
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेला गया टेस्ट सीरीज का पहला मैच ड्रॉ रहा, जिसके बाद भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन पर सवाल उठाए हैं।
बेसिन रिजर्व की सपाट पिच पर, भारत ने पहली पारी 720/9 के स्कोर पर घोषित की। इस दौरान केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतक जड़े। टीम इंडिया ने पहली पारी के आधार पर 352 रन की बढ़त हासिल की।
हालांकि, न्यूजीलैंड मैच को ड्रॉ कराने में सफल रहा। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने क्रीज पर डटे रहकर अपनी टीम को 120 ओवरों में 239/5 तक पहुंचाया, जिसके बाद दोनों टीमें मैच को ड्रॉ पर खत्म करने के लिए सहमत हो गईं।
गांगुली ने पिछली व्हाइट-बॉल सीरीज में भारतीय टीम के प्रदर्शन और वेलिंगटन टेस्ट में बल्लेबाजों के खेल की तारीफ की, लेकिन प्लेइंग इलेवन में किसी विशेषज्ञ स्पिनर के न होने पर सवाल उठाया।
सौरव गांगुली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "इस सीरीज में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है, चाहे व्हाइट-बॉल हो या अब रेड-बॉल। बल्लेबाजों का खेल बहुत बढ़िया था। लेकिन उन्हें यह समझना होगा कि विदेशों में टेस्ट मैच जीतने के लिए, ऐसी पिचों पर एक असली स्पिनर का होना बहुत जरूरी है जो समय के साथ सपाट हो जाती हैं। टेस्ट क्रिकेट में आपको एक स्पिनर को तो खिलाना ही होगा। वाशिंगटन सुंदर एक ऑलराउंडर के तौर पर खेल सकते हैं, लेकिन बीसीसीआई, कुलदीप या मानव सुथार कहां हैं?"
न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम का मानना है कि भारत के खिलाफ ड्रॉ छूटे पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में बेसिन रिजर्व की पिच अपने पारंपरिक स्वरूप से अलग थी और इसमें दूसरे दिन से ही गति और उछाल कम हो गई थी।
लैथम ने कहा कि वेलिंगटन की पिच पर गेंदबाजों को वैसी मदद नहीं मिली जैसी कि वह उम्मीद कर रहे थे। उन्होंने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह बेसिन रिजर्व की पारंपरिक पिच की तरह नहीं थी, जैसा कि हम पिछले कुछ वर्षों से देखते आ रहे हैं। अगर यह बेसिन रिजर्व की पारंपरिक पिच होती तो इसमें गति और उछाल होती लेकिन हमें दूसरे दिन से ही ऐसा देखने को नहीं मिला।’’
न्यूजीलैंड के कप्तान का मानना है कि पिच की बदलती प्रकृति के बावजूद उनके गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि पिच से मिलने वाली मदद की कमी के कारण परिणाम हासिल करना मुश्किल हो गया।
उन्होंने कहा, ‘‘इसमें वह गति नहीं थी जो शायद पहले हुआ करती थी। मुझे लगता है कि जिस तरह से हम हालात के अनुसार ढलने में सफल रहे वह महत्वपूर्ण था। हमारे खिलाड़ियों के प्रयास में किसी तरह की कमी नहीं थी।’’
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 की नीलामी के दौरान टीम प्रबंधन के साथ बोली लगाने की मेज पर नजर नहीं आएंगे।
वह मेंटोर (मार्गदर्शक) के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने और अपने अनुभव से उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने की जिम्मेदारी निभाएंगे। आईपीएल की नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होगी।
इस महीने की शुरुआत में धोनी के आईपीएल करियर के समापन के साथ ही उन्हें सीएसके का मेंटर नियुक्त किया गया था।
धोनी ने 2008 से 2026 के बीच आईपीएल के 19 सत्रों में से 17 में सीएसके का प्रतिनिधित्व किया। वह 2016 और 2017 में टीम का हिस्सा नहीं थे, क्योंकि इन दो सत्रों में चेन्नई की टीम निलंबित थी।
पठान ने जियोस्टार पर कहा, ‘‘मैं जितना धोनी को जनता हूं, मुझे नहीं लगता कि वह नीलामी की मेज पर बैठेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वह मेंटोर हैं और नीलामी में बैठना उनकी भूमिका नहीं है। उनका काम खिलाड़ियों को सही दिशा दिखाना, अपना अनुभव साझा करना, उनके प्रदर्शन को बेहतर बनाने में मदद करना और उन्हें सीएसके के लिए मैच जीतना सिखाना है। बोली लगाने और नीलामी से जुड़े फैसले टीम प्रबंधन पर छोड़ दिए जाएंगे।’’
भारत और न्यूजीलैंड के बीच बेसिन रिजर्व में खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। इस मुकाबले में 'प्लेयर ऑफ द मैच' रहे हेनरी निकोल्स ने कहा कि पांच दिनों तक चले इस कड़े मुकाबले ने खिलाड़ियों के शरीर पर काफी असर डाला है और दोनों टीमों के खिलाड़ियों को कुछ समय तक शरीर में दर्द महसूस होता रहेगा।
टेस्ट के पहले दिन जब न्यूजीलैंड का स्कोर 70/5 था, तब निकोल्स ने ग्लेन फिलिप्स (118 रन) के साथ मिलकर टीम को संभाला और नाबाद 175 रन बनाए। इसके बाद जब भारत ने अपनी पहली पारी 720/9 के विशाल स्कोर पर घोषित की, तो न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों को लंबे समय तक फील्डिंग करनी पड़ी। दूसरी पारी में निकोल्स ने 31 रन बनाए, जबकि डेरिल मिशेल (नाबाद 49) और फिलिप्स (नाबाद 26) ने 258 गेंदों का सामना किया। इससे न्यूजीलैंड दूसरी पारी में 239/5 के स्कोर तक पहुंचकर मैच को ड्रॉ कराने में सफल रहा।
मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में निकोल्स ने कहा, "यह अच्छा रहा। आपने जैसा कहा कि यह गेंदबाजी वाली पारी भी थी। मगर आज कुछ न करना थोड़ा अजीब लग रहा था, जो कि कभी भी अच्छा नहीं लगता। शरीर में दर्द तो था ही, लेकिन अगर मैं थोड़ी देर और मैदान पर रहता तो अच्छा होता। यह वाकई काफी थका देने वाला टेस्ट था और मुझे लगता है कि पांच दिनों के बाद हर कोई इसे जरूर महसूस कर रहा होगा।"
भारत और न्यूजीलैंड के बीच बेसिन रिजर्व में खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहा। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की जुझारू पारियों के दम पर न्यूजीलैंड पहले टेस्ट में हार को टालने में सफल रहा। मैच के बाद भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने का कारण बताया।
गिल ने कहा, "हमने इस मैच के लिए सबसे बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण को मैदान में उतारा। सिराज एक शानदार खिलाड़ी और बेहतरीन गेंदबाज हैं, जिन्होंने भारत के लिए बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। मगर इन सबसे बढ़कर, वह मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। हमने एक साथ अपने करियर की शुरुआत की थी, भारत के लिए खेलने से पहले से ही हम बहुत अच्छे दोस्त रहे हैं। इसलिए उन्हें बाहर रखना मेरे लिए भी एक बहुत मुश्किल फैसला था। हालांकि, कभी-कभी आपको यह देखना पड़ता है कि कौन से गेंदबाज फॉर्म में हैं और कौन सबसे अच्छी गेंदबाजी कर रहा है।"
दरअसल, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की मौजूदा च्रक में मोहम्मद सिराज भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। यही वजह है कि जब पहले टेस्ट के लिए उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं दी गई, तो टीम मैनेजमेंट के इस फैसले की जमकर आलोचना हुई। गिल ने वेलिंगटन टेस्ट के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिराज को अंतिम ग्यारह में जगह न देने को लेकर सफाई दी।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए