
केंद्र मेंं सत्तारूढ़ एनडीए सरकार में शामिल जेडीएस ने कर्नाटक में बीजेपी को बड़ा झटका दे दिया है। दरअसल केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और कांग्रेस सरकार के खिलाफ बीजेपी की हफ्ते भर चलने वाली पदयात्रा का समर्थन नहीं करने का ऐलान किया है।
केंद्रीय मंत्री और जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी ने बुधवार को मीडियाकर्मियों से कहा, "हम बीजेपी की हफ्ते भर चलने वाली पदयात्रा का समर्थन नहीं करेंगे। हम नैतिक समर्थन भी नहीं देंगे। हम इस मार्च का समर्थन नहीं करते हैं, क्योंकि जेडी-एस से सलाह नहीं ली गई। मंगलवार की बैठक में हमारी कोर कमेटी ने मार्च का समर्थन नहीं करने का फैसला किया है।"
उन्होंने आगे कहा कि भारी बारिश के कारण केरल में सैकड़ों लोगों की जान खतरे में पड़ गई है। जो लोग राज्य छोड़ कर चले गए हैं, उन्हें वापस लौटने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मार्च को लेकर बीजेपी अपने फैसले खुद ले रही है। केरल के हालात को देखते हुए इस समय मार्च निकालना उचित नहीं है। प्रभावित लोगों की भावनाएं महत्वपूर्ण हैं। इसलिए हम मार्च में हिस्सा नहीं लेंगे।"
एचडी कुमारस्वामी ने एक तरह से बीजेपी को नसीहत देते हुए कहा कि यह ऐसा समय है जब सभी को कृषि गतिविधियों में शामिल होना चाहिए। जेडीएस का यह फैसला बीजेपी के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि कर्नाटक बीजेपी ने 3 अगस्त से 10 अगस्त तक कांग्रेस की सिद्दारमैया सरकार के खिलाफ पैदल मार्च निकालने की घोषणा की है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए