
बारिश से प्रभावित दूसरे वनडे में मिली जीत में अहम भूमिका निभाने वाले भारत के युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने यहां कहा कि न्यूजीलैंड की पिचों पर गेंदबाजी करना उन्हें रास आ रहा है जिस पर उन्हें अतिरिक्त उछाल से काफी मदद मिल रही है।
बराड़ ने चार विकेट लेकर न्यूजीलैंड की पूरी टीम को महज 134 रन पर समेटने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। हालांकि इसके बावजूद भारतीय टीम को जीत हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी। अंततः डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत भारत ने जीत दर्ज की और पांच मैच की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।
बराड़ ने मैच के बाद कहा, ‘‘मुझे यहां गेंदबाजी करने में बहुत मजा आया। न्यूजीलैंड में गेंदबाजी करते समय मिलने वाले उछाल और गति ने मेरी काफी मदद की। इसलिए मुझे यहां गेंदबाजी करना अच्छा लगा। ’’
अपनी गेंदबाजी रणनीति के बारे में बताते हुए इस तेज गेंदबाज ने कहा कि न्यूजीलैंड में मिलने वाले अतिरिक्त उछाल के कारण उन्हें अपनी स्वाभाविक क्षमता के अनुसार गेंदबाजी करने का मौका मिला। उन्हें भारतीय पिच की तरह ‘हार्ड लेंथ’ पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ी क्योंकि भारत में पिचें अपेक्षाकृत सपाट होती हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित रूप से भारत में पिचें काफी सपाट होती हैं इसलिए हमें ‘हार्ड लेंथ’ पर गेंदबाजी करनी पड़ती है। लेकिन यहां अतिरिक्त उछाल मिलता है। इसलिए मैंने अपनी ताकत के अनुसार गेंदबाजी की और इसका फायदा भी मिला। ’’
बड़ौदा ने टी20 फॉर्मेट की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (स्मैट) के लिए क्रुणाल पंड्या की कप्तानी में अपनी टीम की घोषणा कर दी। इस टीम में हार्दिक पंड्या को जगह नहीं मिली है। टूर्नामेंट 14 नवंबर से शुरू हो रहा है।
क्रुणाल पंड्या की कप्तानी में घोषित बड़ौदा की टीम में जितेश शर्मा, दीपक हुड्डा और रसिख सलाम जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
हार्दिक आईपीएल 20260 के बाद से ही कई चोटों की वजह से मैदान से बाहर हैं। आईपीएल के दौरान पीठ में ऐंठन होने के बाद से हार्दिक ने अपना ज्यादातर समय बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में बिताया है। उन्होंने आखिरी बार 24 मई को आईपीएल में खेला था।
ऑलराउंडर को हाल ही में अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इंडिया ए की टीम में चुना गया था, लेकिन पिंडली में नई चोट के कारण उन्हें बाहर कर दिया गया था।
हाल ही में, भारत के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने हार्दिक की नेशनल सेटअप में संभावित वापसी के बारे में बात की, और कहा कि ऑलराउंडर पहले घरेलू क्रिकेट खेलेंगे।
पिछली बार अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान से पराजय झेलने वाला भारत रविवार को यहां होने वाले ग्रुप ए के महत्वपूर्ण मुकाबले में बदला चुकता करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेगा।
भारत ने अपने पहले मैच में नेपाल को 10 विकेट से हराकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया था। उसने 128 रन के लक्ष्य को 19.1 ओवर में हासिल कर दिया था।
वहीं, पाकिस्तान ने मेजबान यूएई के खिलाफ 37.3 ओवरों में 225 रन के लक्ष्य को हासिल करते हुए नौ विकेट से जीत दर्ज की थी।
यह मैच ग्रुप ए में शीर्ष पर रहने वाली टीम के निर्धारण को देखते हुए महत्वपूर्ण है। इसमें जीत हासिल करने वाली टीम के ग्रुप में शीर्ष पर रहने की संभावना बढ़ जाएगी। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष पर रहने वाली दो टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।
दोनों टीम ने अपने अभियान का शानदार आगाज किया है और ऐसे में रविवार को होने वाला मैच काफी रोमांचक होने की संभावना है।
भारत के लिए बल्लेबाजी में निगाहें आर्यवीर सहवाग पर टिकी होंगी, जो पूर्व भारतीय स्टार सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे हैं और जिन्होंने नेपाल के खिलाफ सिर्फ 52 गेंदों में नाबाद 70 रन बनाकर अपनी प्रतिभा का शानदार नमूना पेश किया था।
उन्होंने सात चौके और चार छक्के लगाए, जिससे उनके आक्रामक बल्लेबाजी के तरीके में उनके पिता की बल्लेबाजी शैली की झलक दिखाई दी।
तौहीद हिरदॉय के नाबाद 'दोहरे शतक' की मदद से बांग्लादेश ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली पारी में बढ़त हासिल की। सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में तौहीद 242 रन बनाकर नाबाद रहे। यह टेस्ट फॉर्मेट में किसी बांग्लादेशी बल्लेबाज की सबसे बड़ी पारी है।
तौहीद ने 359 गेंदों में 11 छक्के और 22 चौके जड़ते हुए मुशफिकुर रहीम के 219* रन के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया, जो उन्होंने 2018 में जिम्बाब्वे के खिलाफ मीरपुर में बनाया था।
सीरीज के दूसरे मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने पहली पारी में 356 रन बनाए। कैरेबियन टीम ने महज 27 रन तक 3 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद आमिर जंगू ने केविन विकहम के साथ चौथे विकेट के लिए 131 रन, जबकि जस्टिन ग्रीव्स के साथ 106 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
आमिर जंगू 15 बाउंड्री के साथ 133 रन बनाकर आउट हुए, जबकि केविन विकहम ने 61 रन की पारी खेली। इनके अलावा, जस्टिन ग्रीव्स 51 रन बनाकर आउट हुए। इस पारी में हसन महमूद ने 90 रन देकर 6 विकेट हासिल किए, जबकि तस्किन अहमद और मेहदी हसन मिराज ने 2-2 विकेट चटकाए।
ऑलराउंडर आमिर जमाल को श्रीलंका के खिलाफ नौ नवंबर से यहां होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए पाकिस्तान की टीम में शामिल किया गया है। बाएं हाथ के स्पिनर अली उस्मान और सलामी बल्लेबाज अब्दुल्ला फजल को टीम से बाहर कर दिया गया है।
पाकिस्तान ने अपनी टीम में काफी बदलाव किए हैं तथा कई ऐसे खिलाड़ी टीम में शामिल किए हैं जिन्होंने अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है। इन खिलाड़ियों में बल्लेबाज मोहम्मद तैयब आरिफ, समीर मिन्हास, मोहम्मद सलमान, मोहम्मद ताहा और तेज गेंदबाज साकिब खान और अली शब्बीर शामिल हैं।
इन सभी खिलाड़ियों ने इस सप्ताह की शुरुआत में श्रीलंका के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच में भाग लिया था। श्रीलंका ने यह मैच 142 रन से जीता था।
श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए पाकिस्तान की टीम: बाबर आजम (कप्तान), आमिर जमाल, अली शब्बीर, अराफात मिन्हास, अज़ान अवैस, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद गाजी गोरी (विकेटकीपर), मोहम्मद सुलेमान, मोहम्मद ताहा, मुहम्मद तैयब आरिफ, रजाउल्लाह, साद बेग (विकेटकीपर), सलमान अली आगा, समीर मिन्हास, साकिब खान और सऊद शकील।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए