आयुष म्हात्रे के चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के बचे हुए सत्र से बाहर होने के कारण चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने बृहस्पतिवार को उनकी जगह आकाश मधवाल को टीम में शामिल किया।
भारत की अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान म्हात्रे ने सीएसके के लिए इस सत्र में शानदार शुरुआत की थी, उन्होंने छह मैच में दो अर्धशतक बनाए लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान उन्हें बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी।
मधवाल 30 लाख रुपये में सीएसके से जुड़े हैं। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मधवाल इससे पहले मुंबई इंडियंस (2023, 2024) और राजस्थान रॉयल्स (2025) का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
रविंद्र जडेजा ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सत्र में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए विभिन्न कारणों से अधिकतर मैचों में अपने कोटे के चार ओवर पूरे नहीं किए हैं लेकिन उन्हें इस बात का कोई शिकवा नहीं है और उनका कहना है कि वह ‘‘मैदान पर आने से पहले अपना अहंकार होटल के कमरे में छोड़ देते हैं।’’
जडेजा ने बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपनी टीम को 40 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
इससे पहले कुछ मैचों में अपने कोटे के चार ओवर पूरे न कर पाने के बारे में जडेजा ने जियोहॉटस्टार से कहा, ‘‘जब मैं मैदान पर आता हूं, तो मैं अपना अहंकार होटल के कमरे में ही छोड़ देता हूं। मैं केवल इस बारे में सोचता हूं कि टीम मुझसे जिस तरह की भी अपेक्षा करेगी मैं उसे पूरी करने की कोशिश करूंगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर इस मैच में बल्लेबाजी की बात करें तो मैं पारी के आखिर तक खेलना चाहता था क्योंकि अगर मैं 17वें या 18वें ओवर में गलत शॉट खेलकर आउट हो जाता तो हम 159 रन तक नहीं पहुंच पाते और शायद 20-25 रन कम बना पाते।’’
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी न करने पर श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के खिलाफ अदालत में मुकदमा दायर करने वाले तेज गेंदबाज नुवान तुषारा ने अब यह मामला वापस ले लिया है।
तुषारा ने 2022 से अब तक 30 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उन्होंने दलील दी थी कि एसएलसी ने फिटनेस परीक्षण में असफल रहने का हवाला देते हुए उन्हें एनओसी जारी करने से इनकार कर दिया था।
उनके वकील ने जिला अदालत को बताया कि अब जबकि आईपीएल के अधिकतर मैच पूरे हो चुके हैं, इसलिए उनका मुवक्किल मुकदमा वापस लेना चाहता है, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। उन्होंने एसएलसी से माफी भी मांगी।
तुषारा को इस सत्र में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से खेलना था।
लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने एकाना की पिच की तुलना पर्थ की बीते जमाने की मशहूर वाका पिच से की और स्वीकार किया कि उनकी टीम इसमें मिलने वाली गति और उछाल से तालमेल बिठाने में नाकाम रही है।
एलएसजी अपने घरेलू मैदान पर अब तक खेले गए तीनों मैच हार चुका है। दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के खिलाफ उसे यहां क्रमशः छह और सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा जबकि बुधवार को राजस्थान रॉयल्स ने उसे 40 रन से हराया।
पिछले सत्र में भी एलएसजी ने यहां खेले गए आठ मैचों में से छह मैच हारे थे। इस तरह से उसने इस मैदान पर खेले गए 22 मैचों में से केवल नौ में जीत हासिल की है।
लैंगर ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘यहां की पिच भारत के दूसरे स्थानों की पिच से बहुत अलग है। यह क्रिकेट के लिए शानदार पिच है। यहां आपको गति और उछाल दोनों देखने को मिलते हैं। हम अभी तक इससे सामंजस्य नहीं बिठा पाए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने अच्छी शुरुआत की थी। हम इस पिच पर अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं लेकिन हमारे बल्लेबाज इससे मिलने वाली अतिरिक्त गति और उछाल से तालमेल नहीं बिठा पा रहे हैं। हमारे बल्लेबाज कई बार शॉर्ट पिच गेंदों पर आउट हुए।’’
आईपीएल 2026 में सीएसके का हिस्सा तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी की मां का निधन हो गया है। सीएसके ने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर गुरुवार को मुकेश चौधरी की मां के निधन की जानकारी दी।
सीएसके ने पोस्ट किया, "सीएसके परिवार मुकेश चौधरी की मां के निधन पर दुख जता रहा है। हम मुकेश और उनके परिवार के साथ हैं। इस बेहद मुश्किल समय में उन्हें अपनी दुआओं में रखते हैं।"
रिपोर्ट के मुताबिक मुकेश चौधरी की मां प्रेम देवी लगभग एक साल से गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। उनका इलाज मुंबई के टाटा हॉस्पिटल में चल रहा था। उनका निधन मंगलवार को वहीं हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक मुकेश चौधरी फिलहाल सीएसके टीम के साथ नहीं हैं और गुरुवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले मैच में उनके खेलने की संभावना नहीं है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए