दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने बृहस्पतिवार को अंतराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा करते हुए कहा कि वह अब पुर्तगाल के लिए नहीं खेलेंगे।
रोनाल्डो ने छह फीफा विश्व कप में हिस्सा लिया, यूरोपीय चैंपियनशिप का खिताब जीता और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने का पुरुष खिलाड़ियों का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया।
दो दशक से भी अधिक समय पहले यूरो 2004 से पहले शुरू हुए उनके शानदार करियर का अंत हालांकि निराशाजनक अंदाज में हुआ। कोच जॉर्ज जीसस के साथ मतभेद के बाद उन्होंने राष्ट्रीय टीम से दूरी बना ली।
इस 41 वर्षीय महान खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर जारी एक लंबे वीडियो संदेश में कहा, ‘‘पुर्तगाल के लोगों, वह दिन आ गया है जब मैं अपनी राष्ट्रीय टीम की सात नंबर की जर्सी वापस सौंप रहा हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कभी नहीं माना कि यह जर्सी सिर्फ मेरी थी, लेकिन 23 वर्षों तक इसे पहनने, इसकी गरिमा बनाये रखने और दुनिया भर के स्टेडियमों में इसे अपने साथ लेकर उतरने का सौभाग्य और जिम्मेदारी मुझे मिली।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज इसे आने वाली पीढ़ी को सौंपने का समय आ गया है। यह फैसला लेना आसान नहीं था, क्योंकि कुछ फैसले सिर्फ दिमाग से नहीं लिए जाते, बल्कि उनमें दिल की भी भूमिका होती है। अगस्त 2003 में शुरू हुआ सफर, जिसने मेरी जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी, अब समाप्त हो गया है।’’
न्यूजीलैंड के खिलाफ ईडन पार्क में खेले गए पहले वनडे में तीन विकेट लेने वाले भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने अपनी सफलता का श्रेय मैच के दौरान रणनीति में किए गए बदलाव को दिया। उन्होंने कहा कि कप्तान शुभमन गिल और साथी तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह तथा अंशुल कंबोज से मिली सलाह उनके लिए काफी उपयोगी साबित हुई, जिससे उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिली।
बुधवार को ईडन पार्क में खेले गए मैच में बरार ने 44 रन देकर 3 विकेट लिए। भारतीय तेज गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड की पूरी टीम को 40.2 ओवर में 185 रन पर समेटा, जिससे भारत को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 5 विकेट से जीत मिली। गुरुवार को बीसीसीआई के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में बरार ने कहा, "यहां गेंदबाजी के लिए माहौल बहुत अच्छा है। विकेट भी काफी अच्छे हैं। हमने यहां पहले चार-पांच दिन अभ्यास किया था, इसलिए विकेट वैसा ही था। मैंने बस अपनी लेंथ और अपने गेंदबाजी स्टाइल पर भरोसा रखा, और उसी का यह नतीजा है।"
इस लंबे कद के तेज गेंदबाज को अपने पहले ही ओवर में एक छक्का पड़ा था, जिसके बाद उन्होंने अपनी रणनीति बदलने का फैसला किया। उन्होंने बताया, "गेम प्लान यह था कि यहां सीधी बाउंड्री थोड़ी छोटी है। मेरे पहले ओवर में जो छक्का लगा, वह थोड़ी आगे फेंकी गई गेंद पर था। इसी कारण मैंने सोचा कि अपनी लेंथ को थोड़ा पीछे कर लूं, ताकि स्क्वायर लेग या फाइन लेग के ऊपर से शॉट मारना मुश्किल हो जाए। मैंने इस बारे में अर्शदीप और अंशुल से बात की, जो पहले भी इस विकेट पर गेंदबाजी कर चुके थे। उन्होंने सुझाव दिया कि अगर मैं 'हार्ड लेंथ' (थोड़ी पीछे की लेंथ) पर गेंदबाजी करूं, तो मेरी लंबाई की वजह से मुझे बेहतर उछाल (बाउंस) मिलेगा।"
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज और आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके अंबाती रायुडू का मानना है कि अगर हार्दिक पंड्या भविष्य में मुंबई इंडियंस (एमआई) के साथ बने रहते हैं, तो उन्हें कप्तानी छोड़ देना चाहिए। रायुडू ने कहा कि इससे हार्दिक अपने प्रदर्शन पर ध्यान दे पाएंगे।
रायडू ने क्रिकेट पर आधारित एक शो में कहा, "मुझे लगा कि हार्दिक मुंबई में आकर फंस गया है। एक बार जब आपको लगता है कि आप फंस गए हैं, तो आप हमेशा अपने कंधे के पीछे देखते रहते हैं। एक बार जब ड्रेसिंग रूम में ऐसा होता है, तो आप ऐसे तरीकों से सामने आते हैं जो आप नहीं चाहते। हार्दिक के लिए बहुत सी चीजें ठीक नहीं रहीं। यह हार्दिक की गलती भी हो सकती है और कुछ और भी।"
पूर्व बल्लेबाज ने कहा, "हार्दिक पंड्या अगर मुंबई इंडियंस के साथ बने रहते हैं, तो भी एमआई को अपना कप्तान बदलने की कोशिश करनी चाहिए और पांड्या को पूरी तरह से मैच जिताने वाले ऑलराउंडर के तौर पर काम करने देना चाहिए।"
भारत की दीप्ति शर्मा को बृहस्पतिवार को आईसीसी के महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी की दौड़ में शामिल छह खिलाड़ियों में जगह मिली। दीप्ति ने जिम्बाब्वे के खिलाफ आईसीसी महिला चैंपियनशिप शृंखला के एकमात्र मैच में नाबाद 106 रन बनाने के अलावा पांच विकेट भी चटकाए।
भारत ने 50 ओवर की शृंखला में 3-0 से जिम्बाब्वे का क्लीनस्वीप किया था।
एकदिवसीय शृंखला से पहले हुई तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की शृंखला में दीप्ति में सिर्फ एक बार बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंद में 49 रन बनाए और अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से दो विकेट भी चटकाए।
सूची में जगह बनाने वाले अन्य खिलाड़ियों में दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसन, पाकिस्तान के अराफात मन्हास, वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप, ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड और बांग्लादेश की शोभना मोस्तरी शामिल हैं।
यानसन उपरोक्त समय के दौरान आईसीसी की पुरुषों की खिलाड़ी टेस्ट रैंकिंग में गेंदबाजों और ऑलराउंडर की सूची में शीर्ष पर रहे।
अराफात को पाकिस्तान में हुई त्रिकोणीय शृंखला में सीरीज का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था जबकि होप ने सीमित ओवरों के प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन की बदौलत सूची में जगह बनाई।
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 नीलामी से पहले बृहस्पतिवार को चार खिलाड़ियों की अदला-बदली (प्लेयर ट्रेड) की।
इसमें लियाम लिविंगस्टोन और जैक एडवर्ड्स पांच बार के चैंपियन सीएसके में शामिल हुए जबकि खलील अहमद और नाथन एलिस सनराइजर्स हैदराबाद में चले गए।
आईपीएल ने खिलाड़ियों की अदला-बदली की घोषणा की जिसके अनुसार इंग्लैंड के ऑलराउंडर लिविंगस्टोन छह करोड़ रुपये की फीस पर सीएसके में शामिल हुए जबकि उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने 13 करोड़ रुपये में खरीदा था।
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एडवर्ड्स भी तीन करोड़ रुपये की अपनी मौजूदा फीस पर सीएसके में शामिल हुए। एडवर्ड्स को सनराइजर्स हैदराबाद ने ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करने से पहले खरीदा था लेकिन पैर की चोट के कारण बाहर होने के बाद वह आईपीएल 2026 में नहीं खेल सके।
वहीं बदले में सनराइजर्स हैदराबाद ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील को 4.8 करोड़ रुपये की उनकी मौजूदा फीस पर हासिल किया।
आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए