
उजाले अपनी यादों के, हमारे साथ रहने दो
न जाने किस गली में जिंदगी की शाम हो जाए।
बहुत बरसों पहले बशीर बद्र ने यह शेर लिखा था, और आज 28 मई 2026 को उनकी जिंदगी की शाम हो गई। 91 बरस की उम्र में डॉ. बशीर बद्र दुनिया छोड़कर चले गए। और उनके साथ ही खो गई भारतीय साहित्य में आधुनिक उर्दू ग़ज़ल की एक अज़ीम शख्सियत। बशीर बद्र ऐसे शायर रहे जिनके लफ्ज़ अदबी महफिलों की सरहदों से बाहर निकलकर आम लोगों की जज्बाती जुबान का हिस्सा बन गए।
बशीर बद्र महज़ एक मशहूर उर्दू शायर ही नहीं थे, बल्कि एक अदबी, सांस्कृतिक हस्ती थे। उनके शेर नस्लों, वर्गों और जुबानी सीमाओं को पार कर जाते थे। वे मुशायरों और अखबारों में, फिल्मों और राजनीतिक भाषणों में, हाथ से लिखे खतों में और, हाल के दिनों में, सोशल मीडिया की टाइमलाइंस पर भी नज़र आते थे। आज़ादी के बाद के भारत में बहुत कम शायरों को ऐसी गहरी सार्वजनिक पहचान हासिल हो पाई है।
ऐसे वक्त में, जब शायरी या कविता के बहुत ज्यादा सजावटी या जहनी तौर पर मुश्किल होने का ख़तरा अक्सर बना रहता था, बशीर बद्र ने ग़ज़ल को उसके सबसे जरूरी हिस्से जिसे जज्बाती ताजगी कहते हैं, उससे सजाया। उन्होंने उन लफ्जों और जुबान में बात की जिसे लोग पहचानते थे—वह जुबान थी चाहत, इज्जत, किरदार, दिल टूटने, तहज़ीब, यादों और अस्तित्व की।
Published: undefined
15 फरवरी 1935 को अयोध्या में सैयद मुहम्मद बशीर के रूप में जन्मे, बशीर बद्र उस पीढ़ी से ताल्लुक रखते थे जिसे बीसवीं सदी के भारत की सांस्कृतिक समृद्धि और राजनीतिक उथल-पुथल, दोनों ने आकार दिया था। देश के बंटवारे के दर्द ने जब उर्दू साहित्य के परिदृश्य को बदल दिया, तब बद्र उन शायरों और लेखकों में उभरे जिन्होंने यह सुनिश्चित किया कि भारत की मिली-जुली सांझी तहजीबी सोच के भीतर उर्दू मुसलसल फलती-फूलती रहे।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्स्टी से तालीम हासिल करने वाले बशीर बद्र ने, अपनी अकादमिक परिष्कृतता को एक अद्भुत सहजता के साथ जोड़ा। कई ऐसे शास्त्रीय कवियों के विपरीत, जिनके छंदों को समझने के लिए फ़ारसी प्रतीकों और साहित्यिक परंपरा की गहन जानकारी की जरूत होती थी, बशीर बद्र की शायरी सीधे-सीधे जिंदगी के असली तजुर्बों से मुखातिब होती थी।
उन्होंने टूटे हुए घरों, खत्म होते रिश्तों, अकेलेपन, सांप्रदायिक ज़ख्मों, शहरी अकेलेपन और कमज़ोर उम्मीदों के बारे में लिखा — सब कुछ बहुत ही सादगी से। शायद कोई भी शे’र उनकी नैतिक साफ़गोई को इस अमर शेर से ज़्यादा असरदार तरीके से नहीं दिखाता:
लोग टूट जाते हैं, एक घर बनाने में
तुम तरस नहीं खाते, बस्तियां जलाने में।
ये लफ्ज महज़ शायरी से कहीं बढ़कर हैं। वे हिंसा, नफ़रत और इंसानी जानों की बेपरवाह बर्बादी के ख़िलाफ़ एक कड़ा आरोप बन गईं। पहली बार सुनाए जाने के दशकों बाद भी, सांप्रदायिक तनाव और राजनीतिक अशांति के पलों में ये आज भी गूंजती हैं।
Published: undefined
बशीर बद्र की खासियत यह थी कि वे बुहत ही गहन सच को भी बेहद आसान बना देते थे। उनके शेर बातचीत जैसे, बेतकल्लुफ होते थे, फिर भी उनकी सादगी के भीतर गहरा फलसफा और जज्बाती समझ छिपी होती थी। जिंदगी की उलझी हुई मुश्किलों को यादगार लफ्जों से पिरोकर गजल कह देने की उनमें गजब की सलाहियत थी।
हर धड़कते पत्थर को, लोग दिल समझते हैं
उम्र बीत जाती है, दिल को दिल बनाने में।
एक और शेयर में उन्होंने असहमति और सह-अस्तित्व को बेहद आसानी से सामने रखा है:
दुश्मनी जमकर करो, लेकिन यह गुंजाइश रहे
जब हम दोस्त हो जाएं, तो शर्मिंदा न हों
ऐसे शेर और गज़लें यह समझाती हैं कि बशीर बद्र न सिर्फ केवल साहित्यिक जगत में, बल्कि उन लोगों के बीच भी इतने अजीज क्यों रहे, जिन्होंने शायद कभी औपचारिक रूप से उर्दू शायरी का अध्ययन नहीं किया था। बशीर बद्र ने ग़ज़ल की गरिमा को कम किए बिना उसे आम लोगों तक पहुंचाया।
Published: undefined
बशीर बद्र की शायरी की नर्मी के पीछे एक गहरा निजी दुख छिपा था। बीसवीं सदी के आखिर में उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में फैली सांप्रदायिक हिंसा के दौरान, मेरठ में उनका घर और उनकी निजी लाइब्रेरी का एक बड़ा हिस्सा आग में जलकर खाक हो गया था। पांडुलिपियाँ, किताबें और सालों की यादें रातों-रात मिट गईं।
इस नुकसान और अपनी जमीन छोड़ने के इस तजुर्बे ने खामोशी से उनकी शायरी को बदल दिया। इस हादसे के बाद उनकी शायरी में यादों के विषय अधिक मुखर हो उठे। फिर भी, यह बात काबिले-गौर है कि उन्होंने कभी भी कड़वाहट को अपनी शायरी पर हावी नहीं होने दिया। इसके विपरीत, उन्होंने क्रूरता का जवाब आत्म-चिंतन और करुणा से दिया।
वही ताज है वही तख़्त है वही ज़हर है वही जाम है
ये वही ख़ुदा की ज़मीन है ये वही बुतों का निज़ाम है
बड़े शौक़ से मिरा घर जला कोई आँच तुझ पे न आएगी
ये ज़बाँ किसी ने ख़रीद ली ये क़लम किसी का ग़ुलाम है
उनकी शायरी में अक्सर तबाही के बीच इंसानियत की तलाश करने वाले किसी व्यक्ति का दर्द झलकता था।
निदा फ़ाज़ली और राहत इंदौरी जैसे शायरों के साथ-साथ, बशीर बद्र ने आज़ादी के बाद के भारत में उर्दू शायरी के सार्वजनिक जीवन को फिर से परिभाषित करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अनावश्यक रूप से कठिन शब्दावली का प्रयोग करने से परहेज़ किया और इसके बजाय 'हिंदुस्तानी' भाषा के साझा भाषाई दायरे को अपनाया। इस खुलेपन ने ऐसे समय में उर्दू शायरी की पहुंच को और विस्तृत किया, जब यह भाषा स्वयं सांस्कृतिक और राजनीतिक रूप से हाशिए पर धकेली जा रही थी।
Published: undefined
विडंबना यह है कि डिजिटल युग ने उनकी विरासत को और भी अधिक विस्तार दिया है। आज, अनगिनत लोग ऑनलाइन बशीर बद्र के शेर साझा करते हैं — अक्सर इस बात का एहसास किए बिना कि वे आधुनिक भारत के महानतम उर्दू शायरों में से एक को पढ़ रहे हैं। उनके शेर इसलिए इतने लोकप्रिय हैं, क्योंकि वे आज भी सार्वभौमिक मानवीय भावनाओं को एक कालातीत स्पष्टता के साथ व्यक्त करते हैं।
उनका एक अत्यंत गहन शेर, विशेष रूप से आज के ऐसे युग में बेहद प्रासंगिक बना हुआ है, जो सत्ता और निकटता के प्रति अत्यधिक आसक्त है::
बड़े लोगों से मिलने में, हमेशा फासला रखना
जहां दरिया समंदर से मिला, दरिया नहीं रहता
अपने लंबे और प्रतिष्ठित साहित्यिक सफ़र के दौरान, बशीर बद्र को कई सम्मान मिले, जिनमें साहित्य अकादमी पुरस्कार और पद्म श्री शामिल हैं। उनके कविता संग्रह — जिनमें 'सुबह की पहली किरण', 'आस', 'बिसात' और 'उदासी' शामिल हैं — ये सभी समकालीन उर्दू साहित्य के मील के पत्थर बन गए। फिर भी, उनकी असली उपलब्धि को केवल पुरस्कारों से नहीं मापा जा सकता।
बशीर बद्र एक ऐसी चीज़ में सफल हुए जो कहीं ज़्यादा दुर्लभ है: वे लोगों की यादों का हिस्सा बन गए। उनकी शायरी लोगों के साथ प्यार, जुदाई, पलायन, बुढ़ापे, दुख और मेल-मिलाप के हर दौर में साथ रही। उनके शेर इसलिए ज़िंदा रहे, क्योंकि वे बिना किसी भावुकता के सुकून और बिना किसी अहंकार के ज्ञान देते थे।
बशीर बद्र भले ही चले गए हों, लेकिन उनकी शायरी इस उपमहाद्वीप की जज़्बाती जिंदगी में हमेशा बसी रहेगी— खामोशी से, नज़ाकत से, हमेशा के लिए।
(हसनैन नक़वी, सेंट ज़ेवियर्स कॉलेज, मुंबई में इतिहास विभाग के पूर्व सदस्य हैं।)
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined