
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स ने कहा है कि भविष्य में द्विपक्षीय एकदिवसीय श्रृंखलाओं की संख्या कम हो सकती है लेकिन 50 ओवर के प्रारूप के बिना क्रिकेट की कल्पना करना मुश्किल है।
रोड्स का मानना है कि प्रारूप चाहे कोई भी हो प्रशंसक अपनी टीम का समर्थन करने के लिए मैदान पर आते रहेंगे। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि आने वाले वर्षों में 50 ओवर के क्रिकेट को कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए यह समझना महत्वपूर्ण है कि 50 ओवर का क्रिकेट शायद ऐसा प्रारूप है जो आने वाले वर्षों में मुश्किल में पड़ सकता है क्योंकि इसमें एक नया दर्शक वर्ग और खेल के प्रति अलग नजरिया देखने को मिलता है।’’
रोड्स ने कहा, ‘‘हम भाग्यशाली हैं कि 50 ओवर के क्रिकेट के पास ऐसे जुनूनी प्रशंसक हैं जो प्रारूप या संस्करण की परवाह किए बिना अपनी टीम का समर्थन करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल मुझे लगता है कि द्विपक्षीय श्रृंखला कम होती जाएंगी लेकिन 50 ओवर के क्रिकेट के बिना क्रिकेट की कल्पना करना बहुत मुश्किल है।’’
भारत और श्रीलंका के बीच शनिवार से गॉल में शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला से पहले श्रीलंका के पूर्व हरफनमौला फरवीज महरूफ ने युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को भारतीय टीम का संभावित ‘एक्स फैक्टर (तुरुप का इक्का)’ करार देते हुए कहा कि जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में 26 साल के इस तेज गेंदबाज को टेस्ट पदार्पण का मौका दिया जाना चाहिए।
दक्षिण अफ्रीका से घरेलू श्रृंखला को 0-2 से गंवाने के बाद भारत डब्ल्यूटीसी तालिका में पांचवें स्थान पर है। टीम श्रीलंका के खिलाफ इस अहम श्रृंखला में चोटिल बुमराह के बिना उतरेगी।
मोहम्मद सिराज के तेज आक्रमण की अगुवाई करने की उम्मीद है, जबकि अंतिम एकादश में प्रसिद्ध कृष्णा की जगह गुरनूर बराड़ को मौका मिलने की चर्चा भी तेज है।
‘सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क’ की ओर से आयोजित वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में महरूफ ने ‘पीटीआई’ के सवाल पर कहा कि पुरानी गेंद से रिवर्स स्विंग कराने की बुमराह की क्षमता भारत के लिए सबसे बड़ी कमी साबित हो सकती है।
अफगानिस्तान ने राशिद खान के ऑलराउंड खेल के दम पर आयरलैंड को तीसरे एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 31 गेंद शेष रहते हुए तीन विकेट से हराकर अगले साल अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर ली।
आयरलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.3 ओवर में 206 रन बनाकर आउट हो गई। एक समय उसका स्कोर आठ विकेट पर 128 रन था। इसके बाद गेविन होए (36) और जय मूंदड़ा (31) ने नौवें विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की।
अफगानिस्तान की तरफ से राशिद ने 44 रन देकर तीन और एएम गजनफर ने 29 रन देकर तीन विकेट लिये।
इसके जवाब में अफगानिस्तान सलामी बल्लेबाज रहमनुल्लाह गुरबाज के 71 रन के बावजूद छह विकेट पर 164 रन बनाकर संघर्ष कर रहा था। राशिद ने यहीं से मोर्चा संभाला और 43 गेंद पर नाबाद 37 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। आयरलैंड की तरफ से होए ने 34 रन देकर चार विकेट लिए।
भारत के पूर्व फील्डिंग कोच टी दिलीप ने कहा विराट कोहली का क्षेत्ररक्षण करते समय जोश अन्य खिलाड़ियों पर भी सकारात्मक प्रभाव डालता है और इससे कम से कम पांच अन्य खिलाड़ी अपनी सीमा से बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं।
दिलीप का भारतीय टीम के साथ लगभग पांच साल का कार्यकाल हाल ही में इंग्लैंड दौरे के बाद समाप्त हुआ। उन्होंने अभ्यास और मैच के दौरान जोश और जज्बा बनाए रखने के लिए भी कोहली की सराहना की।
दिलीप ने जियोस्टार से कहा, ‘‘जब विराट कोहली की बात आती है, तो उनके जोश का कोई सानी नहीं है। आपने उन्हें पावरप्ले में देखा है, एक बल्लेबाज के रूप में उनका खेल देखा है। चाहे वह कवर पर हों या शॉर्ट मिड-विकेट पर, उनकी फुर्ती और उनकी डाइव का कोई जवाब नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पिछली श्रृंखला में भी वह शानदार डाइव लगा रहे थे और काफी चुस्त दुरुस्त थे। वह खेल में हर समय अपना सब कुछ झोंक देते हैं।’’
दिलीप ने कहा, ‘‘अपने करियर के इस मोड़ पर भी वह डेथ ओवरों में एक छोर से दूसरे छोर तक दौड़ते हैं। जब फील्डिंग फैली होती है तो सर्कल से बाहर निकलने वाले वह पहले खिलाड़ी होते हैं। टीम के लिए ऐसा करना शानदार है।’’
भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से दो टेस्ट मुकाबलों की सीरीज खेली जाएगी। श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज परवेज महरूफ का मानना है कि स्पिनर्स का सामना करने में भारतीय बल्लेबाजी की कमजोरियों के बावजूद, भारत मेजबान श्रीलंका की तुलना में कहीं बेहतर तैयारी के साथ मैदान में उतरेगा।
दोनों देश 15 अगस्त से गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में सीरीज का पहला मैच खेलेंगे, जिसके बाद 23 अगस्त से कोलंबो स्थित सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में सीरीज का दूसरा मैच खेला जाएगा। इससे पहले भारत ने श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय वार्म-अप मैच 6 विकेट से अपने नाम किया था। इस टेस्ट सीरीज के साथ दोनों टीमों के लिए जून 2027 में होने वाले फाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के 24 अहम अंक दांव पर होंगे।
महरूफ ने मंगलवार को 'सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क' की तरफ से आयोजित एक ऑनलाइन बातचीत में 'आईएएनएस' से कहा, "भारतीय बल्लेबाजी क्रम की कमजोरी और इसे लेकर फैली नकारात्मकता, खासकर घरेलू मैदान पर साउथ अफ्रीका से हारने के बाद, ऐसी स्थिति है जिसका श्रीलंका फायदा उठा सकता है अगर वे अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाएं। मेरी चिंता यह है कि कुछ खिलाड़ियों ने वेस्टइंडीज सीरीज के बाद से कोई मैच नहीं खेला है, क्योंकि उसके तुरंत बाद लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) और फिर यह टेस्ट सीरीज शुरू हो गई। इसलिए, हो सकता है कि कुछ गेंदबाज वर्कलोड के मामले में पूरी तरह तैयार न हों। उनके पास अपना वर्कलोड बढ़ाने और कुछ समय तक ट्रेनिंग करने के लिए कम से कम कुछ हफ्ते थे, लेकिन यह प्रैक्टिस मैच जैसा नहीं है। श्रीलंका ने समय की कमी के कारण कोई प्रैक्टिस मैच नहीं खेला है, जबकि भारत ने अभी-अभी तीन दिवसीय मुकाबला खेला है।"
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए