खेल

FIFA World Cup 2026: एम्बाप्पे के गोल से फ्रांस क्वार्टर फाइनल में, पैराग्वे को 1-0 से हराया

फ्रांस ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में पैराग्वे को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। किलियन एम्बाप्पे ने विजयी गोल कर कई रिकॉर्ड भी बनाए।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में फ्रांस ने पैराग्वे को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। मुकाबले का इकलौता गोल स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे ने पेनल्टी पर किया। इस जीत के साथ फ्रांस ने अंतिम-8 का टिकट पक्का कर लिया, जहां अब उसका सामना मोरक्को से होगा। कनाडा को 3-0 से हराने के बाद मोरक्को पहले ही क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुका है।

Published: undefined

एम्बाप्पे ने पेनल्टी पर दिलाई जीत, बनाए कई रिकॉर्ड

फ्रांस की जीत के सबसे बड़े नायक किलियन एम्बाप्पे रहे। डिजायर डूए को पेनल्टी बॉक्स के अंदर फाउल किए जाने के बाद फ्रांस को पेनल्टी मिली, जिसे एम्बाप्पे ने बिना कोई गलती किए गोल में बदल दिया। यह इस वर्ल्ड कप में उनका सातवां गोल है और इसके साथ ही वह गोल्डन बूट की दौड़ में मजबूत दावेदार बन गए हैं। इसके अलावा, वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में यह उनका रिकॉर्ड 11वां गोल भी रहा। एम्बाप्पे लगातार तीन वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 16 मुकाबलों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए।

Published: undefined

पैराग्वे ने दी कड़ी टक्कर, लेकिन नहीं बचा सका हार

हालांकि, फ्रांस के लिए यह मुकाबला आसान नहीं रहा। पैराग्वे ने पूरे मैच में अनुशासित खेल दिखाया और मजबूत डिफेंस के दम पर फ्रांस को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। पहले हाफ में गेंद पर फ्रांस का कब्जा ज्यादा रहा, लेकिन टीम पैराग्वे की रक्षापंक्ति को नहीं भेद सकी। फ्रांस के अधिकांश प्रयास लंबी दूरी के शॉट तक सीमित रहे, जिन्हें गोलकीपर ऑरलैंडो गिल ने आसानी से रोक लिया।

दूसरे हाफ में फ्रांस ने आक्रामक रणनीति अपनाई। ओस्मान डेम्बेले का तेज कॉर्नर मूव साइड नेटिंग में लगा, जबकि मनु कोने के लंबी दूरी के दमदार शॉट को ऑरलैंडो गिल ने शानदार डाइव लगाकर बचा लिया। लगातार दबाव के बीच 69वें मिनट में फ्रांस को पेनल्टी मिली और एम्बाप्पे ने उसे गोल में बदलकर टीम को निर्णायक बढ़त दिला दी। इसके बाद फ्रांस ने अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए 1-0 से मुकाबला जीत लिया।

Published: undefined

क्वार्टर फाइनल में मोरक्को से भिड़ंत, एम्बाप्पे ने कही यह बात

क्वार्टर फाइनल में अब फ्रांस का सामना मोरक्को से होगा, जिसने अपने राउंड ऑफ 16 मुकाबले में कनाडा को 3-0 से हराकर अंतिम-8 में जगह बनाई है। मैच के बाद एम्बाप्पे ने कहा कि टीम को पहले से अंदाजा था कि यह मुकाबला कठिन होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के मैच को जिस तरह फ्रांस ने संभाला, वह टीम के लिए सकारात्मक संकेत है। एम्बाप्पे ने कहा कि फ्रांस केवल आक्रामक फुटबॉल खेलने वाली टीम नहीं है, बल्कि हर परिस्थिति के अनुसार खुद को ढाल सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि अब पूरी टीम का ध्यान मोरक्को के खिलाफ होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले पर है और वे इस चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined