भारत ने रविवार को इतिहास रचते हुए लगातार दूसरी टी20 विश्व कप पर कब्जा किया। ऐसा पहली बार हुआ है जब पिछले बार की चैंपियन टीम ने कप उठाया हो, साथ ही यह पहली बार है जब कोई मेजबान टीम अपने घर में टी20 विश्व कप चैंपियन बनी हो। टीम इंडिया की इस जीत की पूरी दुनिया में चर्चा है। कई पूर्व खिलाड़ियों ने भारतीय क्रिकेट टीम की जमकर तारीफ की है।
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भारत को ‘पूरी तरह से जीत का हकदार’ बताया जबकि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने उन्हें ‘सीमित ओवरों की सर्वश्रेष्ठ टीम’ का तमगा किया। क्रिकेट जगत ने इस तरह से भारतीय टीम की ऐतिहासिक तीसरी टी20 विश्व कप खिताबी जीत को सराहा।
बल्ले से अपना बेजोड़ प्रदर्शन जारी रखते हुए भारत ने अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को फाइनल में 96 रन से करारी शिकस्त दी और तीन बार टी20 विश्व कप जीतने वाली तथा खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाली पहली टीम बन गई।
Published: undefined
तेंदुलकर ने टीम के प्रदर्शन की सराहना की और मुंबई में अपने घर के बाहर जश्न की एक झलक साझा की।
तेंदुलकर ने लिखा, ‘‘लगातार दो बार विश्व कप जीतना, पहली बार किसी टीम ने टी20 प्रारूप में ऐसा किया है। ट्रॉफी के पूरी तरह से हकदार। हमारी टीम ने क्या शानदार प्रदर्शन किया और क्रिकेट का एक खास ब्रांड दिखा। बहुत बढ़िया, टीम इंडिया। जय हिंद!’’
उन्होंने लिखा, ‘‘अपने घर के बाहर और पूरे देश में हो रहे जश्न को देखने के लिए मुंबई में नहीं हूं। क्या शानदार शाम रही। कमाल का काम किया टीम इंडिया।’’
Published: undefined
भारत की 2024 की जीत के बाद इस प्रारूप से संन्यास लेने वाले पूर्व कप्तान विराट कोहली ने टीम के जज्बे और दबदबे की तारीफ की।
कोहली ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘अहमदाबाद में टीम इंडिया की जबरदस्त जीत। पूरे टूर्नामेंट में हमारे खेले गए जबरदस्त क्रिकेट का कोई मुकाबला नहीं था। मुश्किल हालात में लड़ते रहने और एक बार फिर विश्व चैंपियन बनने के लिए लड़कों ने शानदार जज्बा दिखाया।’’
उन्होंने लिखा, ‘‘यह कामयाबी हासिल करने के लिए सभी खिलाड़ियों और प्रबंधन के सभी सदस्यों को बधाई।’’
Published: undefined
भारत के पूर्व कप्तान और भारतीय क्रिकेट बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि यह जीत हर स्तर पर भारतीय क्रिकेट की ताकत दिखाती है।
गांगुली ने पोस्ट किया, ‘‘टी20 विश्व कप जीतने के लिए भारत को बधाई... बहुत मजबूत टीम... बड़े मुकाबलों में बेहतर हुई... भारतीय क्रिकेट शानदार जगह पर है। महिला चैंपियन, अंडर-19 चैंपियन और अब पुरुष टी20 चैंपियन।’’
Published: undefined
वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान और मौजूदा मुख्य कोच डेरेन सैमी ने कहा कि पूरे टूर्नामेंट में भारत को हराना मुश्किल था।
सुपर आठ में भारत के खिलाफ हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर हुई वेस्टइंडीज के मुख्य कोच सैमी ने लिखा, ‘‘जैसा कि मैं पहले दिन से कह रहा था। आईसीसी टी20 विश्व कप जीतने के लिए आपको भारत को नॉकआउट में हराना होगा। किसी भी टीम ने ऐसा नहीं किया। बीसीसीआई को उनके तीसरे विश्व टी20 खिताब के लिए बधाई। न्यूजीलैंड को सांत्वना (बेहद निरंतर प्रदर्शन करने वाली टीम)।’’
Published: undefined
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान वॉन ने भारत को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ सफेद गेंद की टीम बताया।
वॉन ने लिखा, ‘‘भारत सर्वश्रेष्ठ टी20 टीम है.. साथ ही सर्वश्रेष्ठ 50 ओवर की टीम भी है.. सफेद गेंद के क्रिकेट में उन्हें रोकना मुश्किल होगा। उन्होंने खेल को एक अलग स्तर पर पहुंचा दिया है।’’
वॉन ने जसप्रीत बुमराह को टूर्नामेंट का अपना सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना।
Published: undefined
हालांकि संजू सैमसन को वेस्टइंडीज के खिलाफ लगभग क्वार्टर फाइनल जैसे सुपर आठ मुकाबले, इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल और फाइनल में अपने तीन महत्वपूर्ण अर्धशतक के लिए टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर हर्शल गिब्स ने लिखा, ‘‘भारत की शानदार जीत, ट्रॉफी घर ले जाने के लिए बधाई।’’
Published: undefined
अन्य खेलों से जुड़ी हस्तियों ने भी बधाई दी।
शतरंज ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती ने लिखा, ‘‘विश्व कप फाइनल लगभग 100 रन से जीतना! भारत के लिए खुशी है।’’
भारत के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने भी इस जीत पर दिल और भारत तिरंगे वाली इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी।
पीटीआई के इनपुट के साथ
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined