खेल

खेल: अजिंक्य रहाणे की नई पारी श्रीलंका टेस्ट सीरीज से होगी शुरू और श्रीलंका ने किया 16 सदस्यीय टेस्ट टीम का ऐलान

भारत के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए बुधवार को श्रीलंका क्रिकेट ने 16 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। भारत के पूर्व बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे श्रीलंका में होने वाली दो मैचों की श्रृंखला से टेस्ट कमेंट्री में पदार्पण करेंगे।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

भारत से भिड़ने के लिए श्रीलंका ने किया 16 सदस्यीय टेस्ट टीम का ऐलान, मेंडिस-निसांका पहले टेस्ट से बाहर

भारत के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए बुधवार को श्रीलंका क्रिकेट ने 16 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। चोट के चलते कुशल मेंडिस और पाथुम निसांका सीरीज के पहले टेस्ट में टीम का हिस्सा नहीं होंगे।

16 सदस्यीय टीम की कमान ऑलराउंडर धनंजय डी सिल्वा को सौंपी गई है। सीरीज का पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। मेंडिस को 19 जुलाई को कोलंबो के एसएससी ग्राउंड पर लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) मैच के दौरान कैंडी रॉयल्स के खिलाफ कोलंबो कैप्स के लिए रन लेते समय दाहिने हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी और वह नेशनल हाई परफॉर्मेंस सेंटर में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं। चयनकर्ताओं ने अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज निरोशन डिकवेला को वापस बुलाया है, जिन्होंने आखिरी बार 2023 में टेस्ट मैच खेला था। बाएं हाथ के बल्लेबाज डिकवेला के पास 54 टेस्ट खेलने का अनुभव है, जिसके कारण उन्हें अंजला बंदारा पर प्राथमिकता दी गई है। बंदारा ने कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड पर भारत के खिलाफ वार्मअप मैच में हिस्सा लिया था।

श्रीलंका टीम: धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), कामिंदु मेंडिस (उपकप्तान), लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, दिनेश चंडीमल, पसिंदु सोरियाबंदरा, सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, केशरा नुवांथा, मिलन रथनायके, असिथा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा, विश्वा फर्नांडो और दिलशान मदुशंका।

भारत-श्रीलंका श्रृंखला के दौरान टेस्ट कमेंट्री में पदार्पण करेंगे रहाणे

भारत के पूर्व बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे श्रीलंका में होने वाली दो मैचों की श्रृंखला से टेस्ट कमेंट्री में पदार्पण करेंगे।

उन्हें 15 अगस्त को गॉल में शुरू होने वाली श्रृंखला के लिए सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के कमेंट्री पैनल में शामिल किया गया है।

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद लगभग 18 वर्षों तक चले अपने शानदार खेल करियर को हाल में अलविदा कहने वाले 37 वर्षीय रहाणे अब कमेंटेटर के रूप में नई भूमिका में नजर आएंगे।

रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट मैच में 38.46 के औसत से 5,077 रन बनाए, जिनमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट श्रृंखला जीती थी।

रहाणे ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘मैं सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव पर भारत के श्रीलंका दौरे के दौरान टेस्ट कमेंट्री की शुरुआत करने को लेकर उत्साहित हूं। टेस्ट क्रिकेट हमारे खेल का चरम बिंदु है और इतने वर्षों तक इस प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद अब खेल को एक अलग दृष्टिकोण से देखना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।’’

घरेलू धरती पर वनडे विश्व कप जीतकर क्रिकेट को अलविदा कहना चाहते हैं मिलर

 दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज डेविड मिलर अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप को जीतकर अपने करियर का शानदार अंत करना चाहते हैं और उन्हें उम्मीद है कि उनकी टीम घरेलू प्रशंसकों के सामने यह उपलब्धि हासिल करने में सफल रहेगी।

यह टूर्नामेंट अगले साल अक्टूबर-नवंबर में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा।

आईपीएल सहित कई घरेलू फ्रेंचाइजी लीग में खेल चुके 37 वर्षीय मिलर ने यह भी कहा कि उन्हें मध्य क्रम के बल्लेबाज के रूप में अपनी भूमिका पर गर्व है।

सीमित ओवरों के क्रिकेट के विशेषज्ञ मिलर ने जिओ स्टार से कहा, ‘‘मैं 2027 विश्व कप के लिए बहुत उत्सुक हूं। मेरे लिए, यह एक ऐसा लक्ष्य है जिसे मैं हासिल करना चाहता हूं। मैं अपने करियर के आखिर में एक ट्रॉफी जीतना चाहता हूं।’’

दक्षिण अफ्रीका की तरफ से 178 वनडे खेल चुके मिलर ने कहा, ‘‘इसलिए, मेरे लिए यह एक लक्ष्य है कि मैं उस विश्व कप टीम का हिस्सा बनना चाहूंगा। यह ऐसी चीज नहीं है जिसकी कोई गारंटी हो, इसलिए मैं टीम में अपनी जगह बनाए रखने और अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने पर ध्यान केंद्रित करूंगा।’’

बेतरतीब द्विपक्षीय श्रृंखला का दौर खत्म, टेस्ट और वनडे में नए बदलाव जरूरी: आईसीसी सीईओ

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) संजोग गुप्ता ने कहा है कि बिना किसी स्पष्ट उद्देश्य और संदर्भ के आयोजित की जाने वाली द्विपक्षीय क्रिकेट श्रृंखलाओं का दौर अब समाप्त हो चुका है लेकिन लंबे समय से बहस के केंद्र में रहा वनडे प्रारूप का भविष्य मजबूत है क्योंकि उसका अस्तित्व विश्व कप से जुड़ा हुआ है।

खेल कारोबार के अनुभवी विशेषज्ञ संजोग गुप्ता ने पिछले वर्ष जुलाई में आईसीसी के सीईओ का पद संभाला था।

ऐसे समय में जब दुनिया भर में टी20 लीगों के तेजी से विस्तार के बीच टेस्ट और वनडे क्रिकेट के भविष्य को लेकर लगातार बहस छिड़ी हुई है, उन्होंने इन दोनों पारंपरिक प्रारूपों के भविष्य और उनकी प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे।

गुप्ता ने पीटीआई को दिये साक्षात्कार में कहा, ‘‘बिना किसी उद्देश्य और संदर्भ के आयोजित की जाने वाली द्विपक्षीय क्रिकेट श्रृंखलाओं का दौर अब समाप्त होना चाहिए। क्रिकेट में अगर संदर्भ, परंपरा, प्रतिस्पर्धा और प्रतिस्पर्धात्मक गुणवत्ता नहीं होगी, तो देश इस खेल को लंबे समय तक टिकाऊ नहीं बना पाएंगे। इन सभी पहलुओं के लिए वित्तीय और गैर-वित्तीय, दोनों प्रकार के संसाधनों में पर्याप्त निवेश की आवश्यकता होती है।’’

क्रिस्टियानो रोनाल्डो और जॉर्जिना रोड्रिगेज ने 10 साल साथ में रहने के बाद शादी की

क्रिस्टियानो रोनाल्डो और जॉर्जिना रोड्रिगेज अब पति-पत्नी हैं।

पुर्तगाल के फुटबॉल स्टार का प्रतिनिधित्व करने वाली जनसंपर्क टीम ब्रंसविक ग्रुप ने मंगलवार को रोनाल्डो और जॉर्जिना की शादी की घोषणा करते हुए इसे ‘‘एक निजी और अंतरंग क्षण’’ बताया।

ब्रंसविक ग्रुप के अनुसार विवाह समारोह पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन के पास पश्चिमी पुर्तगाल के एक तटीय शहर कैस्केस में आयोजित किया गया था, जिसमें उनके पांच बच्चे शामिल थे।

इस जोड़े ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी अंगूठियों की तस्वीर पोस्ट की।

रोनाल्डो और जॉर्जिना की पहली मुलाकात मैड्रिड में हुई थी और वह पिछले 10 साल से साथ में थे।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए