खेल

ईरान के कोच का USA पर बड़ा आरोप, बोले- टीम को विश्व कप के मैच के बाद तुरंत अमेरिका छोड़ने के लिए कहा गया

टीम ने अपने पहले मैच के बाद थकान से उबरने के लिए कैलिफ़ोर्निया में रात बिताने की योजना बनाई थी, लेकिन मैच के बाद उन्हें बताया गया कि सभी को तुरंत विमान से 140 मील की दूरी तय करके तिजुआना वापस लौटना होगा।

ईरान के कोच का USA पर बड़ा आरोप, बोले- टीम को विश्व कप के मैच के बाद तुरंत अमेरिका छोड़ने के लिए कहा गया
ईरान के कोच का USA पर बड़ा आरोप, बोले- टीम को विश्व कप के मैच के बाद तुरंत अमेरिका छोड़ने के लिए कहा गया फोटोः सोशल मीडिया

ईरान की विश्व कप टीम के कोच आमिर घालेनोई ने कहा कि सोमवार रात न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच 2-2 से ड्रॉ बराबर रहने के कुछ ही घंटों बाद उन्हें अमेरिका छोड़ने और मैक्सिको में अपने अभ्यास स्थल में लौटने का आदेश दिया गया।

घालेनोई ने यह नहीं बताया कि ईरान की टीम को तय समय से पहले रवाना होने का आदेश किसने दिया था। टीम ने अपने पहले मैच के बाद थकान से उबरने के लिए कैलिफ़ोर्निया में रात बिताने की योजना बनाई थी, लेकिन मैच के बाद उन्हें बताया गया कि सभी को तुरंत विमान से 140 मील की दूरी तय करके तिजुआना वापस लौटना होगा।

घालेनोई ने कहा, ‘‘उन्होंने हमें आराम करने का समय तक नहीं दिया। मैच के बाद हमसे कहा गया कि हमें तुरंत यहां निकलना होगा। हमारे लिए आराम करना बहुत ज़रूरी है, लेकिन हमें तिजुआना स्थित अपने शिविर में वापस लौटने के लिए कहा जा रहा है। हम इससे बहुत परेशान हैं।’’

अमेरिका और इजरायल के 28 फरवरी को ईरान पर हमला करने के बाद ईरान की फुटबॉल टीम के लिए स्थिति अच्छी नहीं रही है और उन्हें पर्याप्त अभ्यास का मौका भी नहीं मिला है। उसने अपने मैच अमेरिका से स्थानांतरित करने का अनुरोध किया था जिसे विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा ने अस्वीकार कर दिया था।

घालेनोई ने कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो हमें नहीं पता कि वे हमें वापस क्यों भेज रहे हैं। मुझे यह बहुत अजीब लग रहा है। ऐसा लगता है कि हमारे लिए योजना कोई और बना रहा है। हमारे लिए फैसले कहीं और लिए जा रहे हैं। हमें मैच से दो रात पहले आना था, और आज रात आराम करने के लिए रुकना था और कल दोपहर वापस लौटना था। हमें बिल्कुल भी पता नहीं है कि ऐसा क्यों हो रहा है।’’

ईरान के कप्तान मेहदी तारेमी ने कहा कि टीम को रविवार को तिजुआना से लॉस एंजिलिस तक की कम अवधि की यात्रा के बावजूद पांच घंटे की यात्रा और सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा।

मैच के लगभग एक घंटे बाद तारेमी ने कहा, ‘‘हमें अभी लॉस एंजिलिस छोड़ना होगा। यह हमारे लिए अच्छा नहीं है। मुझे लगता है कि फीफा को हमारी इससे ज़्यादा मदद करनी चाहिए। हमारे लिए सब कुछ एक आपदा जैसा है।’’

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: IIT बॉम्बे के दिवंगत छात्र के माता-पिता से राहुल गांधी ने की बात, न्याय के लिए मदद का दिया भरोसा

  • ,
  • जमशेदपुर में बड़ा सड़क हादसा, खड़े ट्रेलर से टकराई तेज रफ्तार कार, ग्रामीण विकास मंत्री की बेटी समेत चार की मौत

  • ,
  • बिहार में जमुई जैसा एक और वारदात! समस्तीपुर में दिन के उजाले में लड़की से छेड़छाड़, वीडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस

  • ,
  • राहुल गांधी ने IIT बॉम्बे के छात्र साहिल के परिवार से की फोन पर बात, न्याय दिलाने में मदद का दिलाया भरोसा

  • ,
  • मौसम अपडेट: 17 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, UP-बिहार से ओडिशा तक मौसम लेगा करवट, जानें देशभर का हाल