
देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आज बारिश होने की संभावना है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 27 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
केरल और माहे में 24 से 26 नवंबर के दौरान भारी बारिश का अनुमान है।
दिल्ली में मौसम साफ रहेगा, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और घना कोहरा देखने को मिल सकता है।
देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। कहीं बारिश और गरज-चमक का दौर शुरू होने की संभावना है तो कहीं सुबह के समय घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश होने की संभावना है। दक्षिण भारत के कई राज्यों में लगातार बारिश का असर देखने को मिल सकता है। वहीं, दिल्ली, बिहार और राजस्थान समेत कई राज्यों में मौसम का मिजाज अलग रहने वाला है।
मौसम विभाग के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 23 से 27 नवंबर तक कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा केरल और माहे में 24 से 26 नवंबर के दौरान भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा के झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और रायलसीमा में भी 23 से 26 नवंबर के बीच मौसम खराब रह सकता है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। ऐसे में दक्षिण भारत के राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां आसमान साफ रहने का अनुमान है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम रहने का अनुमान है। सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में सोमवार को हल्की बारिश होने की संभावना है। सुबह के समय पूर्वी यूपी के कई इलाकों में घना कोहरा भी देखने को मिला। हालांकि, राज्य के बाकी हिस्सों के लिए बारिश या आंधी का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। दूसरी ओर, बिहार में 23 नवंबर को बारिश, गरज-चमक या आंधी की संभावना नहीं जताई गई है।
राजस्थान में आज मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने राज्य के किसी भी जिले के लिए बारिश, गरज-चमक, तेज आंधी या ओलावृष्टि की चेतावनी जारी नहीं की है। हिमाचल प्रदेश में भी 23 नवंबर को बारिश या बर्फबारी का कोई अलर्ट नहीं है। मौसम विभाग की प्रेस रिलीज में पश्चिमी विक्षोभ का जिक्र जरूर किया गया है, लेकिन राज्य के किसी इलाके में इस दिन बारिश या बर्फबारी का अलग से पूर्वानुमान नहीं दिया गया है।
जम्मू-कश्मीर में आज को बारिश और बर्फबारी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इस तरह दक्षिण भारत के कई राज्यों में जहां बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, वहीं उत्तर भारत के प्रमुख राज्यों में मौसम की स्थिति अलग-अलग बनी रहेगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए