
दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच हेमांग बदानी ने मिचेल स्टार्क की जमकर तारीफ करते हुए ऑस्ट्रेलिया के इस तेज गेंदबाज को अपने साथी खिलाड़ियों के लिए ‘रोल मॉडल’ करार दिया।
स्टार्क ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में चार विकेट लेकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई जिससे दिल्ली ने आईपीएल के प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीद जीवंत रखी।
बदानी ने मैच के बाद स्टार्क के बारे में संवाददाताओं से कहा, ‘‘वह इस खेल के सबसे अच्छे रोल मॉडल में से एक है। उनकी कार्यशैली, खेल से पहले की तैयारी, उनकी अपनी योजनाएं और उनका अभ्यास सब कुछ बेमिसाल है। मुझे बहुत से युवा खिलाड़ियों में यह बात नजर नहीं आती और यही कारण है कि वह इतने लंबे समय से खेल में बने हुए हैं।’’
दिल्ली कैपिटल्स के कोच में युवा खिलाड़ियों पर स्टार्क के प्रभाव के बारे में भी बात की।
उन्होंने कहा, ‘‘वह हमेशा उनसे बात करते रहते हैं। उन्हें सिखाने की कोशिश करते हैं जैसे कि रिवर्स स्विंग कैसे करें, लेंथ कैसे बनाए रखें, जब बल्लेबाज हावी होने की कोशिश कर रहा हो तो क्या करें। स्टार्क अपनी बातचीत से काफी कुछ सिखाते हैंं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वह दबाव में गेंदबाजी करना पसंद करते हैं और मैच में किसी भी समय गेंदबाजी कर सकते हैं।’’
Published: undefined
भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम की पूर्व कप्तान और ओलंपियन जेनिफर पेस का रविवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया।
जेनिफर 72 वर्ष की थीं और वह भारतीय टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस की मां थीं।
परिवार के एक सूत्र ने बताया, ‘‘वह कैंसर से गंभीर रूप से पीड़ित थीं और उन्होंने रविवार को अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार आज कोलकाता के सेंट थॉमस चर्च में हुआ।’’
उनका जन्म का नाम जेनिफर डटन था और वह प्रसिद्ध बंगाली कवि और नाटककार माइकल मधुसूदन दत्त की वंशज थीं।
उन्होंने वर्ष 1972 के म्यूनिख ओलंपिक 1972 में भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व किया और बाद में टीम की कप्तान भी बनीं। भारतीय महिला बास्केटबॉल में उन्हें प्रमुख हस्तियों में गिना जाता है।
Published: undefined
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) भले ही महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का तत्काल विस्तार नहीं करना चाहता हो, लेकिन आईपीएल टीम पंजाब किंग्स के सह-मालिक मोहित बर्मन का कहना है कि फ्रेंचाइजी चार सत्र पुराने इस टूर्नामेंट में किसी समय एक टीम का मालिक बनना पसंद करेगी।
वर्तमान में डब्ल्यूपीएल में आईपीएल फ्रेंचाइजी के स्वामित्व वाली तीन टीम मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स हैं।
बीसीसीआई की मौजूदा पांच टीमों वाली डब्ल्यूपीएल में और टीमें जोड़ने की कोई तत्काल योजना नहीं है, लेकिन बर्मन वैश्विक स्तर पर इस खेल के विकास को लेकर आशान्वित हैं और इसलिए महिला लीग से भी जुड़ना चाहते हैं।
पंजाब किंग्स में 48 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले बर्मन ने पीटीआई से कहा, ‘‘डब्ल्यूपीएल ने बहुत कम समय में ही महिला क्रिकेट में एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में अपनी पहचान बना ली है। महिला क्रिकेट की प्रगति शानदार रही है। हमने शुरू में महिला क्रिकेट में निवेश नहीं किया और इसे अविश्वास के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘व्यक्तिगत रूप से मुझे लगता है कि महिला क्रिकेट का भविष्य बेहद उज्ज्वल है। हम एक महिला आईपीएल टीम (डब्ल्यूपीएल) के मालिक बनना चाहेंगे।’’
बर्मन का मानना है कि डब्ल्यूपीएल और भारतीय महिला टीम की हालिया सफलता ने लोगों में काफी रुचि पैदा की है।
Published: undefined
भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का मानना है कि भारत की सीनियर नेशनल मेंस टीम के लिए खेलने से पहले 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को अपनी फील्डिंग स्किल्स को बेहतर करने की जरूरत है।
रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। वैभव सूर्यवंशी इस मुकाबले में खराब फील्डिंग करते हुए दिखाई दिए, जिसके चलते आरआर के गेंदबाज डीसी के बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बना सके। डीसी ने 193 रनों के लक्ष्य को आसानी से चेज कर लिया।
कैफ ने 'जियोहॉटस्टार' संग बात करते हुए कहा, "मेरा मानना है कि स्काउट्स को खिलाड़ियों की स्काउटिंग करते समय फील्डिंग टेस्ट भी लेना चाहिए। स्काउट्स सही खिलाड़ी ला रहे हैं; वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं, लेकिन मैंने वैभव सूर्यवंशी को अभी तक एक भी कैच लेते नहीं देखा है। अगर वह भारत के लिए खेलना चाहते हैं, तो उन्हें अपनी फील्डिंग सुधारनी होगी। उन्हें पहले वह फील्डिंग टेस्ट पास करना होगा।"
Published: undefined
हॉकी इंडिया ने सोमवार को आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय विमेंस हॉकी टीम की घोषणा की। भारत को ऑस्ट्रेलिया से 4 मुकाबलों की सीरीज खेलनी है, जिसका आगाज 26 मई से होना है।
सीरीज के सभी चार मुकाबले पर्थ हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। पहला मैच 26, दूसरा मुकाबला 27 मई, तीसरा मैच 29 और अंतिम मुकाबला 30 मई को खेला जाएगा। इस दौरे को एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप 2025-26 के लिहाज से अहम माना जा रहा है, जो 15 से 21 जून तक ऑकलैंड में होना है।
भारतीय टीम इस साल की शुरुआत में अर्जेंटीना में शानदार प्रदर्शन के बाद इस दौरे पर जा रही है, जहां उन्होंने अपनी चार मुकाबलों की सीरीज में दो जीत हासिल करने के लिए कड़ी चुनौती पेश की थी। इसके बाद से भारतीय टीम भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) बेंगलुरु में नेशनल कैंप में कड़ी ट्रेनिंग कर रही है, और आगे के व्यस्त इंटरनेशनल सीजन की तैयारी के लिए अपने खेल के खास पहलुओं को बेहतर बना रही है।
2022 कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडलिस्ट सलीमा टेटे आने वाले दौरे के लिए टीम की अगुवाई करेंगी। उनके पास सविता, सुशीला चानू पुखरामबम, लालरेमसियामी और नवनीत कौर जैसी अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ सोनम, हिना बानो और लालथंतलुआंगी जैसी रोमांचक युवा प्रतिभाएं भी होंगी।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined