खेल

खेल: आखिरी विकेट लेने में देरी पर अर्शदीप ने जताया अफसोस और रोहित के 'रन-आउट' ने बदल दिया मैच का रुख

अर्शदीप सिंह ने कहा है कि न्यूजीलैंड की पारी के आखिरी ओवरों में विकेट लेने की कोशिश में हम थोड़े लालची हो गए थे। कप्तान शुभमन गिल ने बुधवार को ईडन पार्क में मिली जीत का श्रेय अपनी टीम की अनुशासित गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग को दिया।

आखिरी विकेट लेने में देरी पर अर्शदीप ने जताया अफसोस  (Photo: X/BCCI)
आखिरी विकेट लेने में देरी पर अर्शदीप ने जताया अफसोस (Photo: X/BCCI) 

रोहित भाई के उस 'रन-आउट' ने मैच का रुख बदल दिया: कप्तान गिल

भारत ने बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ बारिश से प्रभावित मुकाबले में 5 विकेट से जीत हासिल की। कप्तान शुभमन गिल ने बुधवार को ईडन पार्क में मिली जीत का श्रेय अपनी टीम की अनुशासित गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग को दिया। 

उन्होंने खास तौर पर रोहित शर्मा द्वारा डेरिल मिशेल को रन-आउट करने के पल का जिक्र किया। गिल ने कहा कि यह विकेट मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ, क्योंकि उस समय मिशेल और ग्लेन फिलिप्स की साझेदारी से न्यूजीलैंड मैच में वापसी करने की स्थिति में दिख रहा था।

टीम के प्रदर्शन को लेकर गिल ने बताया कि कैसे भारत की फील्डिंग ने गेंदबाजी का बखूबी साथ दिया, और रोहित की शानदार फील्डिंग ने न्यूजीलैंड के प्रतिरोध को तोड़ने में मदद की।

 गिल ने कहा, "हमारी गेंदबाजी बहुत अच्छी रही। हमारी फील्डिंग भी काफी शानदार थी। रोहित भाई के उस रन-आउट ने मैच का रुख ही बदल दिया। मिशेल और फिलिप्स की साझेदारी काफी खतरनाक लग रही थी - हमने भारत में भी देखा था कि उन दोनों ने कितनी अच्छी बल्लेबाजी की थी। कुल मिलाकर, यह हमारी टीम का बहुत अच्छा प्रदर्शन रहा।"

आखिरी विकेट लेने में देरी पर अर्शदीप ने जताया अफसोस, कहा- हम थोड़े लालची हो गए

भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कहा है कि बुधवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क में पहले वनडे में न्यूजीलैंड की पारी के आखिरी ओवरों में विकेट लेने की कोशिश में हम थोड़े लालची हो गए थे। 

भारत की तरफ से अर्शदीप ने 4 विकेट लिए, जबकि गुरनूर बरार ने 3 विकेट लिए। अंशुल कंबोज को 2 विकेट मिला।

न्यूजीलैंड की पारी के आखिरी ओवरों को याद करते हुए अर्शदीप ने ब्रॉडकास्टर्स से कहा, "मैं कहूंगा कि हम थोड़े लालची हो रहे थे। हमें बस पूरी पारी में जो कर रहे थे, उसे जारी रखना था, और विकेट मिल जाता।"

उन्होंने कहा, "यहां का मौसम अच्छा है और यहां से गेंदबाजी करना अच्छा लगता है। सबकॉन्टिनेंट से आने के बाद, जब आपको विकेट में जान मिलती है, तो यहां गेंदबाजी करना हमेशा अच्छा लगता है। हवा भी मदद कर रही है।"

उन्होंने कहा, "मुझे लगा कि विकेट में कुछ है, इसलिए हम बस सीम पर जोर से हिट करने और गेंदबाजी करने की कोशिश कर रहे थे। वे उस लेंथ के कुछ शॉट आजमा रहे थे, इसलिए हमें विकेट मिले।"

इस तरह की परिस्थितियों के लिए ही बना है अंशुल कंबोज: गिल

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में अंशुल कंबोज के शानदार प्रदर्शन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यहां की परिस्थितियां इस तेज गेंदबाज के बेहद अनुकूल हैं।

कंबोज ने उछाल भरी विकेट पर बादल छाए रहने की स्थिति में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में 22 रन देकर दो विकेट लिए और न्यूजीलैंड को 185 रन पर आउट करने में अहम भूमिका निभाई।

भारत ने पहला वनडे जीतकर पांच मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

गिल ने मैच के बाद कहा, ‘‘अंशुल जिस तरह का गेंदबाज है उसे देखते हुए मुझे लगता है कि वह इन परिस्थितियों के लिए बिल्कुल उपयुक्त गेंदबाज है। वह हमेशा तेज गेंदबाजी करता है, गेंद को सीम कराने की कोशिश करता है और पुरानी गेंद से भी अच्छी गेंदबाजी करता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें लगा कि जब विकेट से ज्यादा मदद नहीं मिल रही हो तो वह अतिरिक्त उछाल पैदा कर सकता है और उसने आज जिस तरह से गेंदबाजी की उसे देखना वास्तव में शानदार था।’’

गिल ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर तारीफ की। कंबोज के अलावा अर्शदीप सिंह ने चार और गुरनूर बराड़ ने तीन विकेट लिए। गिल ने विराट कोहली के एक हाथ से पकड़े गए कैच और रोहित शर्मा का डैरिल मिचेल को रन आउट करने का भी जिक्र किया।

5 नवंबर से अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज, बेनेट को मिली जिम्बाब्वे की कमान

जिम्बाब्वे क्रिकेट (जेडसी) ने यूएई में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मुकाबलों की सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। नियमित कप्तान रिचर्ड नगारवा चोट के कारण टीम का हिस्सा नहीं हैं, इसलिए ब्रायन बेनेट टीम की कप्तानी करेंगे। दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 5 नवंबर से शुरू होगा, जबकि दूसरा टेस्ट 13 नवंबर से खेला जाएगा। दोनों मुकाबले शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे।

टीम में उन खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है, जो जून में जिम्बाब्वे की सबसे बड़ी टेस्ट जीत का हिस्सा थे। तब उन्होंने हरारे स्पोर्ट्स क्लब में बांग्लादेश को एक पारी और 85 रनों से हराया था।

जिम्बाब्वे क्रिकेट (जेडसी) ने बताया, "नगारवा अभी भी पीठ की चोट से उबर रहे हैं, इसलिए वह टीम से बाहर हैं। वहीं, तेज गेंदबाज तनाका चिवंगा भी चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं।"

 बल्लेबाजी क्रम में बेनेट के पास अनुभवी खिलाड़ियों का साथ होगा। टीम में ब्रेंडन टेलर और क्रेग एर्विन के अलावा इनोसेंट काइया, बेन कुरेन, तदिवनाशे मारुमानी और वेस्ली मधेवेरे जैसे विकल्प मौजूद हैं।

जिम्बाब्वे की टीम: ब्रायन बेनेट (कप्तान), अंतुम नकवी, बेन कुरेन, ब्लेसिंग मुजाराबानी, ब्रैड इवांस, ब्रेंडन टेलर, क्रेग एर्विन, ग्रीम क्रेमर, इनोसेंट कैया, अर्नेस्ट मासुकु, कुंडाई माटिगिमु, न्यूमैन न्यामुरी, तदिवानाशे मारुमनी, तफदजवा त्सिगा, विंसेंट मासेकेसा, वेलिंगटन मासाकाद्जा, वेस्ली मधेवेरे।

आईसीसी रैंकिंग: टेस्ट में स्टार्क फिर बने नंबर-1, टी20 में अय्यर 7वें पायदान पर पहुंचे

साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद, ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने आईसीसी टेस्ट बॉलिंग रैंकिंग में फिर से टॉप स्थान हासिल कर लिया है। बुधवार को जारी ताजा टी20 रैंकिंग में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं।

केप टाउन में तीन मुकाबलों की सीरीज के तीसरे और आखिरी टेस्ट में नौ विकेट लेने के बाद, स्टार्क एक स्थान ऊपर चढ़कर साउथ अफ्रीका के मार्को जानसेन से आगे निकल गए। ऑस्ट्रेलिया के इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 881 की अपनी करियर-सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की और नंबर 1 की पोजीशन वापस पा ली।

 इससे पहले अगस्त में, भारत के जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़कर स्टार्क पहली बार रैंकिंग में टॉप पर पहुंचे थे। हालांकि, गेबेरहा में खेले गए दूसरे टेस्ट में छह विकेट लेने के बाद जानसेन टॉप पर आ गए थे। केप टाउन टेस्ट में साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी केवल तीन विकेट ही ले सके, जिसका फायदा उठाते हुए स्टार्क फिर से टॉप पर पहुंच गए।

 टी20 रैंकिंग में, न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की सीरीज जीत के बाद श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी सूची में सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स भी 13 स्थान ऊपर चढ़कर टी20 बल्लेबाजों की सूची में 24वें नंबर पर आ गए हैं।

 टी20 गेंदबाजों में, न्यूजीलैंड के मिशेल सेंटनर दो स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें नंबर पर आ गए हैं, जबकि उनके साथी खिलाड़ी जैकब डफी ने 23 स्थानों की बड़ी छलांग लगाई है और वे 23वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए