खेल

खेल: चेन्नई सुपर किंग्स को लगा बड़ा झटका और लियोनेल मेसी कानूनी विवाद में फंसे

पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को आईपीएल 2026 के बीच बड़ा झटका लगा है। अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी कानूनी विवाद में फंस गए हैं।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

चेन्नई सुपर किंग्स को लगा बड़ा झटका, आईपीएल 2026 से बाहर हुए खलील अहमद

पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को आईपीएल 2026 के बीच बड़ा झटका लगा है। सीएसके के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद इंजरी की वजह से पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। 

चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस बात की जानकारी दी है। टीम ने लिखा, "केकेआर के खिलाफ मैच में दाएं क्वाड्रिसेप्स में चोट लगने के बाद खलील अहमद आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। हम खलील के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।"

28 वर्षीय खलील को मंगलवार को एमएस चिदंबरम स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी के दौरान अपने रन-अप में रुकने के बाद मैदान से बाहर जाना पड़ा था। हालांकि, इस मुकाबले में सीएसके का प्रदर्शन शानदार रहा था और टीम ने 32 रनों से जीत दर्ज की थी। शुरुआत में ऐसा लगा कि खलील को गंभीर ऐंठन हो रही है, लेकिन खलील ने दर्द से अपना दायां पैर पकड़ लिया और उसके बाद मैदान से बाहर चले गए, जिसके कारण उनके साथी खिलाड़ी गुरजपनीत सिंह को ओवर की बची हुई पांच गेंदें फेंकनी पड़ी थीं।

Published: undefined

मुंबई इंडियंस ने चोटिल अथर्व अंकोलेकर की जगह भगत को टीम में लिया

 मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाकी बचे मैचों के लिए चोटिल अथर्व अंकोलेकर के स्थान पर कृष भगत को टीम में शामिल किया है।

घरेलू क्रिकेट में पंजाब की तरफ से खेलने वाले 21 वर्षीय ऑलराउंडर कृष तेज गेंदबाज और निचले क्रम के उपयोगी बल्लेबाज हैं। वह पिछले दो वर्षों से मुंबई इंडियंस के ट्रायल्स का हिस्सा रहे हैं।

मुंबई इंडियंस ने बयान में कहा, ‘‘कृष ने अपनी लगन और कड़ी मेहनत से कोचिंग स्टाफ को प्रभावित किया है। पिछले कुछ वर्षों में घरेलू क्रिकेट और मुंबई इंडियंस के अभ्यास सत्रों में उनके समर्पण ने उन्हें मुख्य टीम में शामिल होने का अवसर दिलाया है।’’

Published: undefined

टी20 प्रारूप में आप एक ही तरह से गेंदबाजी करके प्रासंगिक नहीं रह सकते: लुंगी एनगिडी

टी20 विश्व कप में बड़े-बड़े बल्लेबाजों को परेशान करने वाली लुंगी एनगिडी की नीचे की ओर गिरती हुई धीमी गेंद (डिपिंग स्लोअर बॉल) इंडियन प्रीमियर लीग में भी बल्लेबाजों के लिए उतनी ही घातक बनी हुई है।

एनगिडी ने 2018 में चेन्नई सुपरकिंग्स में ड्वेन ब्रावो के कहने पर अपनी धीमी गेंदों पर काम करना शुरू किया था और खेल के इस सबसे छोटे प्रारूप में इस अहम कला में महारत हासिल करने में उन्हें थोड़ा समय लगा।

दक्षिण अफ्रीका और दिल्ली कैपिटल्स के इस तेज गेंदबाज को हैरानी है कि अब सभी उनकी गेंदबाजी विविधताओं के बारे में बात कर रहे हैं जबकि ये वर्षों से उनके खेल का हिस्सा रही हैं।

बृहस्पतिवार को चुनिंदा संवाददाताओं से बात करते हुए एनगिडी ने अपनी हाल की सबसे असरदार गेंद के बारे में बात की। एक धीमी गेंद जो बल्लेबाज के पास पहुंचते-पहुंचते नीचे की ओर गिरने लगती है। यह धीमी यॉर्कर, लेंथ गेंद या धीमी बाउंसर हो सकती है।

दक्षिण अफ्रीका के इस तेज गेंदबाज ने टी20 विश्व कप के दौरान कहा था, ‘‘यह एक ही गेंद के साथ तीन अलग-अलग लेंथ हैं और बल्लेबाज को यह अंदाजा लगाना होता है कि अगली गेंद कौन सी आने वाली है।’’

Published: undefined

फ्रेंच ओपन की इनामी राशि में 10 प्रतिशत का इजाफा, सात करोड़ डॉलर से अधिक हुई

फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट की इनामी राशि में लगभग 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है जिससे कुल इनामी राशि छह करोड़ 17 लाख यूरो (सात करोड़ 21 लाख डॉलर) हो गई है।

यह कुल राशि पिछले साल के मुकाबले 53 लाख यूरो अधिक है। प्रतियोगिता 24 मई को पश्चिमी पेरिस के रोलां गैरो में शुरू होगी।

पुरुष और महिला एकल चैंपियन को 28 लाख यूरो और उप विजेता को 14 लाख यूरो मिलेंगे। सेमीफाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ियों को सात लाख 50 हजार यूरो और पहले दौरे में हारने वाले खिलाड़ियों को 87 हजार यूरो मिलेंगे।

पुरुष और महिला युगल के विजेताओं को छह लाख यूरो और मिश्रित युगल की चैंपियन जोड़ी को एक लाख 22 हजार यूरो मिलेंगे।

Published: undefined

लियोनेल मेसी कानूनी विवाद में फंसे, दिग्गज फुटबॉलर ने पूरी नहीं की 7 मिलियन डॉलर की शर्त

अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी कानूनी विवाद में फंस गए हैं। मियामी की इवेंट कंपनी वीआईडी म्यूजिक ग्रुप ने मेसी और अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। मामला पिछले साल अक्टूबर में मियामी के हॉर्ड रॉक स्टेडियम में खेले गए अर्जेंटीना बनाम वेनेजुएला फ्रेंडली मैच से जुड़ा है।

 कंपनी का आरोप है कि मेसी ने इस मैच में खेलने के लिए किए गए लगभग 7 मिलियन डॉलर के अनुबंध का उल्लंघन किया। समझौते के तहत उन्हें कम से कम 30 मिनट मैदान पर उतरना था, जब तक कि वे चोटिल न हों। हालांकि, मेसी ने मैच में हिस्सा नहीं लिया और स्टेडियम के एक लग्जरी सुइट से मुकाबला देखा। कंपनी का दावा है कि उनकी अनुपस्थिति से टिकट बिक्री, स्पॉन्सरशिप और ब्रॉडकास्ट रेवेन्यू पर बड़ा असर पड़ा, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

 वीआईडी म्यूजिक ग्रुप के वकील राल्फ पैटिनो के अनुसार, मेसी की भागीदारी इस डील की एक अहम शर्त थी और यह सीधे तौर पर मैच की व्यावसायिक सफलता से जुड़ी हुई थी। कंपनी ने अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन के साथ वेनेजुएला और प्यूर्टो रिको के खिलाफ दो मैत्री मैचों के प्रमोशन का करार किया था।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined