फिक्की के हालिया सम्मेलन में भारतीय उद्योग जगत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रहार असामान्य रूप से तीखा था। कॉरपोरेट करों में भारी रियायतों और लगातार बढ़ते मुनाफे के बावजूद कंपनियां वेतन और रोजगार बढ़ाने में विफल क्यों रही हैं? इससे पहले आर्थिक मामलों की सचिव अनुराधा ठाकुर ने भी ऐसी ही चिंता जताई थी। मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन दो वर्षों से मुनाफे और वेतन की इस खाई को लेकर आगाह कर रहे हैं। इन तमाम चिंताओं से आर्थिक विकास के उचित वितरण, मेहनतकश लोगों की आजीविका और निजी उद्योग द्वारा खुलकर निवेश न करने की हिचकिचाहट पर सवाल खड़े होते हैं।
आंकड़ों पर गौर कीजिए। निफ्टी 500 कंपनियों का सालाना मुनाफा 2020-21 के 6.5 लाख करोड़ से बढ़कर 2025-26 में 18.1 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो 23 फीसद की वृद्धि है। इन कंपनियों का मुनाफा अब सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 5.2 फीसद के बराबर पहुंच चुका है, जो रिकॉर्ड ऊंचा स्तर है। वर्ष 2019 में कॉरपोरेट टैक्स दर 30 से घटाकर 22 फीसद की गई थी, ताकि नए निवेश, औद्योगिक विस्तार और रोजगार सृजन को बल मिल सके। फिर भी, निजी निवेश में वह तेजी नहीं दिखी जिसकी उम्मीद थी।
अब कामगारों के वेतन की स्थिति देखिए। नवीनतम वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण (एएसआई) दिखाता है कि वर्ष 2024-25 में एक कारखाने के औसत श्रमिक की वार्षिक आय 2.28 लाख रुपये यानी लगभग 19,000 रुपये प्रति माह रही। मुद्रास्फीति के समायोजन के बाद इस वेतन में महज 0.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई। पिछले छह में से पांच वर्षों के दौरान कारखानों के वास्तविक वेतन में सालाना एक फीसद से भी कम बढ़ोतरी हुई।
इसके विपरीत, कारखानों के प्रबंधकीय पदों पर बैठे अधिकारियों का औसत वार्षिक पारिश्रमिक आम श्रमिकों की तुलना में छह गुना से भी अधिक है। इस तरह समूचे उद्योग के भीतर और स्वयं कंपनियों के अंदर विषमता की गहरी खाई है। कॉरपोरेट मुनाफे की तुलना में यह अंतर बेहद चौंकाने वाला है। महंगाई की तुलना में वेतन में कोई वास्तविक बढ़ोतरी न होने के कारण परिवार अपने रोजमर्रा के खर्च चलाने के लिए लगातार कर्ज पर निर्भर होते जा रहे हैं। घरेलू कर्ज का यह बढ़ता बोझ अंतहीन समय तक वास्तविक आय का विकल्प नहीं बन सकता।
सच है कि शेयर बाजार में सूचीबद्ध बड़ी कंपनियां समूचे औद्योगिक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व नहीं करतीं। हजारों छोटे विनिर्माता, कलपुर्जा आपूर्तिकर्ता और उप-ठेकेदार बेहद कम मार्जिन, अनिश्चित आर्डरों और कर्ज के सीमित साधनों पर काम कर रहे हैं। संभव है कि इनमें से कई तब भी संघर्ष कर रहे हों, जब उनकी बड़ी ग्राहक कंपनियां रिकॉर्ड मुनाफा दर्ज कर रही हैं। इससे उद्योग जगत के भीतर ही लाभ के असमान वितरण का एक और पहलू सामने आता है। फिर भी, बड़ी कंपनियों के असाधारण मुनाफे की सच्चाई को नकार नहीं सकते।
बैलेंस शीट मजबूत होने और करों में कटौती के बावजूद निजी क्षेत्र नए पूंजी निवेश से हाथ क्यों खींच रहा है? कंपनियां निवेश तभी करती हैं जब उन्हें अपने उत्पादों की पर्याप्त मांग दिखाई दे। केवल मुनाफा बढ़ जाने या कर देनदारी घटने भर से कोई कारखाना अपनी क्षमता का विस्तार नहीं करता। उसके भीतर यह भरोसा होना जरूरी है कि अतिरिक्त उत्पादन को लाभ के साथ बाजार में खपाया जा सकेगा। यदि परिवारों की आय में सुस्ती रहेगी, तो मांग का भरोसा डगमगाता रहेगा। ऐसी स्थिति में कंपनियां नए निवेश के बजाय पुराने कर्ज चुकाने, वित्तीय संपत्तियां जमा करने या शेयरधारकों को लाभांश बांटने को प्राथमिकता देंगी।
यह स्थिति समूची अर्थव्यवस्था के लिए संकट पैदा करती है। जब वेतन स्थिर हो जाए, तो करोड़ों परिवारों के पास खर्च के लिए अतिरिक्त पैसे नहीं बचते। कमजोर उपभोग नए निवेश को हतोत्साहित करता है, जिससे बेहतर वेतन वाले रोजगारों के अवसर सीमित हो जाते हैं। घरेलू आय की यह कमजोरी इस दुष्चक्र को लगातार घुमाती रहती है। एक व्यक्तिगत कंपनी के दृष्टिकोण से जो निर्णय वित्तीय समझदारी लग सकता है, वह सामूहिक रूप से पूरी आर्थिक वृद्धि की रफ्तार थाम देता है। जीएसटी में कमी के बाद ऑटोमोबाइल बिक्री में आई हालिया तेजी दिखाती है कि कम कीमतें मांग को गति दे सकती हैं। लेकिन ऐसा प्रोत्साहन फौरी साबित हो सकता है। बाजारों के टिकाऊ विस्तार के लिए परिवारों की क्रय शक्ति में निरंतर वृद्धि जरूरी है।
मुनाफे और वेतन के बीच की इस लगातार चौड़ी होती खाई की एक गहरी वजह भी है। इसका सीधा संबंध श्रम और पूंजी की मोलभाव की सापेक्ष ताकत से है। पिछले दो दशकों में भारतीय उद्योग ठेका श्रमिकों, आउटसोर्सिंग और अनौपचारिक नियुक्तियों पर अत्यधिक निर्भर हो चुका है। एक ही कारखाने में समान काम करने वाले दो श्रमिकों को सिर्फ इस आधार पर अलग वेतन और सुविधाएं मिलती हैं कि एक स्थायी कर्मचारी है और दूसरा ठेकेदार के जरिये आया है। ट्रेड यूनियनों के कमजोर पड़ने और नियमित रोजगार की तलाश में भटक रहे लोगों की भारी तादाद ने श्रमिकों की मोलभाव क्षमता को और घटा दिया है।
इसके दुष्परिणाम कभी-कभार गंभीर हिंसा के रूप में भी सामने आए। मारुति सुजुकी के मानेसर संयंत्र में लंबे समय तक चला श्रम विवाद जुलाई 2012 में अत्यंत दुखद हिंसा में बदला, जिसमें एक वरिष्ठ अधिकारी की जान चली गई थी। इसके 14 वर्ष बाद, नोएडा और हरियाणा के औद्योगिक क्षेत्रों में अपर्याप्त वेतन और जीवनयापन की बढ़ती लागत के खिलाफ ठेका श्रमिकों का असंतोष भड़का। हिंसा को कभी भी वाजिब नहीं ठहराया जा सकता। लेकिन ये घटनाएं उस औद्योगिक तंत्र में सुलगते तनाव को दिखाती हैं, जहां श्रमिकों के पास सौदेबाजी की ताकत सीमित है और उनकी शिकायतों के निपटारे के प्रभावी रास्ते लगभग बंद।
रोजगार के नए तौर-तरीके इस असंतुलन को और बढ़ा रहे हैं। प्लेटफॉर्म कंपनियां डिलीवरी कर्मियों और ड्राइवरों को ‘स्वतंत्र व्यावसायिक भागीदार’ कहती हैं, भले उनकी कमाई और काम की शर्तें पूरी तरह इन प्लेटफॉर्मों द्वारा तय की जाती हैं।
ध्यान देने की बात है कि अब गिग वर्कर भी लामबंद होकर आवाज उठाने लगे हैं। नए श्रम संहिताओं में सामाजिक सुरक्षा के उद्देश्य से गिग और प्लेटफॉर्म श्रमिकों को मान्यता दी गई है, लेकिन इसका जमीन पर प्रभावी सुरक्षा में बदलना जरूरी है। मूल प्रश्न वही है: कामगारों को ऐसे संस्थागत मंच चाहिए जहां वे उस मूल्य में से अपना वाजिब हिस्सा तय कर सकें, जिसके निर्माण में उनका पसीना लगा है।
इस पूरी प्रक्रिया में सरकारी नीतियों की बड़ी भूमिका है। ऊंची लागत, नियामकीय अनिश्चितताएं, कौशल की कमी और निर्यात में आने वाली बाधाएं श्रम-प्रधान उद्योगों के विस्तार को रोक सकती हैं। न्यूनतम मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा और सामूहिक सौदेबाजी का वैधानिक ढांचा भी सार्वजनिक नीतियों से ही तय होता है। सरकार इन ढांचागत रुकावटों को जस का तस छोड़कर कंपनियों को सिर्फ यह उपदेश नहीं दे सकती कि वे अधिक लोगों को रोजगार और बेहतर वेतन दें। उत्पादक रोजगार और बढ़ती आमदनी की जमीन तैयार करने की जिम्मेदारी केवल कॉरपोरेट बोर्डरूम तक सीमित नहीं है।
इसके बावजूद प्रधानमंत्री की आलोचना पूरी तरह तर्कसंगत है। लगातार भारी मुनाफा कमा रही कंपनियों के पास वेतन और कार्यदशाओं को बेहतर बनाने की पूरी गुंजाइश है। उच्च उत्पादकता का लाभ बेहतर पारिश्रमिक के रूप में दिखना चाहिए और कामगार उस समृद्धि में न्यायसंगत हिस्सेदारी के हकदार हैं जिसे गढ़ने में वे भागीदार हैं। श्रम और पूंजी के बीच बढ़ता यह असंतुलन आर्थिक दक्षता का प्रश्न है और सामाजिक न्याय का भी। कामगार गरिमापूर्ण जीवन और सुरक्षा के अधिकारी हैं, और यह अधिकार इस बात से बिल्कुल स्वतंत्र है कि वे उपभोक्ता मांग बढ़ाने में कितना योगदान देते हैं।
अमेरिकी मोटर वाहन कारखाने में रोबोट शामिल किए जाने से जुड़ा एक पुराना किस्सा है। जब कंपनी के एक अधिकारी ने यूनियन नेता वाल्टर रूथर से व्यंग्य में पूछा कि वे इन रोबोटों से यूनियन का चंदा कैसे वसूलेंगे, तो रूथर का तुरंत जवाब था: कंपनी अपनी बनाई कारें खरीदने के लिए इन रोबोटों को कैसे तैयार करेगी?
यह किस्सा आज भी उतना ही प्रासंगिक है, भले भारतीय उद्योगों में रोबोटों का इस्तेमाल अभी सीमित स्तर पर हो। इसका बड़ा सबक उत्पादन, रोजगार और क्रय शक्ति के आपसी संबंध को लेकर है। भारत का आर्थिक विकास हमेशा कॉरपोरेट मुनाफे की उड़ान और आम श्रमिकों के ठहरते जीवन स्तर के सहारे आगे नहीं बढ़ सकता। आर्थिक लाभ का न्यायसंगत बंटवारा ही लोगों की आजीविका को संबल देगा, घरेलू मांग को विस्तार देगा और उस निजी निवेश को जमीन पर उतारेगा जिसकी देश को आज सबसे ज्यादा दरकार है।
(अजीत रानाडे जाने-माने अर्थशास्त्री हैं। साभार: द बिलियन प्रेस)
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए