हालात

PM मोदी बड़ी परियोजनाओं पर नाम दर्ज कराने की जल्दी में क्यों हैं, क्या झोला उठाने का वक्त करीब दिखने लगा है?: कांग्रेस

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अपने काम और फैसलों के जरिए विरासत बनाने के बजाय पद पर रहते हुए ही हर बड़ी परियोजना पर अपना नाम दर्ज कराने में लगे हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

जेवर एयरपोर्ट के नामकरण पर सियासत, कांग्रेस का पीएम मोदी पर कटाक्ष

जेवर एयरपोर्ट का नाम बदलने पर कांग्रेस का हमला, पूछे तीखे सवाल

'क्या झोला उठाने का वक्त करीब आ गया?' कांग्रेस का पीएम पर तंज

परियोजनाओं पर नाम दर्ज कराने की जल्दी क्यों?: कांग्रेस का पीएम से सवाल

कांग्रेस ने जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम पर रखे जाने के फैसले को लेकर मंगलवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री हर बड़ी परियोजना पर अपना नाम दर्ज कराने की इतनी जल्दी में क्यों हैं और क्या उन्हें अब ‘झोला उठाने’ का वक्त करीब आता दिखने लगा है ?

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अपने काम और फैसलों के जरिए विरासत बनाने के बजाय पद पर रहते हुए ही हर बड़ी परियोजना पर अपना नाम दर्ज कराने में लगे हैं।

रमेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश के जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने 28 मार्च, 2026 को पूरे धूमधाम से किया था।

उन्होंने दावा किया कि अब तक इस हवाई अड्डे से एक भी निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू नहीं हुई है और यात्रियों की आवाजाही भी सुस्त है। इसके बावजूद इसका नाम बदलकर ‘नरेन्द्र मोदी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, नोएडा-जेवर’ रख दिया गया।

उन्होंने अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम का जिक्र करते हुए सवाल किया कि इसके बाद अगला नंबर किसका होगा?

कांग्रेस नेता ने कहा कि सवाल केवल नामकरण का नहीं, बल्कि इस बात का है कि प्रधानमंत्री अपनी विरासत बनाने के लिए अपने काम और फैसलों पर भरोसा करने के बजाय बड़ी परियोजनाओं पर अपना नाम दर्ज कराने की जल्दी में क्यों हैं ?

उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि कहीं यह इस बात की बेचैनी तो नहीं कि कुर्सी छूटने के बाद कोई उनका नाम लेने वाला भी नहीं होगा।

जयराम रमेश ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का उल्लेख करते हुए कहा कि जनवरी, 1949 में नेहरू ने हैदराबाद के फतेह मैदान का नाम अपने नाम पर रखने से इनकार कर दिया था। दिसंबर 1956 में जम्मू-कश्मीर की बनिहाल सुरंग का नाम उनके सम्मान में रखने के प्रस्ताव को भी उन्होंने रोक दिया था।

कांग्रेस महासचिव ने एम सी छागला की आत्मकथा ‘रोजेज इन दिसंबर’ का हवाला देते हुए कहा कि 1960 के दशक की शुरुआत में जब तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री छागला ने राजधानी में प्रस्तावित दूसरे विश्वविद्यालय का नाम नेहरू के नाम पर रखने का प्रस्ताव दिया, तो उन्होंने तत्काल इसे खारिज कर दिया था।

जयराम रमेश ने इसी संदर्भ में प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या उन्हें अब ‘झोला उठाने’ का वक्त करीब आता दिखने लगा है?

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए