न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद अर्शदीप सिंह 12 स्थान ऊपर चढ़कर गेंदबाजों की रैंकिंग में संयुक्त रूप से 19वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
इंग्लैंड के टॉम बैंटन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में शतक लगाने के बाद 34 स्थान की छलांग लगाकर करियर के सर्वश्रेष्ठ 13वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
जो रूट वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में दो स्थान ऊपर चढ़कर नौवें नंबर पर आ गए हैं, जबकि जोफ्रा आर्चर गेंदबाजों की सूची में सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के खिलाड़ियों को टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद बल्लेबाजी और गेंदबाजी रैंकिंग में फायदा हुआ है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आईसीसी की ताजा रैंकिंग में इसका इनाम मिला है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में दमदार गेंदबाजी करने वाले भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने 12 स्थान की छलांग लगाई है। वह वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में संयुक्त रूप से 19वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, इंग्लैंड के बल्लेबाज टॉम बैंटन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतकीय पारी के दम पर करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल की है।
अर्शदीप सिंह इस सप्ताह वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में सबसे ज्यादा सुधार करने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे। न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में उनके प्रदर्शन का असर रैंकिंग पर दिखाई दिया और वह 12 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 19वें नंबर पर पहुंच गए। अफगानिस्तान के स्पिन गेंदबाज राशिद खान वनडे में दुनिया के नंबर एक गेंदबाज बने हुए हैं।
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी को भी ताजा रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है। वह 15 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 12वें नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके साथी काइल जैमीसन ने भी 15 स्थान की छलांग लगाई और 45वें नंबर पर आ गए हैं।
इंग्लैंड के बल्लेबाज टॉम बैंटन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में शानदार शतक लगाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। एडिलेड में खेले गए मुकाबले में उन्होंने 99 गेंदों पर 121 रन बनाए। यह उनके वनडे करियर का दूसरा शतक था। इस प्रदर्शन के बाद बैंटन बल्लेबाजी रैंकिंग में 34 स्थान ऊपर चढ़कर अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 13वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट भी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग के टॉप-10 में वापसी करने में सफल रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में अर्धशतक लगाने के बाद रूट दो स्थान ऊपर चढ़कर नौवें नंबर पर पहुंच गए हैं। भारतीय कप्तान शुभमन गिल वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी बने हुए हैं।
गेंदबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर को भी फायदा हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरुआती दो वनडे मैचों में एक-एक विकेट लेने के बाद वह चार स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं और गेंदबाजों की टॉप-10 सूची में वापसी की है।
शारजाह में जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के बीच खेली गई टेस्ट सीरीज में जिम्बाब्वे ने 2-0 से जीत दर्ज की। इस सीरीज के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों को आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में फायदा हुआ है।
टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी सबसे ज्यादा सुधार करने वाले खिलाड़ियों में रहे। दूसरे और निर्णायक टेस्ट में छह विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच बने मुजरबानी पांच स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 16वें नंबर पर पहुंच गए हैं। स्पिनर ग्रीम क्रेमर ने भी छह स्थान की छलांग लगाई और 65वें नंबर पर आ गए हैं।
बल्लेबाजी रैंकिंग में जिम्बाब्वे के सलामी बल्लेबाज इनोसेंट काइया 20 स्थान ऊपर चढ़कर 50वें नंबर पर पहुंच गए हैं। अनुभवी ब्रेंडन टेलर को भी 40 स्थान का फायदा हुआ है और वह 62वें नंबर पर आ गए हैं।
अफगानिस्तान के ऑलराउंडर नसीर मारूफखिल ने टेस्ट डेब्यू में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहली पारी में शतक लगाने के साथ सात विकेट भी लिए। पुरुषों के टेस्ट क्रिकेट में एक ही मैच में शतक और सात विकेट लेने वाले वह केवल चौथे खिलाड़ी बने। इस प्रदर्शन के बाद वह टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में 93वें और गेंदबाजी रैंकिंग में संयुक्त रूप से 78वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए