शख्सियत

यादों में टुनटुनः संघर्ष के बीच गायिका बनने का सपना, फिर नौशाद की सलाह ने बदल दी जिंदगी, बन गईं कॉमेडी क्वीन

साल 1950 में आई फिल्म 'बाबुल' की शूटिंग के दौरान एक मजेदार घटना हुई। एक सीन के दौरान उमा देवी फिसलकर गिर गईं। तभी दिलीप कुमार ने मजाक में उन्हें 'टुनटुन' कहकर पुकारा। यही नाम आगे चलकर उनकी पहचान बन गया।

यादों में टुनटुनः संघर्ष के बीच गायिका बनने का सपना, फिर नौशाद की सलाह ने बदल दी जिंदगी, बन गईं कॉमेडी क्वीन
यादों में टुनटुनः संघर्ष के बीच गायिका बनने का सपना, फिर नौशाद की सलाह ने बदल दी जिंदगी, बन गईं कॉमेडी क्वीन फोटोः सोशल मीडिया

हिंदी सिनेमा की पहली महिला कॉमेडियन कही जाने वाली टुनटुन किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। अपने चेहरे के एक्सप्रेशन, बोलने के तरीके और शानदार कॉमिक टाइमिंग से वह लोगों को हंसने पर मजबूर कर देती थीं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि उन्होंने फिल्मी दुनिया में कदम एक गायिका बनने के सपने के साथ रखा था। लेकिन संगीतकार नौशाद की एक सलाह ने उनके करियर की दिशा बदल दी। उनकी जिंदगी में संघर्ष भी कम नहीं थे लेकिन हर मुश्किल का सामना करते हुए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।

माता-पिता के जाने से संघर्ष में बीता बचपन

टुनटुन का असली नाम उमा देवी खत्री था। उनका जन्म 11 जुलाई 1923 को उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में हुआ था। बचपन से ही उनकी जिंदगी में परेशानियों ने जगह बना ली थी। छोटी उम्र में ही उन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया। कुछ साल बाद उनके भाई का भी निधन हो गया। परिवार का सहारा छिनने के बाद उन्हें रिश्तेदारों के यहां रहना पड़ा। वहां भी उन्हें वह प्यार और सुविधाएं नहीं मिलीं, जिसकी एक बच्चे को जरूरत होती है।

गायिका बनने के लिए घर छोड़कर मुंबई पहुंच गईं

उमा देवी को बचपन से ही गाने का बहुत शौक था। उन्होंने संगीत की कोई औपचारिक शिक्षा नहीं ली थी, लेकिन रेडियो पर गाने सुनकर खुद ही उनका अभ्यास करती थीं। उनके मन में हमेशा से एक सपना था कि वह मुंबई जाएं और गायिका बनकर अपनी अलग पहचान बनाएं। इसी सपने को पूरा करने के लिए वह एक दिन घर छोड़कर मुंबई पहुंच गईं। वहां उन्होंने कई मुश्किलों का सामना किया, लेकिन हार नहीं मानी।

नौशाद ने दिया फिल्म में गाने का मौका

इसी बीच मुंबई में उनकी मुलाकात मशहूर संगीतकार नौशाद से हुई। उमा देवी ने उनसे गाने का मौका मांगा। नौशाद उनकी आवाज से प्रभावित हुए और उन्हें 1946 की फिल्म 'वामिक अजरा' में गाने का मौका मिला। इसके बाद फिल्म 'दर्द' में गाने का अवसर दिया। साल 1947 में रिलीज हुई इस फिल्म का गाना 'अफसाना लिख रही हूं' खूब लोकप्रिय हुआ। इस गाने का जादू ऐसा चला कि उमा देवी रातोंरात लोकप्रिय गायिका बन गईं।

नौशाद ने दी अभिनय में किस्मत आजमाने की सलाह

हालांकि, समय के साथ फिल्म संगीत की दुनिया बदलने लगी। नई गायिकाओं के आने से उमा देवी को पहले जैसे मौके मिलने बंद हो गए। इसी दौरान उनकी मुलाकात फिर से नौशाद से हुई। इस बार नौशाद ने उन्हें गायकी के बजाय अभिनय में किस्मत आजमाने की सलाह दी। शुरुआत में उमा देवी अभिनय को लेकर थोड़ी झिझक रही थीं, लेकिन उन्होंने एक शर्त रखी। वह चाहती थीं कि उनकी पहली फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार के साथ हो, क्योंकि वह उनकी बहुत बड़ी प्रशंसक थीं।

दिलीप कुमार और नरगिसर के साथ पहली फिल्म

नौशाद की दिलीप कुमार से अच्छी जान-पहचान थी। उनकी कोशिशों से उमा देवी को साल 1950 में आई फिल्म 'बाबुल' में दिलीप कुमार और नरगिस के साथ काम करने का मौका मिल गया। कहा जाता है कि इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान एक मजेदार घटना हुई। एक सीन के दौरान उमा देवी फिसलकर गिर गईं। तभी दिलीप कुमार ने मजाक में उन्हें 'टुनटुन' कहकर पुकारा। यही नाम आगे चलकर उनकी पहचान बन गया।

23 नवंबर 2003 को 80 साल की उम्र में निधन

इसके बाद टुनटुन ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। 'आर-पार', 'मिस्टर एंड मिसेज 55', 'प्यासा', 'कोहिनूर' और 'नमक हलाल' जैसी फिल्मों में उन्होंने अपनी कॉमेडी से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। करीब पांच दशक के करियर में उन्होंने लगभग 200 फिल्मों में काम किया। 23 नवंबर 2003 को टुनटुन ने 80 साल की उम्र में मुंबई में आखिरी सांस ली। वह भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनकी कॉमेडी और पर्दे पर हंसाने का अनोखा अंदाज आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए