
तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में उनकी कार पर कथित तौर पर बीजेपी समर्थकों के एक समूह ने पत्थरों और लाठियों से हमला किया तथा अंडे फेंके।
सांसद ने आरोप लगाया कि कलकत्ता उच्च न्यायालय के उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के आदेश के बावजूद राज्य पुलिस उन्हें सुरक्षा देने में नाकाम रही। यह घटना कालीगंज के गोबरा ग्राम पंचायत क्षेत्र में हुई, जहां प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने कथित तौर पर महुआ मोइत्रा के वाहन को घेर लिया। जब उनका काफिला इलाके से गुजर रहा था, तब प्रदर्शनकारियों ने उन्हें काले झंडे दिखाए और ‘‘वापस जाओ’’ के नारे लगाए।
कृष्णानगर की सांसद ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार किए कई पोस्ट में दावा किया कि 80-90 बीजेपी समर्थक गोबरा ग्राम पंचायत क्षेत्र में उन पर हमला करने के लिए जमा हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को इस जमावड़े की पहले से जानकारी थी।
मोइत्रा ने पोस्ट किया, ‘‘पश्चिम बंगाल पुलिस, पुलिस महानिदेशक और कृष्णानगर पुलिस का ध्यान इस ओर दिलाना चाहती हूं कि माननीय कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के तहत मेरी सुरक्षा की जिम्मेदारी आपकी है। कालीगंज के गोबरा ग्राम पंचायत क्षेत्र में भाजपा के 80-90 गुंडे मुझ पर हमला करने के लिए इंतजार कर रहे हैं। आपको इस बारे में सारी जानकारी है।’’
इसके बाद एक अन्य पोस्ट में तृणमूल सांसद ने आरोप लगाया कि बीजेपी समर्थकों ने उनकी कार को धक्का दिया और उस पर लाठियों तथा अंडों से हमला किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, कृपया ध्यान दें, बीजेपी के गुंडे मेरी कार को धक्का दे रहे हैं और उस पर लाठियों से हमला कर रहे हैं तथा अंडे फेंक रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें हटाने के लिए कुछ नहीं कर रही है। इसके बजाय पुलिस मुझे वहां से जाने के लिए कह रही है। हमें पहले से जानकारी थी कि ऐसा होगा और पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई थी। इसके बावजूद कोई कदम नहीं उठाया गया।’’
मोइत्रा ने पश्चिम बंगाल पुलिस पर बीजेपी समर्थकों के साथ मिलीभगत करने और हमले की छूट देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस को सौंपी गई थी, इसके बावजूद हमला होने दिया गया।
तृणमूल सांसद ने कहा, ‘‘यह अदालत की अवमानना का उदाहरण है- जब मेरी सुरक्षा के लिए जवाबदेह पश्चिम बंगाल पुलिस बीजेपी के साथ मिलीभगत करके मुझ पर दोबारा हमला करवाती है। (सॉलिसिटर जनरल) तुषार मेहता, आपकी हिम्मत कैसे हुई कि आप अदालत में खड़े होकर इन सबका बचाव करें। आपको मुझसे निपटना होगा। अब बहुत हो गया।’’
एक अन्य पोस्ट में मोइत्रा ने आरोप लगाया कि पुलिस को स्थिति की पहले से जानकारी देने के बावजूद उसने प्रदर्शनकारियों को उनके कार्यक्रम में बाधा डालने दी। इन आरोपों पर पुलिस या बीजेपी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। इस ताजा टकराव के बाद महुआ मोइत्रा की सुरक्षा और कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देशों के पालन का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
सांसद ने इससे पहले भी अपनी सुरक्षा को लेकर खतरे की आशंका जताई थी और इस मामले में न्यायपालिका का दरवाजा खटखटाया था।