खेल

खेल: कोहली-गायकवाड़ की जोड़ी ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ ODI में रचा इतिहास और राणा को लगी फटकार

कोहली-गायकवाड़ की जोड़ी ने इस मामले में सचिन तेंदुलकर और दिनेश कार्तिक की जोड़ी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिन्होंने 24 फरवरी 2010 को साउथ अफ्रीका के विरुद्ध ग्वालियर में दूसरे विकेट के लिए 194 रन जोड़े थे।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

कोहली-गायकवाड़ की जोड़ी ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में रचा इतिहास

विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ बुधवार को जारी दूसरे वनडे मैच में इतिहास रच दिया। इस जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिए 195 रन की साझेदारी की। यह भारत के लिए साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है। 

 कोहली-गायकवाड़ की जोड़ी ने इस मामले में सचिन तेंदुलकर और दिनेश कार्तिक की जोड़ी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिन्होंने 24 फरवरी 2010 को साउथ अफ्रीका के विरुद्ध ग्वालियर में दूसरे विकेट के लिए 194 रन जोड़े थे।

 रायपुर में खेले जा रहे इस मुकाबले में विराट कोहली ने 93 गेंदों का सामना करते हुए 2 छक्कों और 7 चौकों के साथ 102 रन बनाए। यह उनके वनडे करियर का 53वां शतक रहा। वहीं, ऋतुराज गायकवाड़ 83 गेंदों में 2 छक्कों और 12 चौकों की मदद से 105 रन बनाकर आउट हुए।

 ऋतुराज गायकवाड़ ने 77 गेंदों में शतक पूरा किया। यह साउथ अफ्रीका के विरुद्ध किसी भारतीय बल्लेबाज का दूसरा सबसे तेज वनडे शतक रहा। इस लिस्ट में यूसुफ पठान शीर्ष पर हैं, जिन्होंने साल 2011 में साउथ अफ्रीका के विरुद्ध सेंचुरियन में खेले गए वनडे मुकाबले के दौरान महज 68 गेंदों में शतक लगाया था।

विराट कोहली आईसीसी एकदविसीय रैकिंग में चौथे स्थान पर पहुंचे

स्टार भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रांची में पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में मैच विजयी शतकीय पारी की बदौलत बुधवार को जारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की नवीनतम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गए।

कोहली ने रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 120 गेंद में 135 रन की पारी खेली जो 50 ओवर के प्रारूप में उनका 52वां शतक था। उनकी पारी की बदौलत भारत ने 17 रन से जीत दर्ज की।

सैंतीस साल के कोहली के अब 751 रैंकिंग अंक हैं। वह शीर्ष पर बरकरार पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (783), न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल (766) और अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान (764) से पीछे हैं।

कोहली ने भारत के एकदिवसीय कप्तान शुभमन गिल को पीछे छोड़ा जो गर्दन की चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैच की मौजूदा श्रृंखला से बाहर होने के कारण पांचवें स्थान पर खिसक गए।

भारत के सीमित ओवरों के मुकाबलों के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान लगी चोट से उबर रहे श्रेयस अय्यर नौवें स्थान पर बने हुए हैं।

दक्षिण अफ्रीका के ब्रूइस के खिलाफ आक्रामक बर्ताव के लिए राणा को फटकार

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा को फटकार लगाई और रांची में पहले एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस को आउट करने के बाद उनके आक्रामक बर्ताव के लिए एक डिमेरिट अंक उनके खाते में जोड़ दिया।

आईसीसी ने एक बयान में कहा, ‘‘राणा को आईसीसी की आचार संहिता के लेवल एक के उल्लंघन का दोषी पाया गया। ’’

यह घटना रविवार को दक्षिण अफ्रीका की पारी के 22वें ओवर में हुई जब भारत के तेज गेंदबाज ने ब्रेविस को आउट करने के बाद ड्रेसिंग रूम की तरफ इशारा किया जिससे बल्लेबाज आक्रामक प्रतिक्रिया दे सकता था।

राणा को खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान बल्लेबाज के आउट होने पर उसका अपमान करने वाली भाषा, एक्शन या इशारे करने या आक्रामक प्रतिक्रिया देने से जुड़ा है।

आईसीसी के बयान में कहा गया, ‘‘इसके अलावा राणा के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है और उनकी यह 24 महीने के समय में पहली गलती थी। ’’

इंग्लैंड के खिलाफ गाबा में अपना विजय अभियान जारी रखने उतरेगा ऑस्ट्रेलिया

पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच में धमाकेदार जीत दर्ज करने के बाद उत्साह से भरी ऑस्ट्रेलिया की टीम इंग्लैंड के खिलाफ गुरुवार से यहां शुरू होने वाले दूसरे दिन रात्रि एशेज टेस्ट क्रिकेट मैच में अपना विजय अभियान जारी रखने की कोशिश करेगी।

इंग्लैंड ने 1986 के बाद से गाबा में कोई एशेज टेस्ट नहीं जीता है। वह 2010-11 श्रृंखला के बाद से ऑस्ट्रेलियाई धरती पर अपनी पहली जीत हासिल करने की तलाश में भी है।

ऑस्ट्रेलिया का दिन रात्रि टेस्ट मैच में रिकॉर्ड अच्छा है लेकिन वह इस बात को भूल नहीं सकता कि वह पिछले साल जनवरी में गाबा में वेस्टइंडीज से आठ रन से हार गया था। गाबा ऐसा मैदान है जहा ऑस्ट्रेलिया की टीम दशकों से लगभग अपराजेय रही है।

पैट कमिंस की अनुपस्थिति में ऑस्ट्रेलिया की टीम की कमान संभालने वाले स्टीव स्मिथ इस मैच में किसी भी तरह की कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं और इसलिए उन्होंने अपनी आंखों के नीचे काली पट्टी (स्ट्रिप) लगाने का फैसला किया है ताकि वह दूधिया रोशनी में अच्छी तरह से बल्लेबाजी कर सकें।

उन्होंने इसके लिए बाकायदा वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज शिवनारायण चंद्रपाल से सलाह भी ली है। चंद्रपाल अक्सर आंखों के नीचे काली पट्टी लगाकर खेला करते थे।

बीबीएल के अगले सीजन से बाहर हुए तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन

ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बिग बैश लीग (बीबीएल) के अगले सीजन से बाहर हो गए हैं। पीठ में इंजरी की वजह से जॉनसन को आगामी सीजन से बाहर होना पड़ा है।

 बुधवार को क्लब की तरफ से जारी एक बयान में जॉनसन ने कहा, "रिकवरी की प्रक्रिया में शामिल सभी लोगों से मुझे बहुत सपोर्ट मिला है। मुझे जल्द से जल्द वापसी का भरोसा है। मुझे पता है कि हीट के फैंस इस सीजन में टीम को पूरा सहयोग देंगे। मैं भी बाहर से फैंस के रूप में टीम का समर्थन करूंगा।"

 ब्रिस्बेन हीट के सीईओ टेरी स्वेनसन ने कहा कि वह जॉनसन के जल्दी ठीक होने की दुआ करते हैं और अगले साल क्लब के लिए उनकी वापसी का इंतजार करेंगे। स्पेंसर पीठ की चोट से उबर रहे हैं। उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है लेकिन उनकी वापसी आगामी सीजन में नहीं हो पाएगी। हम सभी स्पेंसर के लिए निराश हैं लेकिन जब तक वह ठीक नहीं हो जाते, हम उन्हें लगातार सपोर्ट देंगे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत में चोट से बहुत अच्छे से वापसी की है और मुझे कोई शक नहीं है कि वह भविष्य में फिर से पूरी तरह ठीक होने के लिए प्रयास करेंगे और वापसी करेंगे।

 क्लब के बयान में कहा गया है कि जॉनसन के विकल्प का ऐलान 15 दिसंबर को जिलॉन्ग में मेलबर्न रेनेगेड्स के खिलाफ होने वाले उनके शुरुआती मुकाबले के समय किया जाएगा।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए