हालात

'जब हमारी गोली लगेगी ना...', सैफ अली खान को मिली धमकी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम आया सामने

मुंबई पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि धमकी वास्तव में जीशान अख्तर ने ही दी है या किसी दूसरे व्यक्ति ने उसके नाम का इस्तेमाल किया है।

'जब हमारी गोली लगेगी ना...', सैफ अली खान को मिली धमकी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम आया सामने (फोटो: Getty) Images
'जब हमारी गोली लगेगी ना...', सैफ अली खान को मिली धमकी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम आया सामने (फोटो: Getty) Images 

बॉलीवुड कलाकारों को धमकी मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब अभिनेता सैफ अली खान को धमकी मिलने की खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, इस बार धमकी देने के पीछे बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम सामने आया है।

सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल

सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें सैफ अली खान को धमकी दी गई है। यह धमकी रोहित गोदारा गैंग की तरफ से दी गई बताई जा रही है। एनडीटीवी की खबर के मुताबिक ऑडियो में धमकी दे रहा शख्स खुद को रोहित गोदारा गैंग का करीबी जीशान अख्तर बता रहा है। 

धमकी देने वाले शख्स ने क्या कहा?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित ऑडियो में धमकी देने वाले शख्स को यह कहते हुए सुना जा सकता है- "सैफ अली खान, देख तेरी बीवी करीना कपूर ने जो गलती की है, कहीं ऐसा न हो कि इसकी गलती की सजा तुझे भुगतनी पड़े। पहले चाकू लगा था, तो ऊपर वाले ने बचा लिया था। जब हमारी गोली लगेगी ना तो कहीं ऐसा न हो कि बाबा सिद्दीकी जैसा हाल हो जाए।"

पूरे मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस 

मुंबई पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि धमकी वास्तव में जीशान अख्तर ने ही दी है या किसी दूसरे व्यक्ति ने उसके नाम का इस्तेमाल किया है।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस धमकी की प्रामाणिकता और उससे जुड़े डिजिटल सबूतों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल सैफ अली खान की ओर से इस मामले पर कोई सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है।

हाल में कई बॉलीवुड स्टार को भेजे गए धमकी भरे मैसेज

इससे पहले भी बॉलीवुड के कई कलाकारों को धमकी भरे मैसेज और ऑडियो क्लिप मिल चुके हैं। हाल ही में अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को धमकी मिलने के मामले ने भी काफी चर्चा बटोरी थी।

इन मामलों की जांच के दौरान मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु से 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा करते हुए कलाकारों को डराने और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश की थी। हालांकि, शुरुआती जांच में उसके किसी गैंग से जुड़े होने के सबूत नहीं मिले थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वैभव मिश्रा आईटी इंजीनियर है। पुलिस को शक था कि उसने धमकी देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से आवाज तैयार की थी। उसने ऑनलाइन सर्च के जरिए कलाकारों के संपर्क नंबर जुटाए और फिर उन्हें धमकी भरे मैसेज भेजे।

तुषार कपूर को भेजे गए एक ऑडियो मैसेज में कथित तौर पर पांच करोड़ रुपए की मांग की गई थी। मैसेज भेजने वाले ने खुद को गैंगस्टर हैरी बॉक्सर बताया था, लेकिन पुलिस की ओर से वॉयस सैंपल की जांच में यह आवाज हैरी बॉक्सर से मेल नहीं खाई थी।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए