
श्रीलंका के खिलाफ सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में जारी दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन तक भारत ने अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। मेहमान टीम ने अपनी पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित की, जिसके जवाब में श्रीलंकाई टीम दिन की समाप्ति तक 8 विकेट गंवाकर 265 रन बना सकी है। यहां से उसे फॉलोऑन बचाने के लिए 39 रन की दरकार है।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित की।
इसके जवाब में श्रीलंका ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 83.4 ओवरों का सामना करते हुए 8 विकेट खोकर 265 रन जुटा लिए।
श्रीलंका के स्पिनर प्रभात जयसूर्या को मंगलवार को कोलंबो में भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन आईसीसी आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए फटकार लगाई गई और उनके खाते में एक डिमैरिट अंक जोड़ा गया।
आईसीसी ने कहा कि जयसूर्या को खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करते हुए पाया गया है जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या पोशाक को नुकसान पहुंचाने से जुड़ा है। आईसीसी ने कहा कि इस खिलाड़ी का पिछले 24 महीने यह पहला अपराध था।
दूसरे दिन के खेल की आखिरी गेंद पर भारतीय स्पिनर मानव सुथार की गेंद पर पगबाधा आउट होने के बाद जयसूर्या ने पवेलियन लौटते समय बाउंड्री पर अपना बल्ला पटका था। जयसूर्या ने अपराध स्वीकार किया और मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट द्वारा प्रस्तावित दंड को मान लिया।
बाएं हाथ के स्पिनर अनुकूल रॉय ने पांच विकेट चटकाए जबकि वैभव सूर्यवंशी ने भी दो विकेट लिए जिससे पूर्व क्षेत्र ने मंगलवार को यहां पूर्वोत्तर क्षेत्र को पारी और 210 रन से करारी शिकस्त देकर दलीप ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
यह मुकाबला ढाई दिन के भीतर ही समाप्त हो गया। पूर्व क्षेत्र ने पहली पारी में 467 रन बनाए थे जिसके जवाब में पूर्वोत्तर क्षेत्र की टीम पहली पारी में महज 111 रन पर सिमट गई। टीम इसके बाद फॉलोऑन खेलते हुए दूसरी पारी में भी 146 रन पर आउट हो गई।
तीसरे दिन दूसरी पारी में केवल 50 ओवर में ही मुकाबला समाप्त हो गया।
ब्रायडन कार्स के शराब पीने के विवाद में शामिल होने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने ऐसी सजा की मांग की है जिससे पूरी इंग्लैंड क्रिकेट टीम में कंपकंपी दौड़ जाए।
वॉन ने कहा, "किसी को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जिससे पूरी इंग्लैंड क्रिकेट टीम को सिहरन हो, ताकि सभी को पता चले कि अगर आप गलत व्यवहार करते हैं या इस टीम के साथ किसी भी तरह की बदनामी करते हैं, तो आपको पता है कि क्या होने वाला है। यह एकमात्र ऐसी सजा है जिससे खिलाड़ियों को सच में दुख होगा।"
पूर्व कप्तान ने कहा कि अगर पिछले साल की दूसरी घटनाओं के बाद कार्स को एक उदाहरण बनाया जाता है तो उन्हें उनके लिए बुरा लगेगा। मुझे उम्मीद है कि कार्स को अपने आस-पास अच्छा समर्थन मिल रहा है। वह एक ऐसा कैरेक्टर है कि अगर आप उसे थोड़ी छूट देंगे तो वह बहुत ज्यादा झेल लेगा। उसे अपने आस-पास ऐसे लोगों की जरूरत है जो उसे बेहतर सलाह दे सकें।
उन्होंने कहा, "अगर पिछले नौ महीनों में जो कुछ हुआ है, उसके लिए कार्स को जिम्मेदार ठहराया जाता है, तो मुझे दुख होगा, लेकिन कहीं न कहीं, किसी न किसी तरह, कुछ ऐसा करना होगा जिससे एक मिसाल बने कि वे अब उस तरह का बर्ताव बर्दाश्त नहीं करेंगे।"
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और कोच राहुल द्रविड़ यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) में अलग भूमिका में हैं। वह इस लीग की फ्रेंचाइजी डबलिन गार्डियंस के को-ओनर हैं। द्रविड़ ने कहा है कि वह अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर कुछ ऐसा करने जा रहे हैं, जो उन्हें रोमांचक लगता है।
राहुल द्रविड़ ने जियोस्टार पर कहा, "लीग के साथ काम करने और जुड़ने के लिए कुछ बहुत अच्छे लोग हैं। एम्स्टर्डम फ्लेम्स में स्टीव वॉ हैं, जिनकी मैं हमेशा तारीफ करता रहा हूं, और जेमी ड्वायर उस टीम को बना रहे हैं। ग्लेन मैक्सवेल एक टीम का हिस्सा हैं, और लीग के मालिक भी। अभिषेक बच्चन जैसे किसी का खेल के लिए जो जुनून है और जिस टीम को उन्होंने लीग बनाने के लिए बनाया है, उससे लगा कि ये अच्छे लोग कुछ बहुत अच्छा करने की कोशिश कर रहे हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "मैंने सोचा, 'क्यों न इसमें शामिल हुआ जाए, कुछ थोड़ा अलग किया जाए?' मैं हमेशा एक कोच या एक खिलाड़ी के तौर पर शामिल रहा हूं, लेकिन चीजों को सेट अप करने और कोच और खिलाड़ी और मार्केटिंग और फाइनेंस को नियुक्त करने की कोशिश करना, ये चीजें मेरे कम्फर्ट जोन से थोड़ी बाहर हैं, फिर भी रोमांचक हैं।"
आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए