खेल

खेल: 12 मार्च तक शुरुआती 20 दिनों का IPL शेड्यूल जारी करेगा BCCI और अर्शदीप पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना

बीसीसीआई 12 मार्च तक इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के शुरुआती 20 दिनों का शेड्यूल जारी करेगा। अर्शदीप सिंह पर टी20 विश्व कप के फाइनल के दौरान न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल पर गेंद फेंकने के लिए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

12 मार्च तक शुरुआती 20 दिनों का आईपीएल शेड्यूल जारी करेगा बीसीसीआई

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) 12 मार्च तक इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के शुरुआती 20 दिनों का शेड्यूल जारी करेगा। यह जानकारी बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने दी है। आईपीएल का 19वां सीजन 28 मार्च से 31 मई के बीच खेला जाना है। 

देवजीत सैकिया ने मंगलवार को आईएएनएस से कहा, "हम 12 मार्च तक आईपीएल 2026 का शेड्यूल जारी करने की योजना बना रहे हैं। फिलहाल, हम आईपीएल के पहले 20 दिनों का शेड्यूल जारी करने जा रहे हैं।"

ऐसा समझा जा रहा है कि बीसीसीआई पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनावों के साथ किसी भी तरह के टकराव की स्थिति से बचना चाहता है। ऐसे में टूर्नामेंट के शेष मुकाबलों का शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा।

इसके बावजूद, टीमों ने अपने प्री-सीजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने 1 मार्च को नवलूर स्थित अपने हाई-परफॉर्मेंस सेंटर में अभ्यास शुरू कर दिया है। वहीं, मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 10 फरवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में एक छोटा-सा तैयारी शिविर आयोजित किया था, जबकि 2022 की चैंपियन गुजरात टाइटंस ने नाथद्वारा के मिराज इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में दो बार अभ्यास सत्र आयोजित किए थे।

पंजाब किंग्स ने फरवरी की शुरुआत में अबू धाबी में अभ्यास किया था। फिलहाल टीम के खिलाड़ी धर्मशाला में अभ्यास शिविर में हिस्सा ले रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद ने 1 मार्च को अपने घरेलू खिलाड़ियों के साथ अपना शिविर शुरू किया था। पांच बार की विजेता मुंबई इंडियंस भी आगामी सीजन के लिए अपना अभ्यास शुरू कर चुकी है।

Published: undefined

डेरिल मिचेल को गेंद मारने के लिए अर्शदीप पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना

भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर अहमदाबाद में आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के फाइनल के दौरान न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल पर ‘आक्रामक और अनुचित तरीके से’ गेंद फेंकने के लिए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

इसके अलावा अर्शदीप के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है जो 24 महीने के समय में उनका पहला अपराध है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मंगलवार को मीडिया विज्ञप्ति में कहा कि अर्शदीप को आईसीसी की खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के सहयोगी स्टॉफ से संबंधित आचार संहिता के नियम 2.9 के उल्लंघन का दोषी पाया गया जो ‘अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी खिलाड़ी पर या उसके पास अनुचित और/या खतरनाक तरीके से गेंद (या क्रिकेट से जुड़ी कोई अन्य चीज) फेंकने’ से जुड़ा है।

यह घटना रविवार को न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में हुई जब अर्शदीप ने गेंद फेंकने के बाद शॉट खेलने पर गेंद को रोका और फिर आक्रामक तरीके से बल्लेबाज की ओर फेंका जो न्यूजीलैंड के उप कप्तान के पैड पर लगी।

Published: undefined

धोनी और रोहित के एलीट क्लब में शामिल होकर अच्छा लग रहा है: सूर्यकुमार

 भारत को टी20 विश्व कप का खिताब दिलाने के दो दिन बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि वह देश को आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) ट्रॉफी दिलाने वाले कपिल देव, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की सूची में शामिल होकर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने रविवार को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को फाइनल में 96 रन से हराकर टी20 विश्व कप जीता। यह रिकॉर्ड तीसरा अवसर है जबकि भारत ने यह खिताब अपने नाम किया। वह अपने खिताब का बचाव करने वाली पहली टीम भी बन गई है।

अहमदाबाद से लौटने के तुरंत बाद सूर्यकुमार ने अपने आवास पर पीटीआई वीडियो से कहा, ‘‘2024 और अब 2026 में ट्रॉफी जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है। यह बहुत ही खास अहसास है। जब हमने 2024 में जीत हासिल की थी, तब हमने सोचा था कि 2026 में अपने घरेलू मैदान पर इसे दोहराना कितना खास होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा अगला लक्ष्य 2028 में ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतना है। टीम अच्छी लय में है। अगर भारत उसी साल (2028 में) टी20 विश्व कप जीत जाता है, तो यह बहुत बड़ी उपलब्धि होगी।’’

रोहित और धोनी जैसे दिग्गजों से अपनी तुलना किए जाने पर सूर्यकुमार ने कहा, ‘‘उस एलीट क्लब में शामिल होकर अच्छा लग रहा है। मैं धीरे-धीरे इसे महसूस कर रहा हूं। इतने महान खिलाड़ियों के साथ मेरा नाम आना बहुत ही खास अहसास है। मैं भविष्य में भी ऐसा करने की कोशिश करूंगा और भारत को और अधिक ट्रॉफियां दिलाने में मदद करना चाहूंगा।’’

Published: undefined

पटना पहुंचने पर इशान का जोरदार स्वागत

भारत के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज इशान किशन मंगलवार को यहां अपने गृहनगर पहुंचे जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ। उन्होंने टी20 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

इशान की वापसी काफी प्रेरणादायी रही जो कुछ महीने पहले तक राष्ट्रीय टीम की योजनाओं का हिस्सा भी नहीं थे। बाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने रविवार को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में अर्धशतक लगाने से पहले मुश्किल विकेट पर पाकिस्तान के खिलाफ मैच जिताने वाली पारी खेली थी।

इशान को फाइनल की तैयारी के दौरान दुर्घटना में अपनी रिश्ते की बहन की मौत के दुख का भी सामना करना पड़ा था।

पटना पहुंचने पर इशान ने कहा कि टीम भविष्य में और खिताब जीतने के लिए प्रतिबद्ध है। यह भारत का रिकॉर्ड तीसरा टी20 विश्व कप खिताब है जो खिताब का बचाव करने वाली पहली टीम भी बनी।

Published: undefined

गुजरात टाइटन्स ने मैथ्यू हेडन को बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया

गुजरात टाइटन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र से पहले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन को बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को इसकी घोषणा की।

दो बार के वनडे विश्व कप विजेता और अपने जमाने के सबसे प्रभावशाली सलामी बल्लेबाजों में से एक हेडन का अंतरराष्ट्रीय करियर शानदार रहा है। उन्हें टी20 में बल्लेबाजी का व्यापक अनुभव है और वह इसकी बारीकियों को समझते हैं।

हेडन ने सभी प्रारूपों में 273 अंतरराष्ट्रीय मैचों में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें उन्होंने 15,000 से अधिक रन बनाए और आईसीसी के कई टूर्नामेंट में जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

गुजरात टाइटंस के क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलंकी ने कहा, ‘‘मैथ्यू की नियुक्ति हमारे सफर के महत्वपूर्ण मोड़ पर की गई है। शीर्ष स्तर पर उनका अनुभव और उभरती प्रतिभाओं को मार्गदर्शन देने की उनकी क्षमता आगामी सत्र में हमारे लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।’’

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined

  • बड़ी खबर LIVE: राहुल जो सच्चाई बोलते हैं वो सरकार पचा नहीं पाती, इसलिए 12 सालों से इनके आगे झुके नहीं: प्रियंका गांधी

  • ,
  • ईरान ने इजराइल, खाड़ी देशों पर नए हमले किए, टंप को भी दी धमकी, कहा- कहीं आपका ही सफाया न हो जाए

  • ,
  • मिडिल ईस्ट जंग: LPG कमी के मुद्दे पर विपक्ष हमलावर, प्रियंका गांधी ने बताया क्यों हो रही है गैस की किल्लत?

  • ,
  • सिनेजीवन: 'किंग' में शाहरुख संग काम करने के लिए उत्सुक सौरभ शुक्ला और अक्षय कुमार ने शादी पर कही दिलचस्प बात

  • ,
  • बिरला ने पक्षपात किया, माइक को भी एक ‘अस्त्र’ की तरह इस्तेमाल किया गया, गोगोई बोले- सदन की मर्यादा बचाने के लिए लाए संकल्प