खेल

FIFA: मैक्सिको ने जीत के साथ किया विश्वकप का आगाज, द. अफ्रीका को 2-0 से हाराया, पहले ही मैच में 3 रेड कार्ड

मैक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के पहले मैच में मेजबान टीम ने शुरू से अंत तक खेल पर नियंत्रण बनाए रखा और जूलियन क्विनोन्स और राउल जिमेनेज के गोलों की बदौलत जीत दर्ज की।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया  

फीफा विश्व कप 2026 के उद्घाटन मुकाबले में सह-मेजबान मैक्सिको ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से शिकस्त दी। मैक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के पहले मैच में मेजबान टीम ने शुरू से अंत तक खेल पर नियंत्रण बनाए रखा और जूलियन क्विनोन्स और राउल जिमेनेज के गोलों की बदौलत जीत दर्ज की।

मैच की शुरुआत से ही मैक्सिको ने आक्रामक खेल दिखाया। इसका फायदा उसे नौवें मिनट में मिला, जब जूलियन क्विनोन्स ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। गोल के बाद भी मैक्सिको लगातार दक्षिण अफ्रीका के डिफेंस पर दबाव बनाता रहा।

पहले हाफ में मैक्सिको का दबदबा

दक्षिण अफ्रीका को 17वें मिनट में तेबोहो मोकोएना के यलो कार्ड के रूप में पहला झटका लगा। 25वें मिनट में खिलाड़ियों को राहत देने के लिए हाइड्रेशन ब्रेक लिया गया। हालांकि, पहले हाफ में दक्षिण अफ्रीकी टीम कोई खास मौका नहीं बना सकी और मैक्सिको 1-0 की बढ़त के साथ ब्रेक तक पहुंचा।

रेड कार्ड ने बदला मैच का रुख

दूसरे हाफ की शुरुआत में ही दक्षिण अफ्रीका की मुश्किलें बढ़ गईं। 49वें मिनट में स्पेफेलो सिथोले को एरिक गुटिएरेज को रोकने के लिए सीधे रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका को लगभग पूरा दूसरा हाफ 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।

एक खिलाड़ी की बढ़त का फायदा उठाते हुए मैक्सिको ने लगातार हमले जारी रखे। 67वें मिनट में राउल जिमेनेज ने गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया और टीम की जीत लगभग तय कर दी।

दक्षिण अफ्रीका नौ खिलाड़ियों तक सिमटा

84वें मिनट में VAR समीक्षा के बाद थेम्बा ज्वाने को रोबर्टो अल्वाराडो पर अनुचित व्यवहार के लिए रेड कार्ड दिखाया गया। इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका नौ खिलाड़ियों तक सिमट गया और वापसी की उसकी उम्मीदें खत्म हो गईं। इंजरी टाइम में मैक्सिको के डिफेंडर सीजर मॉन्टेस को फाउल के कारण रेड कार्ड मिला, लेकिन तब तक मैच का परिणाम तय हो चुका था। अंतिम सीटी बजते ही मैक्सिको ने 2-0 की जीत के साथ विश्व कप अभियान का शानदार आगाज किया।

रंगारंग समारोह के साथ हुआ विश्व कप का शुभारंभ

इससे पहले फीफा विश्व कप 2026 का उद्घाटन समारोह बेहद भव्य रहा। संगीत, रोशनी और आतिशबाजी से सजे कार्यक्रम में माना, बेलिंडा, जे बाल्विन, शकीरा और बर्ना बॉय जैसे अंतरराष्ट्रीय कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। शकीरा और बर्ना बॉय की संयुक्त परफॉर्मेंस समारोह का मुख्य आकर्षण रही।

उद्घाटन समारोह के समापन के बाद अभिनेत्री सलमा हायेक और फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने विश्व कप 2026 का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके बाद विश्व कप ट्रॉफी का प्रदर्शन किया गया और फिर टूर्नामेंट के पहले मुकाबले की शुरुआत हुई।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • TMC सिंबल फ्रीज मामले में हुई सुनवाई, SC ने EC से पूछा- कब तक होगा अंतिम फैसला? 28 सितंबर को अगली तारीख

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: IIT बॉम्बे के दिवंगत छात्र के माता-पिता से राहुल गांधी ने की बात, न्याय के लिए मदद का दिया भरोसा

  • ,
  • जमशेदपुर में बड़ा सड़क हादसा, खड़े ट्रेलर से टकराई तेज रफ्तार कार, ग्रामीण विकास मंत्री की बेटी समेत चार की मौत

  • ,
  • बिहार में जमुई जैसा एक और वारदात! समस्तीपुर में दिन के उजाले में लड़की से छेड़छाड़, वीडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस

  • ,
  • राहुल गांधी ने IIT बॉम्बे के छात्र साहिल के परिवार से की फोन पर बात, न्याय दिलाने में मदद का दिलाया भरोसा