विचार

जलवायु परिवर्तन: पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था प्रभावित कर रहे ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जक देश

अभी हाल में ही प्रकाशित एक अध्ययन का निष्कर्ष है कि ग्रीनहाउस गैसों के सबसे बड़े उत्सर्जक देश पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था प्रभावित कर रहे हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

ग्रीनहाउस गैसों के अनियंत्रित उत्सर्जन के कारण जलवायु परिवर्तन और तापमान बृद्धि है, और इसका प्रभाव पूरी दुनिया में स्पष्ट हो चला है। फिर भी, इस उत्सर्जन को नियंत्रित करने के सार्थक प्रयास करने के बदले इन गैसों को उत्सर्जित करने वाले सबसे बड़े देश दुनिया को गुमराह करने के अतिरिक्त कुछ नहीं कर रहे हैं। सबसे अधिक ग्रीनहाउस गैसों को वायुमंडल में उत्सर्जित करने वाले पहले तीन देश क्रम से चीन, अमेरिका और भारत हैं। चीन लगातार सबसे अधिक ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन करने वाले कोयले के उपयोग को बढाता जा रहा है, अमेरिका में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस के उत्खनन का क्षेत्र बढ़ रहा है और भारत के प्रधानमंत्री हमेशा बताते हैं कि जलवायु परिवर्तन केवल अमेरिका और यूरोपीय देशों के कारण है। भारत में भी कोयले की खपत लगातार बढ़ती जा रही है।

Published: undefined

अभी हाल में ही प्रकाशित एक अध्ययन का निष्कर्ष है कि ग्रीनहाउस गैसों के सबसे बड़े उत्सर्जक देश पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था प्रभावित कर रहे हैं। इस अध्ययन को अमेरिका की रिसर्च यूनिवर्सिटी डार्टमौथ कॉलेज के वैज्ञानिक क्रिस काल्लाहन के नेतृत्व में किया गया है और इसे क्लाइमेट चेंज नामक जर्नल में प्रकाशित किया गया है। दरअसल ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन होता है और वे वायुमंडल में मिलकर पूरी दुनिया में जलवायु परिवर्तन करती हैं। इसलिए यदि इनका उत्सर्जन भारत या किसी भी देश में हो, प्रभाव पूरी दुनिया पर पड़ता है। सबसे अधिक प्रभाव गरीब देशों पर पड़ता है। इस अध्ययन को वर्ष 1990 से 2014 तक सीमित रखा गया है। इस अवधि में अमेरिका में ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन से दुनिया को 1.91 ख़रब डॉलर का नुकसान उठाना पड़ा, जो जलवायु परिवर्तन के कारण दुनिया में होने वाले कुल नुकसान का 16.5 प्रतिशत है।

Published: undefined

इस सूचि में दूसरे स्थान पर चीन है, जहां के उत्सर्जन से दुनिया को 1.83 ख़रब डॉलर का नुकसान उठाना पड़ा है, यह राशि दुनिया में जलवायु परिवर्तन के कारण होने वाले कुल नुकसान का 15.8 प्रतिशत है। तीसरे स्थान पर 986 अरब डॉलर के वैश्विक आर्थिक नुकसान के साथ रूस है। चौथे स्थान पर भारत है। भारत में ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन के कारण दुनिया को 809 अरब डॉलर का नुकसान उठाना पड़ा और यह राशि वैशिक आर्थिक नुकसान का 7 प्रतिशत है। इस तरह जलवायु परिवर्तन के कारण पूरी दुनिया में होने वाले आर्थिक नुकसान के योगदान में हमारे देश का स्थान दुनिया में चौथा है। पर, हमारे प्रधानमंत्री लगातार बताते रहे हैं कि जलवायु परिवर्तन केवल अमेरिका और यूरोपीय देशों की देन है।

Published: undefined

इस सूचि में पाचवे स्थान पर ब्राज़ील, छठवें पर इंडोनेशिया, सातवें पर जापान, आठवें पर वेनेज़ुएला, नौवें स्थान पर जर्मनी और दसवें स्थान पर कनाडा है। अकेले अमेरिका, चीन, रूस, भारत और ब्राज़ील द्वारा सम्मिलित तौर पर ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन के कारण पूरी दुनिया को 6 खरब डॉलर का नुकसान उठाना पड़ता है, यह राशि वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद का 11 प्रतिशत है।

Published: undefined

इस रिपोर्ट में कहा गया है कि जलवायु परिवर्तन के लिए बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देश मुख्य तौर पर जिम्मेदार हैं, पर अफसोस यह है कि जलवायु परिवर्तन से इन देशों में आर्थिक नुकसान कम होता है। इसका सबसे अधिक असर दुनिया के गरीब देशों पर होता है। दूसरी तरफ जलवायु परिवर्तन से अमेरिका, रूस, कनाडा और कुछ यूरोपीय देशों को आर्थिक लाभ हो रहा है क्योंकि पहले जो जगहें हमेशा बर्फ से ढकी रहती थीं, वहां अब जमीन है। इस जमीन का उपयोग खेती के लिए किया जाने लगा है। पहले बहुत ठंडक के कारण जिन इलाकों में आबादी नहीं रहती थी, वैसे बहुत से इलाके अब रहने लायक हो गए हैं। दुनिया के गरीब देश जलवायु परिवर्तन के लिए जिम्मेदार नहीं हैं पर इसके प्रभाव से सबसे अधिक संकट में इन्हीं देशों की आबादी है। इस अध्ययन में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि आर्थिक नुकसान के लिए केवल उन्हीं पैमाने का उपयोग किया गया जिनका समावेश दुनियाभर में सकल घरेलू उत्पाद के आकलन के लिए किया जाता है। इसका अर्थ यह है कि जलवायु परिवर्तन द्वारा जैव-विविधता का विनाश, सांस्कृतिक प्रभाव और प्राकृतिक आपदा के आर्थिक नुकसान का समावेश नहीं किया गया है। जाहिर है, इन कारकों का समावेश करने के बाद वैश्विक आर्थिक नुकसान का दायरा और बड़ा हो जाएगा।

Published: undefined

अफ्रीका, दक्षिण अमेरिका और एशिया के गर्म देश पहले से अधिक गर्म होने लगे हैं, बाढ़ और चक्रवात का दायरा और आवृत्ति लगातार बढ़ती जा रही है और प्रशांत महासागर में स्थित देश बढ़ते सागर तल के कारण अपना अस्तित्व खो रहे हैं। गरीब देश लगातार जलवायु परिवर्तन के अन्तराष्ट्रीय अधिवेशनों में प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान के आर्थिक भरपाई की बात अमीर देशों से करते हैं, पर बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देश इसपर चुप्पी साध लेते हैं। हाल में ही 40 गरीब देशों के प्रतिनिधियों ने इजिप्ट में आयोजित किये जाने वाले अगले कांफ्रेंस ऑफ पार्टीज के 27वें अधिवेशन के अध्यक्ष को पत्र लिख कर मांग की है कि इस मसले पर बहस कराई जाए। इस पत्र के अनुसार जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से 3.6 अरब लोग जूझ रहे हैं इसलिए इसकी आर्थिक भरपाई अमीर देशों को करनी चाहिए।

Published: undefined

यूनाइटेड किंगडम के पत्रकार जेरेमी विलियम्स ने हाल में ही एक पुस्तक प्रकाशित की है, जिसका शीर्षक है – क्लाइमेट चेंज इस रेसिस्ट – यानि जलवायु परिवर्तन नस्लवादी है। सतही तौर पर यह शीर्षक अटपटा सा लग सकता है, पर इस पुस्तक में उन्होंने आंकड़ों और उदाहरणों के साथ यह स्पष्ट किया है कि जलवायु परिवर्तन से सबसे कम प्रभावित गोरे लोग हैं, जबकि यह इन्हीं की देन है। जहां गोरे लोग बसते हैं, वहां के मूल निवासी और जनजातियाँ, जिनका रंग गोरा नहीं है, जलवायु परिवर्तन से सबसे अधिक प्रभावित हैं। दूसरी तरफ गरीब देशों की आबादी, जो गोरी नहीं है, इससे प्रभावित हो रही है जबकि जलवायु परिवर्तन में उसका योगदान नहीं है। यह निश्चित तौर पर मानवता के विरुद्ध अपराध है और अपराध करने वाले ही उपदेश दे रहे हैं।

Published: undefined

नेचर कम्युनिकेशंस नामक जर्नल में वर्ष 2021 में कोलंबिया यूनिवर्सिटी के अर्थ इंस्टिट्यूट के वैज्ञानिकों का एक शोधपत्र प्रकाशित किया गया था, इसके अनुसार 3.5 अमेरिकी अपने जीवनकाल में जितना ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन के लिए उत्तरदायी हैं, उससे दुनिया में कम से कम एक व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है। कोयले पर आधारित एक बिजली घर से जितना उत्सर्जन होता है, उससे 900 लोगों की मृत्यु हो जाती है। इस अध्ययन में कार्बन का सामाजिक मूल्य निर्धारित किया गया है। इस अध्ययन के अनुसार वायुमंडल में 4434 मेट्रिक टन कार्बन के उत्सर्जन से कम से कम एक व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है। यह आकलन केवल बढ़ाते तापमान पर आधारित है, इसमें बाढ़, सूखा, चक्रवात और दूसरी प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली मौतों को शामिल नहीं किया गया है।

जाहिर है भारत समेत दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देश ग्रीनहाउस गैसों का अनियंत्रित उत्सर्जन कर मानवता के विरुद्ध अपराध कर रहे हैं। पर, समस्या यह है कि यही देश हरेक अंतर्राष्ट्रीय सम्मलेन में जलवायु परिवर्तन को नियंत्रित करने के मामले में मसीहा बन जाते हैं। गरीब देशों और अमीर देशों के गरीब आबादी परेशान है।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined