सोशल वायरल

मुजफ्फरनगरः बेघर अंकित और उसके कुत्ते को जल्द मिल सकता है परिवार, फोटो वायरल होने पर कई लोग आगे आए

फोटो वायरल होने के बाद मुजफ्फरनगर एसएसपी ने लड़के को खोजा और उसे अपनी देखरेख में ले लिया, जिसके बाद बाल और महिला कल्याण विभाग ने बच्चे को अपनी निगरानी में ले लिया है। करीब 9 साल के अंकित की अभी काउंसलिंग की जा रही है और उसे मुख्यधारा में लाने का प्रयास हो रहा है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS 

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में फुटपाथ पर जिंदगी गुजार रहे बेघर बच्चे अंकित और उसके कुत्ते की कहानी सामने आने के बाद कई परिवार बच्चे को गोद लेने के लिए आगे आए हैं। हाल में अंकित तब चर्चा में आया, जब किसी ने उसकी फोटो खींच कर सोशल मीडिया पर डाल दिया। तस्वीर में वह अपने कुत्ते के साथ कंबल ओढ़कर फुटपाथ पर सो रहा था।

इस फोटो के वायरल होने के बाद मुजफ्फरनगर एसएसपी ने लड़के को खोजवाया और उसे अपनी देखरेख में ले लिया। इसकी जानकारी मिलने के बाद बाल और महिला कल्याण विभाग ने बच्चे को अपनी निगरानी में ले लिया है। करीब नौ साल की उम्र वाले अंकित की बाल कल्याण समिति द्वारा काउंसलिंग की जा रही है और प्रशासन उसे मुख्यधारा में लाने के लिए सभी प्रयास कर रहा है।

बाल और महिला कल्याण विभाग के मुख्य अधिकारी मोहम्मद मुशफकेन ने कहा, "बच्चे के जिला पुलिस की देखरेख में होने की जानकारी मिलने के बाद हम उसे अपनी निगरानी में ले आए हैं। वह अब एक आश्रय गृह में रह रहा है और काउंसलिंग की जा रही है। कुछ परिवारों ने हमसे संपर्क किया है और बच्चे को गोद लेने की इच्छा जताई है। हम उन्हें सरकार की नीति के तहत किसी ऐसे परिवार को दे सकते हैं, जिसे पालक देखभाल कहा जाता है, लेकिन सबसे पहले हमें उनके परिवार का पता लगाना होगा।"

इस बीच पुलिस विभाग उसे मॉडर्न पुलिस स्कूल में भर्ती करने की योजना बना रहा है, क्योंकि निजी संस्थान उस लड़के को स्कूल में प्रवेश देने के लिए अनिच्छुक हैं। अंकित कभी स्कूल नहीं गया है। मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिषेक यादव ने एसएचओ अनिल कपरवान से कहा है कि अगर कोई उनकी मदद के लिए नहीं आता है, तो वह लड़के को मॉर्डन पुलिस स्कूल में भेज देंगे।

अंकित को यह याद नहीं है कि वह कहां से ताल्लुक रखता है, सिवाय इस बात के कि उसके पिता जेल में हैं और उसकी मां ने उसे छोड़ दिया है। वह चाय के स्टालों पर काम करके और गुब्बारे बेचकर अपना गुजारा कर रहा था। वह अपने दोस्त डैनी के साथ फुटपाथ पर सोता है। डैनी एक कुत्ता है, जो हमेशा अंकित के साथ रहता है। वह अपनी कमाई का इस्तेमाल खुद और अपने पालतू कुत्ते को खिलाने के लिए करता है।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए