खेल

खेल: गावस्कर बोले- बुमराह को पावरप्ले में कम से कम दो ओवर मिले और ODI रैंकिंग में स्मृति मंधाना बनीं नंबर-1 बल्लेबाज

गावस्कर ने कहा कि बुमराह को चार ओवर के बाद गेंद सौंपने का कोई मतलब नहीं है। स्मृति मंधाना ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल में संपन्न तीन मैच की श्रृंखला में उम्दा प्रदर्शन की बदौलत आईसीसी महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गईं।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

स्मृति मंधाना आईसीसी महिला एकदिवसीय बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर

भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल में संपन्न तीन मैच की श्रृंखला में उम्दा प्रदर्शन की बदौलत मंगलवार को जारी आईसीसी महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गईं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखला में 58 और 31 रन की पारियां खेलने वाली स्मृति के 790 अंक हैं और उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वोलवार्ट को पछाड़ा जिनके 782 अंक हैं। वोलवार्ट के पास मार्च और अप्रैल में न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला के दौरान फिर से शीर्ष स्थान हासिल करने का मौका होगा।

अपने अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में शतक जड़ने वाली एलिसा हीली ने 744 अंक के साथ रैंकिंग में चौथे स्थान पर रहते हुए अलविदा कहा। बेथ मूनी तीसरे जबकि एशले गार्डनर (724) पांचवें स्थान पर रहीं।

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर नौवें स्थान के साथ शीर्ष 10 में जगह बनाने में सफल रहीं जबकि जेमिमा रोड्रिग्स 12वें स्थान पर हैं।

Published: undefined

भारत और इंग्लैंड की टीमें एक दूसरे को बखूबी जानती हैं : कुरेन

भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप सेमीफाइनल से पहले इंग्लैंड के सैम कुरेन ने कहा कि दोनों टीमें एक दूसरे के खिलाफ इतना खेल चुकी हैं कि कुछ छिपाने के लिये नहीं है लेकिन उन्हें अपनी टीम से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है।

इंग्लैंड ने 2022 में भारत को सेमीफाइनल में दस विकेट से हराने के बाद खिताब जीता था जबकि भारत ने 2024 में इंग्लैंड को 78 रन से हराने के बाद खिताब जीता था ।

कुरेन ने वानखेड़े स्टेडियम पर इंग्लैंड के अभ्यास सत्र से पहले कहा ,‘‘ इस मैदान पर हम काफी खेल चुके हैं लिहाजा कुछ छिपा नहीं है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘हमारे पास अभ्यास के लिये दो दिन का समय है जिससे हालात के अनुकूल ढलने में मदद मिलेगी । इन स्टेडियमों में हम इतना खेल चुके हैं कि अलग अलग हालात की आदत हो गई है । हम भारतीय खिलाड़ियों के साथ बहुत खेलते हैं तो कुछ भी छिपा नहीं है ।’’

इंग्लैंड का इस टूर्नामेंट में प्रदर्शन उतार चढाव भरा रहा है जिसने नेपाल को बमुश्किल चार रन से हराया । सुपर आठ में पाकिस्तान को दो विकेट से मात दी ।

कुरेन ने कहा ,‘‘ पिछला प्रदर्शन अब मायने नहीं रखता । यह विश्व कप सेमीफाइनल है और हम इसमें अपना परफेक्ट खेल दिखायेंगे ।’’

Published: undefined

मैं घर लौट गई हूं, ऑल इंग्लैंड में नहीं खेल पाऊंगी: सिंधू

 दो बार की ओलंपिक पदक विजेता भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू खाड़ी में चल रही जंग के बाद हवाई क्षेत्र बंद किए जाने के कारण बर्मिंघम में ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में नहीं खेल पाएंगी और वह दुबई से स्वदेश लौट गई हैं।

सिंधू इंग्लैंड जाने के लिए उड़ान नहीं मिल पाने के कारण दुबई में फंसी हुई थी।

उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘बेंगलुरु में अपने घर लौट गई हूं और सुरक्षित हूं। पिछले कुछ दिन बेहद तनावपूर्ण और अनिश्चित रहे हैं। मैं ईश्वर की आभारी हूं कि मैं वापस अपने घर लौट आई हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दुबई की बेहतरीन ग्राउंड टीम, दुबई के अधिकारियों, हवाई अड्डे के कर्मचारियों, आव्रजन विभाग और उन सभी लोगों का तहेदिल से आभार जिन्होंने इस बेहद मुश्किल समय में हमारी अच्छी देखभाल की। ​​उनकी सहानुभूति और पेशेवर रवैए को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।’’

उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल अब आराम करने, खुद को तरोताजा करने और अगली प्रतियोगिताओं के बारे में सोचने का समय है।’’

Published: undefined

बुमराह को पावरप्ले में कम से कम दो ओवर मिलने चाहिए: गावस्कर

अपने जमाने के दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर का मानना है कि हैरी ब्रुक और जसप्रीत बुमराह के बीच की जंग भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप सेमीफाइनल मुकाबले का नतीजा तय करेगी तथा उन्होंने भारतीय टीम प्रबंधन से अपनी तेज गेंदबाजी के अगुआ को पावरप्ले में कम से कम दो ओवर देने का आग्रह किया।

मौजूदा चैंपियन भारत गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड से भिड़ेगा। इससे पहले 2022 और 2024 में भी इन दोनों टीमों के बीच सेमाईफाइल खेला गया था। इंग्लैंड ने 2022 में एडिलेड में भारत को 10 विकेट से हराया, जबकि रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम ने दो साल बाद वेस्टइंडीज के प्रोविडेंस में इसका बदला चुकता कर दिया था।

गावस्कर ने चैम्प्स फाउंडेशन के लिए आयोजित की जा रही डीपी वर्ल्ड सेलिब्रिटी गोल्फ प्रतियोगिता से पहले मीडिया से कहा, ‘‘मेरा मानना ​​है कि बुमराह को पावरप्ले में कम से कम दो ओवर करने चाहिए क्योंकि नई गेंद से अगर वह शुरू में विकेट ले लेते हैं, तो भारत का पलड़ा भारी हो जाएगा। वह जोस बटलर, फिल साल्ट और हैरी ब्रूक के विकेट लेकर इंग्लैंड की बल्लेबाजी को ध्वस्त कर सकते हैं।’’

बुमराह पावरप्ले के दौरान एक ओवर ही गेंदबाजी करते रहे हैं, क्योंकि टीम डेथ ओवरों के लिए उनके कम से कम दो ओवर बचाकर रखती है। गावस्कर ने कहा कि बुमराह को चार ओवर के बाद गेंद सौंपने का कोई मतलब नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘जब चार ओवर पहले ही फेंके जा चुके हैं और बल्लेबाजों को लगभग 20 गेंदें खेलने को मिल चुकी हैं, तो इसका मतलब होगा कि जब बुमराह गेंदबाजी करने के लिए आएंगे तो दोनों बल्लेबाजों को 8-10 गेंदें खेलने को मिल चुकी है और उन्होंने क्रीज पर अपने पांव जमा लिए होंगे। बुमराह और भारत दोनों के लिए यह बेहतर नहीं होगा कि बुमराह शुरू में गेंदबाजी करके विकेट हासिल करें।’’

Published: undefined

'हम काफी अच्छे नहीं थे', टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन पर हेड का बयान

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के उप-कप्तान ट्रेविस हेड ने स्वीकारा है कि उनकी टीम मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप 2026 में काफी अच्छी नहीं थी। टीम के वर्ल्ड कप से जल्दी बाहर होने के बाद, हेड अब साउथ ऑस्ट्रेलिया के लिए शेफील्ड शील्ड में हिस्सा लेंगे। हेड ने बताया है कि ऑस्ट्रेलिया टी20 फॉर्मेट के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

ऑस्ट्रेलियाई टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-बी में रखा गया था, जिसमें इस टीम ने 4 में से 2 मैच अपने नाम किए। आयरलैंड के खिलाफ 67 रन से जीत दर्ज करने के बाद ऑस्ट्रेलिया को जिम्बाब्वे ने 23 रन से मात देकर बड़ा उलटफेर कर दिया।

इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को श्रीलंका ने 8 विकेट से रौंदा। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल से बाहर हो गया। हालांकि, इस टीम ने ओमान के विरुद्ध 9 विकेट से शानदार जीत हासिल करते हुए अभियान का अंत किया। 2021 की चैंपियन टीम मल्टी-फॉर्मेट टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई थी।

शेफील्ड शील्ड शुरू होने से पहले ट्रेविस हेड ने पत्रकारों से कहा, "मुझे लगता है कि जब ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम नहीं जीतती तो बहुत से लोग माफी मांग लेते हैं। इसकी कोई वजह होनी चाहिए। लोग कोई वजह चाहते हैं। कभी-कभी वजह होती है, और कभी-कभी इसे समझाना थोड़ा मुश्किल होता है। हमारी टीम उतनी अच्छी नहीं थी, इसलिए हर कोई अपने निष्कर्ष निकाल सकता है, लेकिन हम एक टीम के तौर पर जानते हैं कि हम पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं, और वे बहुत जल्दी ठीक हो जाते हैं।"

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined