
बिहार में बुधवार को इस तरह की अटकलों से राजनीतिक हलचल तेज हो गई कि जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्य में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद संभालने वाले नीतीश कुमार राज्यसभा जा सकते हैं। ऐसी चर्चा है कि इससे बीजेपी को मुख्यमंत्री पद मिल सकता है और नीतीश कुमार के पुत्र निशांत को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।हालांकि, केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ बीजपी नेता गिरिराज सिंह ने इन अटकलों को खारिज करते हुए इसे ‘होली का मजाक’ बताया और कहा, ‘‘नीतीश कुमार जी ही मुख्यमंत्री हैं।’’
Published: undefined
इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा चुनाव के लिए संभवतः गुरुवार को पटना में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि राज्य में नया मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। सूत्रों ने कहा कि जेडीयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे, और इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के एक सूत्र ने ‘पीटीआई’ से कहा, "जेडीयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्यसभा चुनाव के लिए गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे।” जब यह पूछा गया कि क्या कुमार बिहार के मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा देंगे, तो सूत्र ने कहा कि यह समय आने पर पता चलेगा।
Published: undefined
राज्य में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि गुरुवार है। बीजेपी ने अपने दो उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं, जिनमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का नाम शामिल हैं। वहीं, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी उपेंद्र कुशवाहा को लगातार दूसरी बार राज्यसभा भेजे जाने की पुष्टि हो चुकी है। दूसरी ओर जेडीयू ने अभी तक अपने उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
इस महीने की शुरुआत में अपना 75वां जन्मदिन मनाने वाले नीतीश कुमार को जेडीयू की ओर से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चाएं उस समय सामने आईं जब एक दिन पहले ही पार्टी ने घोषणा की थी कि उनके पुत्र निशांत राजनीति में प्रवेश करेंगे। इससे पहले यह भी अटकलें लगाई जा रही थीं कि निशांत को सीधे राज्यसभा भेजा जा सकता है, जो करीब 40 वर्ष के हैं और अभी तक औपचारिक रूप से जेडीयू में शामिल नहीं हुए हैं।
Published: undefined
हालांकि नामांकन की प्रक्रिया समाप्त होने में 20 घंटे से भी कम समय शेष रहने के बीच कई मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि 2005 से राज्य की सत्ता संभाल रहे मुख्यमंत्री राज्यसभा के रास्ते ‘‘सम्मानजनक विदाई’’ ले सकते हैं। इन अपुष्ट रिपोर्ट के अनुसार बीजेपी, जो चुनावों में जेडीयू से बेहतर प्रदर्शन कर रही है, इस हिंदीभाषी राज्य में अपना मुख्यमंत्री बना सकती है जहां अब तक उसे सर्वोच्च पद नहीं मिला है। इन रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि समझौते के तहत नीतीश कुमार अपने पुत्र के लिए उपमुख्यमंत्री पद पर सहमति जता सकते हैं।
Published: undefined
वहीं जेडीयू के विधान परिषद सदस्य संजय कुमार ने भी इन अटकलों पर आश्चर्य जताया। संजय ने कहा, ‘‘पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार कौन होंगे, इसकी हमें कोई जानकारी नहीं है। यह माना जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर अपनी सीट बरकरार रख सकते हैं, लेकिन यह भी आधिकारिक नहीं है। दूसरी सीट के बारे में फैसला मुख्यमंत्री को करना है, जो आखिरी समय में अपने पत्ते खोलने के लिए जाने जाते हैं। मीडिया में चल रही खबरों पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।’’
Published: undefined