खेल

खेल: जर्मनी के पूर्व स्टार श्वेनस्टीगर पर ‘नस्लवादी’ टिप्पणी का आरोप और तुर्किये ने अमेरिका को 3-2 से हराया

आइवरी कोस्ट के कोच श्वेनस्टीगर द्वारा उनकी टीम के बारे में की गई उन टिप्पणियों की आलोचना की जिन्हें उन्होंने नस्लवादी माना। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप डी के आखिरी मुकाबले में तुर्किये ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान अमेरिका को 3-2 से हराया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

फीफा वर्ल्ड कप: तुर्किये का दमदार प्रदर्शन, रोमांचक मुकाबले में अमेरिका को 3-2 से हराया

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप डी के आखिरी मुकाबले में तुर्किये ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान अमेरिका को 3-2 से हराया। हालांकि, तुर्किये पहले ही नॉकआउट की दौड़ से बाहर हो चुका था, लेकिन टीम ने जीत के साथ अपने अभियान का शानदार अंत किया।

अमेरिका पहले ही ग्रुप डी में पहले स्थान पर रहते हुए राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह बना चुका है। ग्रुप में पहला स्थान पक्का होने के कारण अमेरिकी कोच मौरिसियो पोचेटिनो ने अपनी टीम में कई बदलाव किए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने वाली टीम की तुलना में उन्होंने 9 खिलाड़ियों को आराम दिया। वहीं, तुर्किये के खिलाड़ी सम्मान के लिए मैदान पर उतरे और पूरे मैच में शानदार जज्बा दिखाया।

मैच की शुरुआत अमेरिका के लिए बेहतरीन रही। 2 मिनट और 13 सेकंड में ऑस्टन ट्रस्टी ने सेबेस्टियन बरहाल्टर के कॉर्नर पर शानदार गोल कर अमेरिका को 1-0 की बढ़त दिला दी। यह अमेरिका की ओर से वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे तेज गोल था। इससे पहले 2014 में क्लिंट डेम्पसी ने घाना के खिलाफ सिर्फ 30 सेकंड में गोल किया था।

Published: undefined

आइवरी कोस्ट के कोच ने जर्मनी के पूर्व स्टार श्वेनस्टीगर की ‘नस्लवादी’ टिप्पणियों की आलोचना की

आइवरी कोस्ट के कोच एमर्स फाए ने जर्मनी के पूर्व खिलाड़ी बास्टियन श्वेनस्टीगर द्वारा उनकी टीम के बारे में की गई उन टिप्पणियों की आलोचना की जिन्हें उन्होंने नस्लवादी माना।

श्वेनस्टीगर ने पिछले सप्ताहांत जर्मनी और आइवरी कोस्ट के बीच मैच से पहले जर्मन प्रसारणकर्ता एआरडी पर ये टिप्पणियां की थीं जब वे इस बारे में बात कर रहे थे कि जर्मनी के खिलाड़ी अपने विरोधियों से क्या उम्मीद कर सकते हैं।

श्वेनस्टीगर ने कहा, ‘‘थोड़ा अफ्रीकी फुटबॉल, थोड़ा अनोखा, थोड़ा बेतरतीब, शायद थोड़ा ऐसा भी जिसमें रणनीति का अधिक असर नहीं हो। हमें इसके लिए तैयार रहना होगा कि यह अप्रत्याशित हो सकता है।’’

फाए ने बृहस्पतिवार को क्यूरासाओ पर 2-0 की जीत के साथ पहली बार आइवरी कोस्ट को विश्व कप के नॉकआउट दौर में पहुंचाया।

जीत के बाद फाए ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि श्वेनस्टीगर ने ‘एक बेतुका बयान दिया है जो जरूरी नहीं कि उनके असल विचारों को दर्शाता हो।’

फाए ने कहा, ‘‘अगर हम साफ-साफ कहें तो हम इसे नस्लवादी कह सकते हैं।’’

Published: undefined

इस नई टीम इंडिया में युवा जोश और अनुभव का बेहतरीन मेल है: रवि शास्त्री

भारत और आयरलैंड के बीच शुक्रवार से टी20 सीरीज की शुरुआत होगी, जिसके बाद टीम इंडिया इंग्लैंड के दौरे पर 5 टी20 और 3 वनडे मुकाबले खेलेगी। भारत के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री का मानना ​​है कि इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल दौरे से पहले नई भारतीय टीम में युवा जोश और अनुभव का सही तालमेल है। पूर्व कोच को भरोसा है कि भारतीय टीम मुश्किल हालात में भी अच्छा प्रदर्शन करने की काबिलियत रखती है।

इंग्लैंड दौरे से पहले शास्त्री ने टी20 फॉर्मेट में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली युवा टीम का समर्थन करते हुए उम्मीद जताई कि वे अपनी छाप छोड़ेंगे।

शास्त्री ने 'सोनी स्पोर्ट्स' नेटवर्क पर कहा, "इस नई टीम इंडिया में युवा जोश और अनुभव का बेहतरीन मेल है। श्रेयस अय्यर टी20 क्रिकेट के एक मजबूत खिलाड़ी हैं। उन्हें नई भारतीय टीम की कप्तानी का मौका मिलते देखना मेरे लिए उत्साहजनक है। मुझे अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा और टीम के बाकी सभी सदस्यों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।"

Published: undefined

आईसीसी के ‘ऑनलाइन ट्रोलिंग’ बचाव कार्यक्रम से जुड़ी 100 से अधिक महिला क्रिकेटर

 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के सोशल मीडिया मंचों पर ‘ट्रोलिंग’ के बचाव से जुड़े ‘प्लेयर प्रोटेक्शन प्रोग्राम’ में 100 से अधिक महिला क्रिकेटरों ने पंजीकरण कराया है।

आईसीसी ने इसके लिए एआई से संचालित ‘मॉडरेटर’ फ्रीडम2हियर के साथ साझेदारी की है जिसने मौजूदा महिला टी20 विश्व कप के दौरान लगभग 60,000 ‘हानिकारक सामग्री’ को हटाया है।

आईसीसी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि टूर्नामेंट की शुरुआत से अब तक 50 से अधिक नए खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है।

बयान में कहा गया है, ‘‘यह सेवा आईसीसी के आधिकारिक सोशल मीडिया खातों पर अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करती है। आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में भाग ले रही 12 में से सात टीम की खिलाड़ी इससे जुड़ी हैं। इसके अलावा अंपायर और प्रसारकों ने भी पंजीकरण कराया है।’’

टी20 विश्व कप के पहले सप्ताह के बाद इस ‘टूल’ ने लगभग 250,000 टिप्पणियों की समीक्षा की और लगभग 60,000 हानिकारक सामग्री को हटा दिया।

आईसीसी ने कहा, ‘‘बार-बार अपराध करने वालों में से 2,000 से अधिक लोगों की गतिविधियों पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिए गए और 370 उपयोगकर्ताओं को ब्लॉक कर दिया गया।’’

Published: undefined

सेरेना के सामने विम्बलडन के शुरुआती दौर में ऑस्ट्रेलिया की माया जॉइंट की चुनौती

सात बार की विम्बलडन एकल चैंपियन सेरेना विलियम्स सोमवार से शुरू हो रहे इस ग्रैंड स्लैम के पहले दौर में ऑस्ट्रेलिया की 20 वर्षीय माया जॉइंट से भिड़ेंगी। यह लगभग चार वर्षों के अंतराल के बाद इस टूर्नामेंट में उनका पहला एकल मुकाबला होगा।

इस 44 वर्षीय दिग्गज को घसियाले कोर्ट पर खेले जाने वाले टूर्नामेंट के लिए लिए वाइल्ड कार्ड मिला है। वह एकल के अलावा अपनी बड़ी बहन वीनस विलियम्स (46) के साथ युगल स्पर्धा में भी हिस्सा लेंगी।

सेरेना की टेनिस में वापसी की शुरुआत दो युगल अभ्यास मुकाबलों से हुई थी, लेकिन रविवार को ऑल इंग्लैंड क्लब द्वारा उनके एकल खेलने की घोषणा के साथ उनकी वापसी को नई गति मिल गई।

सेरेना ने अपना पिछला एकल मुकाबला 2022 के यूएस ओपन में खेला था, जहां उन्हें तीसरे दौर में अजला टोमल्यानोविच के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। उस समय उन्होंने ‘संन्यास’ शब्द का इस्तेमाल करने से इनकार करते हुए कहा था कि वह टेनिस से दूर होकर अपने जीवन के नये चरण की ओर बढ़ रही हैं। साल 2023 में उनकी दूसरी बेटी का जन्म हुआ था।

विम्बलडन में सेरेना पिछला मुकाबला 2022 में खेली थी। उन्हें तब पहले दौर में ही तत्कालीन विश्व नंबर 115 हार्मनी टैन ने पराजित किया था।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined