जिलों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

Published: undefined