
भारत के अगले राष्ट्रपति के चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा होते ही इसे लेकर बिहार में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। बिहार सरकार में मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार के नीतीश कुमार को राष्ट्रपति प्रत्याशी बनाए जाने की बात कहने से इसे लेकर बहस शुरू हो गई है। इस बीच आरजेडी ने भी नीतीश के राष्ट्रपति प्रत्याशी बनने को लेकर शुभकामनाएं दे दी है।
आरजेडी के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि नीतीश कुमार वरिष्ठ नेता हैं और अनुभवी भी हैं। अगर, बिहार का कोई भी व्यक्ति राष्ट्रपति बनता है तो बिहार के लोगों को खुशी होगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को भी शुभकामनाएं है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी कार्यकर्ता अपने नेता को प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति बनते देखना चाहता है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल है कि नीतीश कुमार राष्ट्रपति बनेंगे कैसे।
दरअसल बिहार की नीतीश सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री बनने की पूरी काबिलियत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विजन और सोच राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर का है। अगर नीतीश कुमार राष्ट्रपति बनते हैं तो हर बिहारी को इसमें खुशी होगी।
इस मामले को लेकर जब बीजेपी से सवाल किया गया तो बिहार के कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार अनुभवी नेता हैं और जानकार भी हैं, इसे कोई नकार नहीं सकता। हालांकि उन्होंने कहा, वैसे भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लाखों लोग है जिनमें प्रतिभा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति को लेकर सामूहिक निर्णय की बात है। एनडीए को राष्ट्रपति प्रत्याशी तय करना है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए