
निशांत को मुख्यमंत्री के सुरक्षाकर्मी द्वारा धक्का देकर रोके जाने से जेडीयू नाराज
जेडीयू ने नाराजगी जताते हुए पुलिस मुख्यालय से मामले की जांच की मांग की
जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने इस घटना को 'दुखद और पीड़ादायक' बताया
बिहार पुलिस के विशेष सुरक्षा समूह ने इस घटना को मानवीय चूक बताया
बिहार के वैशाली जिले में निरीक्षण के दौरान बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास जाने की कोशिश करते समय सुरक्षाकर्मियों द्वारा धक्का देकर रोके जाने का वीडियो सामने आने के बाद राज्य में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। जेडीयू ने इस पर नाराजगी जताते हुए पुलिस मुख्यालय से इस मामले की जांच कराने की मांग की है।
यह घटना बुधवार को तब हुई जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने कैबिनेट के कई सहयोगियों के साथ वैशाली पहुंचे। वे वहां 'कच्ची दरगाह-बिदूपुर' छह-लेन पुल (जिसे अब 'नीतीश सेतु' नाम दिया गया है) का निरीक्षण करने और 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे की तैयारियों का जायजा लेने गए थे। मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सीएम सम्राट चौधरी अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ आगे चलते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके पीछे आ रहे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार जैसे ही उनके पीछे जाने की कोशिश करते हैं, तभी सीएम के सुरक्षा गार्ड ने उन्हें धक्का देकर रोक दिया। इसके बाद निशांत पीछे हट गए।
निशांत को सुरक्षाकर्मी द्वारा रोके जाने की घटना ने बिहार में राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। जेडीयू ने स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुए इस बर्ताव पर नाराजगी जताई है। जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार ने इस घटना को 'दुखद और पीड़ादायक' बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय को इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई शुरू करनी चाहिए और पता लगाना चाहिए कि क्या यह जानबूझकर किया गया था।
नीरज कुमार ने बताया कि निशांत कुमार वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए ही वे मुख्यमंत्री के साथ गए थे। सुरक्षाकर्मियों के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए नीरज कुमार ने कहा कि निशांत कुमार की सुरक्षा व्यवस्था उनके आधिकारिक प्रोटोकॉल के अनुसार तय होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस मुख्यालय से जांच करने को कहा कि क्या गार्ड ने जानबूझकर मंत्री को रोका था, या फिर इस घटना के पीछे कोई और वजह थी।
इसे भी पढ़ेंः 'जेडीयू अब जनता दल 'डिवाइडेड' हो गई है', तेजस्वी फिर बोले- बीजेपी नीतीश की पार्टी को खत्म करना चाहती है
जब उनसे पूछा गया कि क्या निशांत कुमार का अपमान हुआ है तो नीरज कुमार ने कहा कि उनका कद इतना बड़ा है कि कोई उन्हें अपमानित नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार अपनी शालीनता, सादगी और लोकप्रियता के लिए जाने जाते हैं और कोई भी उनका अनादर नहीं कर सकता। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का सम्मान किया जाना चाहिए और सभी के लिए इसका पालन होना चाहिए। उन्होंने सम्राट चौधरी और निशांत कुमार के बीच के संबंधों को मजबूत बताया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि इस घटना को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
हालांकि, जेडीयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री अशोक चौधरी इस घटना को तूल देने से बचने की कोशिश करते नजर आए। वह निशांत के पिता और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के करीबी माने जाते हैं। चौधरी ने कहा, “सुरक्षाकर्मी ने शायद निशांत को देखा नहीं होगा। उसने जानबूझकर उन्हें धक्का नहीं दिया होगा। मेरा मानना है कि कोई भी सुरक्षाकर्मी जानबूझकर निशांत या किसी अन्य मंत्री के साथ ऐसा व्यवहार नहीं करेगा।”
इधर इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। तेजस्वी ने कहा, “किसने किसे धक्का दिया, मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।” बाद में तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद उनके बेटे निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया, “जेडीयू के कुछ नेताओं ने नीतीश कुमार की कमजोर मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर बीजेपी के साथ गठबंधन किया और मंत्री पद के रूप में व्यक्तिगत लाभ हासिल किए। नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बाद निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए था।”
इस बीच, मुख्यमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले बिहार पुलिस के विशेष सुरक्षा समूह (एसएसजी) ने इस घटना को मानवीय चूक बताया है। एसएसजी ने एक बयान में कहा कि जांच में पता चला है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते समय उसके कर्मियों से मानवीय चूक के कारण यह घटना हुई। एसएसजी ने यह भी कहा कि कुछ महीने पहले तक उसने करीब दो दशक तक निशांत कुमार को सुरक्षा मुहैया कराई थी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए