
देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में जहां आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं कई इलाकों में भीषण गर्मी और लू लोगों की मुश्किलें बढ़ाने वाली है। मौसम विभाग ने 10 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है। कई जगहों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। गुरुवार रात दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में तेज आंधी देखने को मिली, जिसके बाद शुक्रवार को बारिश के आसार बने हुए हैं।
Published: undefined
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान के कई इलाकों में 15 मई को हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान में एक दिन पहले बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया था। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। दिल्ली में 14 मई की तेज गर्मी के बाद 15 मई को हल्के बादल, आंधी-तूफान और छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है।
हालांकि राहत के बीच गर्मी का असर भी बना रहेगा। 15 और 16 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दोपहर में चिलचिलाती धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। मौसम विभाग के मुताबिक 16 मई को आसमान साफ रह सकता है, जबकि 17 मई से गर्मी और बढ़ने के आसार हैं। 18 और 19 मई को भी तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। गुरुवार तड़के करीब 4 बजे दिल्ली-NCR में तेज आंधी-तूफान देखने को मिला था।
Published: undefined
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 15 और 16 मई को बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में भी राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं। मणिपुर, नगालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 मई तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। असम और मेघालय में भी 18 मई तक ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने की वजह से दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 15 मई को तमिलनाडु के कोयंबटूर और नीलगिरि में भारी बारिश हो सकती है। केरल में 15 से 17 मई तक बारिश जारी रहने का अनुमान है। वहीं कर्नाटक, पुडुचेरी और कराईकल में 18 मई तक बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
Published: undefined
उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मई को गर्मी तेजी से बढ़ने की संभावना है। लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर और वाराणसी समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लू का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। एक दिन पहले आए भीषण आंधी-तूफान और बारिश में 100 से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी।
बिहार में भी पटना और गया समेत कई शहरों में तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। कुछ इलाकों में शाम के समय हल्के बादल छाए रह सकते हैं और धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में मौसम का मिलाजुला असर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में लू चलेगी, जबकि कुछ हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। छतरपुर के खजुराहो में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है, जबकि पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। पश्चिमी मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से को हीट जोन घोषित किया गया है और अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined