
वर्ल्ड बॉक्सिंग रैंकिंग में भारतीय मुक्केबाजों का दबदबा देखने को मिल रहा है। जैस्मीन लंबोरिया महिलाओं की 57 किग्रा कैटेगरी में दुनिया की नंबर वन मुक्केबाज बन गई हैं। एशियाई चैंपियन प्रिया घांघस (60 किग्रा) और विश्वनाथ सुरेश (50 किग्रा) अपनी-अपनी कैटेगरी में टॉप तीन में पहुंच गए हैं। खास बात यह है कि भारतीय बॉक्सर महिलाओं की 10 में से नौ वेट कैटेगरी और पुरुषों की 10 में से आठ कैटेगरी में टॉप 10 में शामिल हैं।
महिलाओं के वर्ग में, मीनाक्षी ने 48 किग्रा कैटेगरी में वर्ल्ड नंबर 1 के तौर पर अपना दबदबा बनाए रखा है, जबकि प्रीति नंबर 3 पर पहुंच गईं हैं। अरुंधति चौधरी (70 किग्रा), पूजा रानी (80 किग्रा), और नूपुर (+80 किग्रा) सभी वर्ल्ड नंबर 2 पर हैं। निकहत जरीन (51 किग्रा) और लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा) ने भी दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाए रखी। यह भारी वेट कैटेगरी में भारत की बढ़ती ताकत को दिखाता है।
पुरुषों की टीम ने भी वैसी ही निरंतरता दिखाई। सचिन और नरेंद्र लगातार अंतरराष्ट्रीय सफलता के बाद टॉप 5 में शामिल हो गए, जबकि हितेश गुलिया (70 किग्रा) ने अपनी नंबर 6 रैंकिंग बनाए रखी और अविनाश जमवाल (65 किग्रा) दुनिया में आठवें स्थान पर रहे। आकाश (75 किग्रा) और लोकेश (85 किग्रा) भी टॉप 10 में शामिल हो गए।
Published: undefined
आईपीएल 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टी20 इंटरनेशनल टीम में शामिल करने की मांग उठ रही है। हालांकि पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि अभी वैभव को टी20 टीम में जगह मिल पाना मुश्किल है।
आकाश चोपड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में बताया कि संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की मौजूदगी में वैभव को भारत की टी20 टीम में जगह मिल पाना मुश्किल है। आकाश ने कहा कि सैमसन का प्रदर्शन टी20 विश्व कप 2026 में लाजवाब रहा था और वह 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' रहे थे। ऐसे में सैमसन की जगह पर वैभव को टीम में लाना उचित नहीं होगा।
पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि अभिषेक शर्मा भी क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। अभिषेक लंबे समय से टी20 में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बने हुए हैं। यही वजह है कि उनकी जगह पर वैभव को टीम में अभी मौका देना सही नहीं होगा।
आकाश चोपड़ा ने माना कि 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव होनदार और शानदार बल्लेबाज हैं, लेकिन अभी उन्हें भारतीय टी20 टीम में आने के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।
Published: undefined
बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने स्वीकार किया कि कम समय में टी20 क्रिकेट से टेस्ट प्रारूप में खेलना आसान नहीं होता है क्योंकि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को समाप्त हुए अभी एक सप्ताह भी नहीं बीता है और भारतीय टीम को टेस्ट क्रिकेट की तैयारी करनी पड़ रही है।
आईपीएल में कुलदीप की फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही और उनका खुद का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा। उन्होंने 12 मैचों में सिर्फ 10 विकेट लिए।
अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले कुलदीप ने पीटीआई से विशेष साक्षात्कार में कहा कि पिछले दो सप्ताह से वह क्रिकेट के सबसे बड़े प्रारूप में ढलने के लिए नेट पर अभ्यास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘आईपीएल में खेलने के तुरंत बाद लाल गेंद की क्रिकेट खेलना आसान नहीं होता है। इसके लिए अच्छी तैयारी बेहद जरूरी होती है। सौभाग्य से मुझे समय मिल गया। मैंने कम से कम 10 से 15 दिन लाल गेंद से अभ्यास किया।’’
Published: undefined
ऋषभ पंत के बचपन के कोच देवेंद्र शर्मा ने इस भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज को आड़े शॉट खेलने से बचने और ऑफ-साइड पर अधिक खेलने की सलाह दी है।
पंत के लिए आईपीएल का लगातार दूसरा सत्र निराशाजनक रहा, जिसके बाद उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी छोड़ दी। अब वह भारत के लिए केवल टेस्ट क्रिकेट में खेलते हैं जहां हाल में उन्हें उप कप्तान पद से भी हटा दिया गया था।
शर्मा ने पीटीआई से कहा, ‘‘वह जरूरत से ज्यादा कोशिश कर रहा है और बहुत अधिक आड़े शॉट खेल रहा है। वह खुद पर बहुत ज्यादा दबाव डाल रहा है। उसे अधिक सीधे शॉट खेलने चाहिए, इससे उसे अधिक सफलता मिलेगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब मैंने उससे आखिरी बार बात की थी, तो मैंने उसे फॉर्म में वापसी करने के लिए अधिक से अधिक सीधे शॉट खेलने का सुझाव दिया था। जब आप रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हो तो आपको ‘बेसिक्स’ पर ध्यान देना चाहिए।’’
पंत अब शनिवार से मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में खेलते हुए नजर आएंगे।
Published: undefined
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के सात जून को होने चुनाव से पहले स्थिति की समीक्षा करने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने यहां का दौरा किया।
बीसीबी का संचालन वर्तमान में पूर्व सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल की अध्यक्षता वाली अंतरिम समिति कर रही है। इससे पहले राष्ट्रीय खेल परिषद ने बड़े पैमाने पर कथित अनियमितताओं के आरोप में अमीनुल इस्लाम के नेतृत्व वाले बीसीबी प्रशासन को भंग कर दिया था।
आईसीसी में बयान ने कहा, ‘‘आईसीसी के दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) से जुड़े घटनाक्रमों की समीक्षा करने और विभिन्न हितधारकों के साथ बातचीत करने के लिए बांग्लादेश का दौरा किया। इस प्रतिनिधिमंडल में आईसीसी बोर्ड के निदेशक मोहम्मद एएस मूसाजी (क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका) और तावेंगवा मुकुहलानी (जिम्बाब्वे क्रिकेट) शामिल थे।’’
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined