हालात

मौसम अपडेट: दिल्ली, बिहार, महाराष्ट्र समेत 12 राज्यों में अगले 15 घंटे भारी, मॉनसून के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट

मौसम विभाग ने 12 राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान और 70 किमी प्रति घंटे की हवाओं का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी जारी की गई है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS 

देश के कई हिस्सों में मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने 22 जून को देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले 15 घंटों के दौरान मौसम तेजी से बदल सकता है। कई क्षेत्रों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, बिजली चमकने और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने बिहार, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, झारखंड, तेलंगाना, ओडिशा और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।

Published: undefined

दिल्ली से राजस्थान तक मौसम में बदलाव के संकेत

राजधानी दिल्ली-एनसीआर में आज आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इससे एक दिन पहले रविवार को अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक रहा।

राजस्थान में अगले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। झुंझुनू, श्रीगंगानगर और बारां जिले के अटरू क्षेत्र में बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। वहीं, महाराष्ट्र में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मुंबई समेत कई इलाकों में बारिश और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

Published: undefined

बिहार में हीटवेव, लेकिन जल्द मिल सकती है राहत

बिहार की राजधानी पटना सहित कई जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Published: undefined

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में भारी बारिश का खतरा

पश्चिम बंगाल में मॉनसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश की आशंका है। वहीं अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी जिलों में भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया, पूर्व बर्धमान और पश्चिम बर्धमान के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

उधर, तमिलनाडु में 22 जून से 28 जून तक कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। नीलगिरि, कोयंबटूर, डिंडीगुल, थेनी और कन्याकुमारी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। अधिकारियों के अनुसार, मौजूदा मौसमीय परिस्थितियों के कारण राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है।

Published: undefined