शख्सियत

उस्ताद सुल्तान खानः पिया बसंती रे' से शास्त्रीय संगीत तक, सारंगी को संगत से निकालकर बनाया विश्व मंच का सितारा

उस्ताद सुल्तान खान सारंगी वादन के अलावा हिंदी सिनेमा में 'पिया बसंती रे' और 'अलबेला सजन आयो रे' जैसे मशहूर गीतों के लिए भी बेहद लोकप्रिय हुए। उन्होंने 'गांधी' और 'हम दिल दे चुके सनम' जैसी फिल्मों के लिए भी संगीत और वादन में योगदान दिया।

उस्ताद सुल्तान खानः पिया बसंती रे' से शास्त्रीय संगीत तक, सारंगी को संगत से निकालकर बनाया विश्व मंच का सितारा
उस्ताद सुल्तान खानः पिया बसंती रे' से शास्त्रीय संगीत तक, सारंगी को संगत से निकालकर बनाया विश्व मंच का सितारा फोटो- IANS

सारंगी की धुनों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने वाले देश के महान शास्त्रीय संगीतकार और गायक उस्ताद सुल्तान खान ने सारंगी को एकल वाद्य यंत्र के रूप में दुनियाभर में लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इससे पहले सारंगी को केवल साथ देने वाले वाद्य यंत्र के रूप में देखा जाता था, लेकिन उस्ताद सुल्तान खान ने इसे एक स्वतंत्र और शक्तिशाली एकल वाद्य बना दिया। इस योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित इस महान कलाकार को 'सारंगी का सुल्तान' कहा जाता है।

दादा और पिता ने बचपन से ही कठोर संगीत साधना दी

सुल्तान खान का जन्म 15 अप्रैल 1940 को राजस्थान के जोधपुर में सीकर घराने में हुआ था।सुल्तान खान को शास्त्रीय संगीत में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में उनके दादा उस्ताद अजीम खान और पिता उस्ताद गुलाब खान की भूमिका अहम रही, जिन्होंने बचपन से ही कठोर संगीत साधना सिखाई। महज 11 वर्ष की उम्र में उन्होंने अखिल भारतीय संगीत सम्मेलन में अपना पहला सोलो प्रदर्शन कर सबका ध्यान खींच लिया था।

सारंगी को एकल वाद्य यंत्र के रूप में लोकप्रिय बनाया

उस्ताद सुल्तान खान ने सारंगी को एकल वाद्य यंत्र के रूप में लोकप्रिय बनाने के साथ भारतीय शास्त्रीय संगीत को फ्यूजन व फिल्मी संगीत से भी जोड़ा। सुल्तान खान सारंगी को संगत के वाद्य से आगे बढ़ाकर सोलो कंसर्ट में स्थापित करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी वादन शैली में गायकी की मिठास और गहराई झलकती थी।

इसे भी पढ़ेंः यादों में मोहम्मद अजीजः अमिताभ बच्चन की बने आवाज, 'मर्द' से मिली पहचान, 'हम' और 'खुदा गवाह' ने किया मशहूर

हिंदी सिनेमा में 'पिया बसंती रे' गाकर हुए लोकप्रिय

उस्ताद सुल्तान खान, जाकिर हुसैन और बिल लैसवेल के साथ फ्यूजन ग्रुप 'तबला बीट साइंस' के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। उन्होंने पंडित रविशंकर और जॉर्ज हैरिसन जैसे कलाकारों के साथ भी प्रस्तुति दी थी। सारंगी वादन के अलावा वह हिंदी सिनेमा में 'पिया बसंती रे' और 'अलबेला सजन आयो रे' जैसे गीतों के लिए भी बेहद लोकप्रिय हुए। उन्होंने 'गांधी' और 'हम दिल दे चुके सनम' जैसी फिल्मों के लिए भी संगीत और वादन में योगदान दिया।

इसे भी पढ़ेंः यादों में मुनव्वर राणाः कभी पिता ने भेजा था मजदूरी करने, आगे चलकर मां पर ऐसा लिखा कि दुनिया में हो गए मशहूर

27 नवंबर 2011 को मुंबई में निधन हुआ

कला के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान के लिए भारत सरकार ने 2010 में उस्ताद सुल्तान खान को देश का तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया। इसके अलावा, उन्हें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से भी नवाजा गया। 27 नवंबर 2011 को एक युग का अंत हुआ और उस्ताद सुल्तान खान का निधन मुंबई में हो गया, लेकिन आज उनकी विरासत को उनके बेटे साबिर खान आगे बढ़ा रहे हैं। साबिर खान ने 'दंगल' और 'जोधा अकबर' जैसी फिल्मों में संगीत दिया है।

इसे भी पढ़ेंः बर्थडे विशेषः सुबह बैंक में ड्यूटी, शाम को पेंटिंग और थिएटर, अमोल पालेकर की हीरो बनने की दिलचस्प कहानी

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए