
कमलजीत और सुरुचि सिंह ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद जोरदार वापसी करते हुए शुक्रवार को एशियाई खेलों की 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में भारत को पहला निशानेबाजी स्वर्ण पदक दिलाकर दल का मनोबल बढ़ाया।
देश की खुशी में इजाफा करते हुए पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम ने भी रजत पदक हासिल किया। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्रांक्ष पाटिल और नीरज कुमार की भारतीय तिकड़ी ने 1762 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
ऐश्वर्य और नीरज इसके बाद व्यक्तिगत फाइनल में इस लय को बरकरार नहीं रख सके जिससे भारत के खाते में दिन में एक स्वर्ण और एक रजत आया। इसने उस टीम को राहत और निराशा दोनों दी जो यहां पहुंचने के बाद से एक के बाद एक निराशाओं से जूझ रही थी।
बीस वर्षीय सुरुचि के लिए शीर्ष स्थान हासिल करना कुछ हद तक उस निराशा का प्रायश्चित था जो महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता में मिली थी, जहां उन्होंने मनु भाकर और ईशा सिंह के साथ भारतीय टीम को खाली हाथ लौटते देखा था। वह व्यक्तिगत पदक से चूक गई थीं।
हरियाणा के झज्जर की युवा निशानेबाज सुरुचि भी उसी जिले से हैं जहां की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर हैं। सुरुचि ने एक सरल उद्देश्य, निराशा को पीछे छोड़ना और स्वर्ण के लिए निशाना लगाने के साथ शूटिंग रेंज में वापसी की। उन्होंने ठीक वैसा ही किया
भारत की पुरुष और महिला कबड्डी टीम ने अपना प्रभावशाली प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को यहां एशियाई खेलों के फाइनल में जगह बनाकर अपना स्वर्ण पदक बरकरार रखने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए।
भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीम शनिवार को होने वाले फाइनल में ईरान से भिड़ेंगी।
मौजूदा चैंपियन भारतीय महिला टीम ने नेपाल पर 48-24 से जीत हासिल की। जिस तरह से वह अब चौथी बार स्वर्ण पदक हासिल करने से केवल एक जीत दूर है।
भारत की पुरुष टीम भी मौजूदा चैंपियन है। उसने सेमीफाइनल में थाईलैंड के खिलाफ 66-28 से जीत दर्ज करके नौवां स्वर्ण पदक जीतने की अपनी उम्मीदों को पंख लगाए।
भारत की दोनों टीमें फाइनल में ईरान और चीनी ताइपे के बीच होने वाले मुकाबले के विजेताओं से खेलेंगी।
बाएं हाथ के स्पिनर शम्स मुलानी ने दूसरी पारी में तीन विकेट सहित मैच में 124 रन देकर सात विकेट लिए जिससे भारत ए ने शुक्रवार को यहां के केएपी-सीचेम स्टेडियम में खेले गए पहले चार दिवसीय क्रिकेट मैच में ऑस्ट्रेलिया ए को 162 रन से करारी शिकस्त दी।
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अपनी दूसरी पारी सुबह दो विकेट पर 55 रन से आगे बढ़ाई और उसकी पूरी टीम 200 रन पर आउट हो गई। मुलानी ने शीर्ष स्कोरर फर्गस ओनील (47) सहित तीन बल्लेबाजों को आउट किया। ओनील ने डीप मिड-विकेट पर कैच दिया।
तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने शुरुआती घंटे में ही कल के अविजित बल्लेबाज नाथन मैकस्वीनी (35) और कप्तान पीटर हैंड्सकॉम्ब (16) को आउट कर ऑस्ट्रेलिया की टीम को बैकफुट पर धकेल दिया।
पवेलियन छोर से कंबोज की जगह गेंद संभालने वाले तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने जोश फिलिप और लियाम स्कॉट को लगातार गेंद पर आउट किया। इसके बाद ऑफ स्पिनर तनुष कोटियन ने जेसन संघा को क्लीन बोल्ड कर दिया। इससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर लंच तक सात विकेट पर 185 रन हो गया।
भारत ने इसके बाद उसकी दूसरी पारी समेटने में देर नहीं लगाई।
भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज विजय दहिया को 2026/27 घरेलू सीजन के लिए एक बार फिर दिल्ली की सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया है।
भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के बचपन के कोच और द्रोणाचार्य अवॉर्ड विजेता राजकुमार शर्मा को 'स्टेट मेंटर' नियुक्त किया गया है। वहीं, सुनीता शर्मा को महिला टीमों के लिए इसी जिम्मेदारी की भूमिका सौंपी गई है। दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) द्वारा शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पुरुष और महिला टीमों की चयन समिति और कोचों के बारे में ये फैसले क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) द्वारा सभी सिफारिशें सौंपे जाने के बाद लिए गए।
आईपीएल 2022 की विजेता टीम गुजरात टाइटंस के साथ सहायक कोच रहे दहिया ने दिल्ली को 2007/08 में रणजी ट्रॉफी जिताई थी और 2012/13, 2014/15 और 2015/16 सीजन में भी इसी भूमिका में काम किया था। भारत के लिए दो टेस्ट और 10 वनडे मैच खेलने वाले दहिया अब पूर्व भारतीय ऑफ-स्पिनर और चयनकर्ता सरनदीप सिंह की जगह लेंगे, जो पिछले दो सीजन से इस भूमिका में थे और अब सीएसी का हिस्सा हैं।
एशियन गेम्स 2026 में शुक्रवार को कोरोगी स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए ग्रुप ए के मुकाबले में नेपाल क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया है।
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। टीम की शुरुआत खराब रही और टॉप-3 बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। पारी की शुरुआत करने आए मोहम्मद अकरम 2 रन और हसन ईसाखिल बिना खाता खोले आउट हो गए। करीम जन्नत 9 रन बनाकर आउट हो गए।
चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए फैसल शिलोजादा और पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए नजबुल्ला जादरान ने टीम को संभाला। दोनों ने 30-30 रन की पारी खेली और टीम को 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 102 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए नांगेयालिया खरोटी ने भी नाबाद 17 रन बनाए।
नेपाल की तरफ से ललित राजवंशी ने 3 और कुशाल भुर्टेल ने 4 विकेट लिए। 103 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी नेपाल की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम ने 12 के स्कोर पर 2 और 31 के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए थे। लेकिन संदीप जोरा के 35 गेंदों पर बनाए 34 रन और पूर्व कप्तान रोहित पौडेल के 32 गेंदों पर बनाए नाबाद 33 रनों की बदौलत टीम ने 17.2 ओवर में 5 विकेट पर 103 रन बनाकर मैच 5 विकेट से जीत लिया। कप्तान दीपेंद्र सिंह ऐरी ने भी 15 रन बनाए।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए