खेल

खेल: गावस्कर की इस बात को मान गए अभिषेक तो खेलेंगे बड़ी पारी और ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे महिला टी20 में भारत को हराया

अभिषेक शर्मा ने टूर्नामेंट में अभी तक जो तीन मैच खेले हैं उनमें वह खाता खोलने में नाकाम रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया ने बृहस्पतिवार को दूसरे महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत को 19 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली।

फोटो: IANS
फोटो: IANS PRAVIN INDREKAR

गावस्कर की अभिषेक को सलाह, पारी के शुरू में ‘एक्रॉस द लाइन’ शॉट खेलने से बचें

दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर का मानना ​​है कि अभिषेक शर्मा मौजूदा टी20 विश्व कप में उम्मीदों के दबाव से जूझ रहे हैं और वह चाहते हैं कि यह आक्रामक सलामी बल्लेबाज अपनी पारी की शुरुआत में ‘एक्रॉस द लाइन’ शॉट खेलने से बचे।

अभिषेक ने टूर्नामेंट में अभी तक जो तीन मैच खेले हैं उनमें वह खाता खोलने में नाकाम रहे हैं। अमेरिका, पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ वह शुरू में ही आउट हो गए थे।

गावस्कर ने स्टार स्पोर्टस से कहा,‘‘अभिषेक शर्मा बहुत ही अच्छे इंसान हैं, लेकिन उन पर उम्मीदों का बोझ साफ दिख रहा है। अगर उन्होंने अमेरिका के खिलाफ अच्छी शुरुआत की होती तो बात कुछ और होती। अब बड़े छक्के लगाने वाला शीर्ष बल्लेबाज होने का दबाव उन पर साफ दिख रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अपनी बल्लेबाजी क्षमता को देखते हुए उन्हें क्रीज पर समय बिताना होगा। उन्हें अपनी पारी की पहली ही गेंद पर चौका या छक्का लगाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। अगर बड़े शॉट खेलने का मन करे तो ठीक है। लेकिन उन्हें ‘एक्रॉस द लाइन’ शॉट खेलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।’’

गावस्कर ने कहा कि इस 25 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज को अपनी पारी की शुरुआत में समझदारी से क्रिकेट खेलने की जरूरत है।

Published: undefined

होप और जोसेफ के कमाल से वेस्टइंडीज की इटली पर आसान जीत

कप्तान शाई होप के आकर्षक अर्धशतक तथा तेज गेंदबाज शामार जोसेफ के चार विकेट और चार कैच की मदद से वेस्टइंडीज ने गुरुवार को यहां इटली को 42 रन से हराकर टी20 विश्व कप के ग्रुप सी में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा।

वेस्टइंडीज के बल्लेबाज अनुकूल दिख रही पिच पर इटली के स्पिनरों के सामने खुलकर नहीं खेल पाए लेकिन उसने होप (46 गेंद पर 75 रन) के अर्धशतक की बदौलत छह विकेट पर 165 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया।

इसके जवाब में इटली की टीम 18 ओवर में 123 रन पर आउट हो गई। उसका कोई भी बल्लेबाज 30 रन की संख्या तक नहीं पहुंच पाया। वेस्टइंडीज की तरफ से जोसेफ ने 30 रन देकर चार विकेट लिए। उन्होंने चार कैच भी लपके और इस तरह से वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक मैच में चार विकेट और चार कैच लेने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

वेस्टइंडीज ने इस तरह से अपना अजय अभियान जारी रखा और ग्रुप सी में शीर्ष पर रहते हुए सुपर आठ में जगह बनाई जहां उसका सामना भारत, दक्षिण अफ्रीका और जिंबॉब्वे से होगा। इटली ने चार मैच में एक जीत के साथ अपने अभियान का समापन किया। ग्रुप सी से सुपर आठ में जगह बनाने वाली दूसरी टीम इंग्लैंड है।

होप की पारी में छह चौके और चार छक्के शामिल हैं। उनके अलावा रोस्टन चेज (25 गेंद पर 24), शेरफेन रदरफोर्ड (15 गेंद पर नाबाद 24) और मैथ्यू फोर्डे (आठ गेंद पर नाबाद 16) ही कुछ उपयोगी योगदान दे पाये।

Published: undefined

पाक हॉकी विवाद : कप्तान बट पर प्रतिबंध के बाद पीएचएफ प्रमुख का इस्तीफा

 पाकिस्तान हॉकी में चल रहा संकट बृहस्पतिवार को गहरा गया जब आस्ट्रेलिया दौरे की व्यवस्था में कुप्रबंधन के कारण खिलाड़ियों के सड़क पर रहने को लेकर पीएचएफ की आलोचना करने वाले कप्तान अम्माद शकील पर दो साल का प्रतिबंध लगाने के बाद महासंघ के अध्यक्ष तारिक बुगती ने पद से इस्तीफा दे दिया ।

बुगती ने कहा कि उन्होंने पीएचएफ के मुख्य संरक्षक प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को इस्तीफा भेज दिया है ।

उन्होंने कहा ,‘‘ मैने प्रधानमंत्री को इस्तीफा भेज दिया है लेकिन उनसे और फील्ड मार्शल असीम मुनीर से आस्ट्रेलिया में प्रो लीग के दौरान हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह भी किया है ।’’

उन्होंने कहा कि अध्यक्ष के रूप में उन्होंने आखिरी कार्रवाई के तौर पर राष्ट्रीय टीम के कप्तान अम्माद शकील बट पर दो साल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खेलने पर प्रतिबंध लगाया जिनकी बयानबाजी से पाकिस्तान हॉकी की छवि खराब हुई ।

Published: undefined

ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत को 19 रन से हराया

ऑस्ट्रेलिया ने बृहस्पतिवार को दूसरे महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत को 19 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली।

जॉर्जिया वोल (88) और बेथ मूनी (46) की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट पर 163 रन बनाए।

जवाब में भारतीय टीम नौ विकेट पर 144 रन ही बना सकी जिसमें कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36, स्मृति मंधाना ने 31 और शेफाली वर्मा ने 29 रन का योगदान दिया।

ऑस्ट्रेलिया के लिए एश्ले गार्डनर ने तीन विकेट जबकि किम गार्थ, सोफी मोलिनू और अनाबेल सदरलैंड ने दो-दो विकेट लिए।

Published: undefined

कर्नाटक रणजी ट्रॉफी के फाइनल में, जम्मू-कश्मीर से भिड़ेगा

 कर्नाटक ने बृहस्पतिवार को उत्तराखंड के खिलाफ ड्रॉ हुए सेमीफाइनल मैच में पहली पारी की बढ़त के आधार पर 11 साल के अंतराल के बाद रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाई।

कर्नाटक 24 फरवरी से हुबली में होने वाले फाइनल में जम्मू-कश्मीर से भिड़ेगा।

कर्नाटक ने पांचवें और आखिरी दिन छह विकेट पर 299 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और बाकी बचे चार विकेट जल्दी गंवा दिए। इससे पूरी टीम 323 रन पर आउट हो गई और उसकी कुल बढ़त 826 रन हो गई।

उत्तराखंड ने अवनीश सुधा (66), सचिन रावत (नाबाद 53) और अभय नेगी (नाबाद 57) की अर्धशतकों की मदद से कर्नाटक की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इससे टीम ने दूसरी पारी छह विकेट पर 260 रन पर खत्म की।

हालांकि पहली पारी की बड़ी बढ़त कर्नाटक के लिए फाइनल में पहुंचने के लिए काफी थी।

पीटीआई के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined