खेल

खेल: अरुंधति रेड्डी फरवरी के लिए 'ICC प्लेयर ऑफ द मंथ' चुनी गईं और पीएसएल 11 की मुश्किलें बढ़ी

भारत की मध्यम तेज गेंदबाज अरूंधति रेड्डी को आस्ट्रेलिया में टी20 श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन के लिये फरवरी महीने में आईसीसी की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर चुना गया। विदेशी खिलाड़ी अधिक आकर्षक आईपीएल से करार मिलने के बाद पीएसएल को छोड़ रहे हैं।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

अरूंधति रेड्डी, साहिबजादा फरमान फरवरी में आईसीसी के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर

 भारत की मध्यम तेज गेंदबाज अरूंधति रेड्डी को आस्ट्रेलिया में टी20 श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन के लिये फरवरी महीने में आईसीसी की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर चुना गया ।

वहीं पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को टी20 विश्व कप में असाधारण प्रदर्शन के लिये सर्वश्रेष्ठ पुरूष क्रिकेटर चुना गया है ।

रेड्डी ने तीन मैचों की टी20 श्रृंखला में भारत की 2 . 1 से जीत में अहम भूमिका निभाई । उन्होंने श्रृंखला में 7 . 25 की इकॉनॉमी दर से आठ विकेट लिये ।

रेड्डी ने कहा ,‘‘ आईसीसी महीने की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना जाना गर्व की बात है । यह इसलिये भी और खास है कि आस्ट्रेलिया में टी20 श्रृंखला जीतने में योगदान दे सकी । आस्ट्रेलिया को उसकी धरती पर हराना आसान नहीं होता ।’’

साहिबजादा ने नामीबिया और श्रीलंका के खिलाफ टी20 विश्व कप में शतक लगाया और एक ही टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने का विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा । उन्होंने सात टी20 मैचों में 383 रन बनाये थे ।

Published: undefined

दिल्ली कैपिटल्स को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से स्टार्क को जल्द एनओसी मिलने की उम्मीद

दिल्ली कैपिटल्स ने सोमवार को बताया कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक मिचेल स्टार्क को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं दिया है लेकिन उन्हें उम्मीद है कि उनका प्रमुख तेज गेंदबाज एक अप्रैल को टूर्नामेंट में शुरुआती मैच से पहले टीम से जुड़ जाएगा।

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल, क्रिकेट निदेशक वेणुगोपाल राव और मुख्य कोच हेमांग बदानी ने सोमवार को यहां मीडिया से बातचीत में अपने तेज गेंदबाज की उपलब्धता से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए। स्टार्क ने पिछले सत्र में 11 मैचों में 14 विकेट लिए थे।

बदानी ने कहा, ‘‘हम क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से एनओसी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। जैसे ही हमें वह मिल जाएगा, हमें पता चल जाएगा कि वह कब टीम में शामिल होंगे।’’

उन्होंने एनओसी मिलने में हो रही देरी के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘हम क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ लगातार संपर्क में हैं। वह गेंदबाजी अभ्यास कर रहे हैं, उन्होंने कुछ दिन पहले भी गेंदबाजी की थी। जब तक क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उन्हें खेलने के लिए फिट घोषित नहीं कर देता, तब तक कोई फ्रेंचाइजी कुछ नहीं कर सकती।’’

उनके बगल में बैठे राव ने आगे कहा, ‘‘वह आ रहे हैं, बस क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से एनओसी मिलने का सवाल है। वह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की निगरानी में हैं। हम भी उनकी फिटनेस पर नजर रख रहे हैं।’’

Published: undefined

अनुबंध उल्लंघन और वेतन वृद्धि की मांग से पीएसएल 11 की मुश्किलें बढ़ी

 विदेशी खिलाड़ियों के अनुबंध पर हस्ताक्षर करने के बावजूद नाम वापस लेने के कारण दो नई टीमों के साथ पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) की मेजबानी करना पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के लिए लॉजिस्टिक्स (आयोजन संबंधी) और अनुबंध संबंधी परेशानियों का सबब बनता जा रहा है।

विदेशी खिलाड़ी अधिक आकर्षक इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से करार मिलने के बाद पीएसएल को छोड़ रहे हैं।

दो नई फ्रेंचाइजी को शामिल करने के साथ विस्तारित पीएसएल बृहस्पतिवार को लाहौर में शुरू होने वाली है। यह आईपीएल के 28 मार्च को शुरू होने से दो दिन पहले है। इस तरह इन दोनों लीगों का आयोजन एक साथ होगा। पीएसएल तीन मई तक चलेगा, जबकि आईपीएल का पूरा कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है, लेकिन यह मई के अंतिम या जून के शुरुआती सप्ताह तक चल सकता है।

एक विश्वसनीय सूत्र के अनुसार, पीसीबी न केवल खिलाड़ियों द्वारा अनुबंधों के उल्लंघन से जूझ रहा है, बल्कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से उत्पन्न परिस्थितियों के कारण कुछ खिलाड़ियों द्वारा अंतिम समय में फीस बढ़ाने की मांग से भी परेशान है।

सूत्र ने बताया, ‘‘पीसीबी इस समय पीएसएल को निर्धारित समय पर आयोजित करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है और उसने अभी तक नाम वापस लेने वाले विदेशी खिलाड़ियों के खिलाफ कोई कार्रवाई तय नहीं की है।’’

नाम वापस लेने वाले खिलाड़ियों पर दो से चार साल तक का प्रतिबंध लगाने के बारे में आंतरिक चर्चा हुई है, लेकिन चिंता बनी हुई है कि ऐसे उपाय भविष्य में शीर्ष विदेशी प्रतिभाओं को पीएसएल फ्रेंचाइजी के साथ अनुबंध करने से और भी हतोत्साहित कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे में एक तर्क यह भी है कि प्रतिबंधों से पीएसएल के आगामी सत्रों के लिए बड़े विदेशी खिलाड़ियों से करार करना और भी मुश्किल हो जाएगा।’’

Published: undefined

आईपीएल की तर्ज पर न्यूजीलैंड में टी20 लीग शुरू करने की तैयारी

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपने घरेलू टी20 क्रिकेट ढांचे में बड़ा बदलाव करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। बोर्ड ने 21 साल पुराने सुपर स्मैश टूर्नामेंट को नए रूप में फिर से शुरू करने के लिए प्रस्तावित 'एनजेड20' फ्रेंचाइजी लीग को प्राथमिक विकल्प के तौर पर चुना है।

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने साफ किया कि यह अभी अंतिम फैसला नहीं है, लेकिन इससे 'एनजेड20' लीग के साथ आगे बातचीत करने का रास्ता खुल गया है। बोर्ड अब इस नई लीग के लिए कमर्शियल, स्ट्रक्चर और गवर्नेंस से जुड़े जरूरी पहलुओं पर काम करेगा। अगर सभी शर्तें संतोषजनक रहीं, तो 'एनजेड20' लीग को आधिकारिक रूप से शुरू किया जा सकता है।

न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड की चेयरपर्सन डायना पुकेतापु-लिंडन ने कहा कि यह फैसला काफी सोच-समझकर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बोर्ड ने दो बड़े विकल्पों पर चर्चा की—एक था ऑस्ट्रेलिया की महिला बिग बैश लीग में संभावित विस्तार और दूसरा 'एनजेड20' लीग का प्रस्ताव। सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद 'एनजेड20' को बेहतर विकल्प माना गया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पुराने सुपर स्मैश टूर्नामेंट को नए अंदाज में पेश किया जाए, ताकि इसे और आकर्षक और प्रतिस्पर्धी बनाया जा सके। इस प्रक्रिया में विशेषज्ञों की रिपोर्ट, जैसे डेलॉइट की सलाह और क्रिकेट से जुड़े लोगों की राय को भी ध्यान में रखा गया है।

Published: undefined

मैनचेस्टर सिटी ने जीता ईएफएल कप का खिताब, फाइनल में आर्सेनल को 2-0 से हराया

मैनचेस्टर सिटी ने ईएफएल कप फाइनल में आर्सेनल को 2-0 से हराते हुए खिताब को अपने नाम किया। मैनचेस्टर की तरफ से फाइनल में निको ओ'रेली ने दूसरे हाफ में चार मिनट के अंदर दो गोल करते हुए टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। 

 मैनचेस्टर सिटी ने यह 9वीं लीग ट्रॉफी जीती है। सिटी से ज्यादा खिताब अब सिर्फ लिवरपूल के नाम है। पेप गार्डियोला ने मैनचेस्टर सिटी मैनेजर के तौर पर यह मशहूर ट्रॉफी पांच बार जीती है, जो इंग्लिश फुटबॉल में एक रिकॉर्ड है। वह इस प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा सफलता पाने वाले मैनेजर के तौर पर ब्रायन क्लॉ, सर एलेक्स फर्ग्यूसन और जोस मोरिन्हो (जिन्होंने सभी ने चार-चार जीते) से आगे निकल गए हैं।

 काराबाओ कप सिटी बॉस के तौर पर पेप की पहली ट्रॉफी थी, जिसमें उन्होंने 2018 में आर्सेनल को 3-0 से हराया था। उन्होंने अब उस विरासत में एक और नाम जोड़ लिया है और 1960 में प्रतियोगिता की शुरुआत के बाद से सबसे सफल मैनेजर बन गए हैं। हाफ टाइम के बाद सिटी ने आर्सेनल के मुकाबले ज्यादा बेहतर खेल दिखाया। मैनचेस्टर सिटी ने आर्सेनल को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। आर्सेनल की टीम खिताबी मुकाबले में संघर्ष करती हुई नजर आई, जिसका पूरा फायदा सिटी ने उठाया।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined