विचार

गहरे अंतर्विरोध से जूझता लोकतंत्र

जब कोई नीति-निर्माता उन्हीं क्षेत्रों से कूटनीतिक वार्ताओं में शामिल हो जिन क्षेत्रों में निजी निवेश की संभावना पर भी उसकी नजर है, तो यह केवल नैतिकता का प्रश्न नहीं रह जाता। यह संस्थागत विश्वसनीयता का संकट बन जाता है।

Getty Images
Getty Images 

आज का लोकतंत्र अपने ही निर्मित आदर्शों के भीतर एक गहरे अंतर्विरोध से जूझ रहा है। वह व्यवस्था, जिसे जनता की संप्रभुता और सार्वजनिक हितों की रक्षा के लिए गढ़ा गया था, अब ऐसे बिंदु पर खड़ी है जहां सत्ता और पूंजी का संबंध केवल सहयोग का नहीं, बल्कि अंतर्ग्रहण का हो गया है। यह परिवर्तन आकस्मिक नहीं है। यह उस संरचनात्मक रूपांतरण का परिणाम है जिसमें राजनीति, अर्थव्यवस्था और कूटनीति एक साझा मंच पर आ खड़ी हुई हैं।

सत्ता का निजीकरण, पूंजी का राजनीतिकरण

परंपरागत रूप से राज्य को सार्वजनिक दायित्वों का वाहक माना गया, जबकि पूंजी का क्षेत्र निजी हितों तक सीमित समझा गया। लेकिन 21वीं सदी में यह विभाजन तेजी से ध्वस्त हुआ है। अब सत्ता केवल नीतियां नहीं बनाती, वह निवेश के अवसर भी तलाशती है। और पूंजी केवल लाभ अर्जित नहीं करती, वह नीतियों की दिशा भी निर्धारित करती है।

डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में जैरेड कुशनर की भूमिका इस अंतर्संबंध का एक सशक्त उदाहरण बनकर उभरी। जब कोई नीति-निर्माता एक साथ कूटनीतिक वार्ताओं में शामिल हो और उन्हीं क्षेत्रों से निजी निवेश भी आकर्षित कर रहा हो, तो यह केवल नैतिकता का प्रश्न नहीं रह जाता। यह संस्थागत विश्वसनीयता का संकट बन जाता है।

Published: undefined

‘हितों का टकराव’ या ‘हितों का संलयन’?

“कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट” की अवधारणा अब अपने पारंपरिक अर्थों से आगे बढ़ चुकी है। यह अब केवल एक अपवाद नहीं, बल्कि एक सामान्यीकृत प्रवृत्ति बनती जा रही है। मोहम्मद बिन सलमान के नेतृत्व वाले निवेश ढांचों और पश्चिमी राजनीतिक तंत्रों के बीच बढ़ते संबंध यह संकेत देते हैं कि भू-राजनीति और वैश्विक पूंजी अब एक-दूसरे के पूरक तंत्र बन चुके हैं।

यहां सवाल यह नहीं रह जाता कि हितों का टकराव है या नहीं, सवाल यह है कि क्या यह टकराव अब एक सुनियोजित संलयन (फ्यूजन) में बदल चुका है, जहां नीति और लाभ एक-दूसरे को वैधता प्रदान करते हैं।

इतिहास बताता है कि युद्ध सिर्फ सैन्य घटना नहीं होता। उसके साथ हथियार उद्योग, ऊर्जा बाजार, पुनर्निर्माण ठेके, और निवेश अवसर भी जुड़े होते हैं।

कूटनीति: संवाद या औपचारिकता?

कूटनीति को परंपरागत रूप से युद्ध के विकल्प के रूप में देखा गया है। लेकिन जब वार्ताएं केवल एक औपचारिक चरण बन जाएं और उनके बाद पूर्वनिर्धारित सैन्य कार्रवाई हो, तो यह प्रश्न उठना स्वाभाविक है कि क्या कूटनीति अब निर्णय-निर्माण की प्रक्रिया का हिस्सा है, या केवल उसकी वैधता का उपकरण?

यदि संवाद केवल समय खरीदने का माध्यम बन जाए, और निर्णय पहले ही कहीं और, किसी बंद कमरे या कॉरपोरेट बोर्डरूम में ले लिए जाएं, तो लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता केवल एक भ्रम बनकर रह जाती है।

Published: undefined

सलाहकार तंत्र और अपारदर्शी शक्ति

आधुनिक लोकतंत्रों में निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ-साथ एक व्यापक सलाहकार तंत्र भी काम करता है। यह तंत्र अक्सर औपचारिक जवाबदेही से मुक्त होता है, लेकिन निर्णयों पर इसका प्रभाव अत्यंत गहरा होता है। बेंजामिन नेतन्याहू जैसे नेताओं के साथ व्यक्तिगत संबंध, और समानांतर रूप से निवेश तथा कूटनीतिक गतिविधियां, ये सभी उस “अदृश्य सत्ता” की ओर इशारा करते हैं जो औपचारिक संस्थाओं के बाहर संचालित होती है।

यहां लोकतंत्र का संकट और गहरा हो जाता है, क्योंकि निर्णय लेने वाले लोग जनता के प्रति प्रत्यक्ष रूप से उत्तरदायी नहीं होते, लेकिन उनके निर्णयों का प्रभाव पूरी दुनिया पर पड़ता है।

लोकतांत्रिक जवाबदेही का क्षरण

एलिज़ाबेथ वॉरेन जैसी आवाजें इस संकट को रेखांकित करती हैं। जब युद्ध के निर्णय और निजी निवेश एक ही समय में और एक ही व्यक्तियों द्वारा संचालित हों, तो जनता का विश्वास डगमगाना स्वाभाविक है। यह केवल एक देश की समस्या नहीं है। यह वैश्विक लोकतंत्र के ढांचे में उभरती हुई दरार है। रिवाल्विंग डूर की अवधारणा

“रवॉल्विंग डोर” की अवधारणा, जहां व्यक्ति सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों के बीच लगातार स्थानांतरित होता है, अब एक अपवाद नहीं, बल्कि एक संस्थागत संस्कृति बन चुकी है। इस संस्कृति में नीतियां केवल सार्वजनिक हितों के आधार पर नहीं, बल्कि संभावित निजी लाभों के संदर्भ में भी निर्मित होती हैं।

Published: undefined

वैश्विक परिप्रेक्ष्य: एक नई विश्व-व्यवस्था

यह प्रवृत्ति केवल अमेरिका या मध्य-पूर्व तक सीमित नहीं है। यह एक व्यापक वैश्विक रूपांतरण का संकेत है, जहां राज्य और कॉरपोरेट संरचनाएं परस्पर निर्भर हो गई हैं।  कूटनीति और व्यापार के बीच की सीमाएं समाप्त हो रही हैं और युद्ध भी कभी-कभी “आर्थिक अवसर” के रूप में पुनर्परिभाषित किया जा रहा है।

इस नई व्यवस्था में “शांति” और “लाभ” के बीच का अंतर धुंधला पड़ता जा रहा है। शांति अब केवल संघर्ष की अनुपस्थिति नहीं, बल्कि एक स्थिर निवेश-पर्यावरण भी बनती जा रही है।

धुंधलापन ही नई स्पष्टता

समस्या यह नहीं है कि सार्वजनिक दायित्व और निजी हितों के बीच की सीमाएं धुंधली हो रही हैं। समस्या यह है कि यह धुंधलापन ही अब एक नई सामान्यता (न्यू नॉर्मल) बनता जा रहा है। जब सत्ता, पूंजी और कूटनीति एक ही धुरी पर आ मिलते हैं, तो निर्णयों की निष्पक्षता और पारदर्शिता स्वाभाविक रूप से संदिग्ध हो जाती है।

यह स्थिति हमें एक असहज प्रश्न के सामने खड़ा करती है। क्या आधुनिक विश्व-व्यवस्था में “शांति” और “लाभ” वास्तव में एक ही परियोजना के दो नाम बन चुके हैं? और यदि ऐसा है, तो इस परियोजना की वास्तविक कीमत कौन चुकाता है— राज्य, समाज, या वह आम नागरिक, जिसकी आवाज लोकतंत्रकी बुनियाद मानी जाती है, लेकिन जो निर्णय-निर्माण की प्रक्रिया से सबसे दूर होता जा रहा है?

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined