अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा बुधवार को जारी पुरुष टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने पहला स्थान हासिल किया है। ब्रूक ने साथी खिलाड़ी और इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट को पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया है। भारतीय कप्तान गिल को 2 स्थान का फायदा हुआ है। गिल आठवें स्थान पर चले गए हैं।
लॉर्ड्स में आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड की 115 रनों की जीत के दौरान पहली पारी में अर्धशतक लगाने के बाद ब्रूक नंबर एक स्थान पर आ गए। ब्रूक पहली बार दिसंबर 2024 में शीर्ष स्थान पर पहुंचे थे। मैच में पचास से अधिक रन बनाने वाले केवल दो खिलाड़ियों में से एक ब्रुक थे। ब्रूक ने पहली पारी में 56 रन बनाए थे। ट्रेविस हेड दूसरे स्थान पर आ गए हैं। हेड को एक स्थान का फायदा हुआ है।
जो रूट के लिए लॉर्ड्स टेस्ट अच्छा नहीं रहा था। दोनों पारियों में वह एक और आठ रन ही बना पाए थे। इसका उन्हें नुकसान हुआ है। रूट दो स्थान खिसकर पहले से सीधे तीसरे स्थान पर आ गए हैं।
Published: undefined
पाकिस्तान ने जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों की पुरुषों की टी20 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए बुधवार को सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान की अगुआई में 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की जिसमें अधिकतर खिलाड़ी अनुभवहीन हैं।
टीम में बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान, शाहीन शाह अफरीदी, हारिस राऊफ और शादाब खान जैसे सीनियर स्टार खिलाड़ियों को शामिल नहीं किया गया है।
फरहान पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में पाकिस्तान की कप्तानी करेंगे। पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय खेलने वाले अब्दुल समद को उप कप्तान बनाया गया है।
टीम में शामिल अबरार अहमद, उस्मान खान और सईम अयूब ने ही हाल में पर्याप्त अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला है।
टीम के चार सदस्यों आकिफ जावेद, अली रजा, माज सदाकत और साद मसूद ने अभी तक टी20 अंतरराष्ट्रीय में पदार्पण नहीं किया है।
Published: undefined
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के शीर्ष अधिकारी इस सप्ताह के आखिर में यहां होने वाली बैठक में टेस्ट टीम के कप्तान शान मसूद और मुख्य कोच सरफराज खान के भविष्य पर महत्वपूर्ण निर्णय लेंगे।
बैठक में पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी भी शामिल होंगे। इसमें यह तय किया जाएगा कि बांग्लादेश दौरे पर टीम की 0-2 से शर्मनाक हार के बाद शान मसूद और सरफराज खान को आगामी इंग्लैंड और वेस्टइंडीज दौरों के लिए अपनी जिम्मेदारियों के साथ बरकरार रखा जाए या नहीं।
पीसीबी सूत्र ने कहा, ‘‘ सबसे अहम फैसला शान मसूद के वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरों पर टेस्ट टीम के कप्तान बने रहने पर होगा।’’
सूत्र ने कहा, ‘‘कुछ चयनकर्ताओं और बोर्ड के कुछ अधिकारियों का मानना है कि अब टेस्ट टीम की कप्तानी सलमान अली आगा को सौंपने का समय आ गया है।’’
मसूद हालांकि कप्तानी जारी रखना चाहते हैं, लेकिन बांग्लादेश दौरे के निराशाजनक प्रदर्शन का असर उनके भविष्य पर पड़ सकता है।
Published: undefined
भारत के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या खेलने की स्वीकृति मिलने के कुछ घंटे बाद बुधवार को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला से बाहर हो गए जब उनकी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया।
पंड्या बेंगलुरु में भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में अपनी पीठ की ऐंठन की चोट से उबरने के बाद खेलने की मंजूरी लेने गए थे। यह चोट उन्हें आईपीएल में मुंबई इंडियन्स के लिए खेलते समय लगी थी।
हो सकता है कि यह नई चोट सीओई में आकलन के दौरान पूरे 10 ओवर की गेंदबाजी करने की वजह से लगी हो।
अफगानिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला शनिवार को धर्मशाला में शुरू होगी। इसके बाद लखनऊ और चेन्नई में क्रमशः 17 और 20 जून को दो अन्य मैच खेले जाएंगे।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, ‘‘उन्हें ठीक होने में तीन हफ्ते लगेंगे इसलिए उनके एकदिवसीय श्रृंखला में खेलने की कोई संभावना नहीं है क्योंकि उनका रिहैबिलिटेशन पूरा नहीं हो पाएगा।’’
पंड्या आईपीएल में मुंबई इंडियन्स के लिए कुछ मैच नहीं खेल पाए थे लेकिन टीम के अंतिम कुछ मैच में खेलने के लिए उतरे थे।
Published: undefined
अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले वामहस्त स्पिनर मानव सुथार इंग्लैंड के क्लब वारविकशर के लिए काउंटी चैम्पियनशिप के अगले दो मैचों में खेलेंगे।
वारविकशर ने बुधवार को सुथार के साथ अल्पकालिक अनुबंध की घोषणा की। इस अनुबंध के तहत वह रॉथेसे काउंटी चैम्पियनशिप के अगले दो मैचों के लिए चयन के लिए उपलब्ध होंगे। पहला मैच 12 से 15 जून तक यॉर्कशर के खिलाफ स्कारबोरो में और दूसरा मैच अगले सप्ताह समरसेट के खिलाफ टॉनटन में खेला जाएगा।
तेईस वर्षीय सुथार ने हाल ही में मुल्लांपुर (पंजाब) में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया। उन्होंने पहली पारी में 33 रन देकर छह और दूसरी पारी में 29 रन देकर एक विकेट लिया।
टेस्ट पदार्पण से पहले उन्होंने 29 प्रथम श्रेणी मैचों में 129 विकेट अपने नाम किए हैं।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined