
न्यूजीलैंड के मार्क चैपमैन और जैक फाउल्क्स चोटिल होने के कारण भारत के खिलाफ 22 अक्टूबर से क्राइस्टचर्च में शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज से बाहर हो गए हैं।
बाएं हाथ के बल्लेबाज चैपमैन पिछले महीने यूरोपीय टी20 लीग के दौरान चोटिल हो गए थे। उनके बाएं पांव की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था और वह अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं। तेज गेंदबाज फाउल्क्स के दाहिने कूल्हे में हाल ही में कैंटरबरी में अभ्यास सत्र के दौरान चोट लग गई थी।
चैपमैन ने अब तक 113 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। यह 32 वर्षीय बल्लेबाज भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में वापसी कर सकता है लेकिन फाउल्क्स की वापसी की कोई निश्चित समयसीमा नहीं है। ऑलराउंडर जोश क्लार्कसन और तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर को इन दोनों खिलाड़ियों के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने स्वीकार किया कि टी20 सीरीज से पहले दो प्रमुख खिलाड़ियों का चोटिल होना टीम के लिए बड़ा झटका है।
भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों ने एशियाई खेलों के जरिये ओलंपिक कोटा हासिल करने वाला पहला देश बनकर इतिहास रच दिया लेकिन उन्हें इस उपलब्धि तक पहुंचाने वाले विदेशी कोच को कार्यभार संभालने के तीन महीने बाद भी वेतन नहीं मिला है ।
अमेरिका के डेव कजिंस को मई में भारत का मुख्य कंपाउंड तीरंदाजी कोच बनाया गया था । समझा जाता है कि बकाया भुगतान नहीं मिलने पर उन्होंने भारत छोड़कर जाने की धमकी दी है।
भारतीय तीरंदाजी संघ के कोषाध्यक्ष डॉक्टर जोरिस पाउलोस उम्माचेरिल और भारतीय खेल प्राधिकरण के एक अधिकारी ने कहा कि भुगतान में विलंब तकनीकी कारणों से हुआ है जो अब सुलझ गया है और अगले कुछ दिन में उन्हें भुगतान हो जायेगा ।
कजिंस के मार्गदर्शन में भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों ने एशियाई खेलों में तीन स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता । भारत ने तीरंदाजी में पांच स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य हासिल किया ।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार को जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम परिसर में खेला जाएगा। बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव के पास इस मुकाबले में अपने टी20 करियर में विकेटों का शतक पूरा करने का मौका है।
कुलदीप यादव ने लखनऊ में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में शानदार गेंदबाजी की थी। बाएं हाथ के इस करिश्माई स्पिनर ने 4 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट लेते हुए अपने टी20 विकेटों की संख्या 97 तक पहुंचा दी थी। अगर कुलदीप रांची टी20 में तीन विकेट हासिल करने में सफल रहते हैं, तो उनके 100 टी20 विकेट पूरे हो जाएंगे।
कुलदीप ने 55 मैचों की 53 पारियों में 97 विकेट लिए हैं। अगर वह वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 में 3 विकेट ले पाए, तो अंतरराष्ट्रीय टी20 में 100 विकेट लेने वाले भारत के पांचवें गेंदबाज होंगे। कुलदीप 2 बार 5 विकेट लेने की उपलब्धि भी हासिल कर चुके हैं।
अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल यह 100 विकेट वाली उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज जीत रावल ने पेशेवर क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। 38 साल के रावल ने आखिरी बार जनवरी 2020 में न्यूजीलैंड के लिए खेला था।
रावल का जन्म 22 सितंबर 1988 को अहमदाबाद, गुजरात में हुआ था। उनके पिता का सपना था कि रावल एक दिन न्यूजीलैंड की तरफ से क्रिकेट खेलें। इसी सपने को पूरा करने के लिए रावल का परिवार न्यूजीलैंड शिफ्ट हो गया। रावल न्यूजीलैंड अंडर-19 टीम का हिस्सा रहे और घरेलू क्रिकेट में ऑकलैंड और नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स (एनडी) टीम के लिए खेले।
नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स क्रिकेट एसोसिएशन को दिए इंटरव्यू में रावल ने कहा कि न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय टीम के लिए खेलना उनका और उनके पिता का बचपन का सपना था। इसे पूरा करने का मौका देने के लिए उनके पिता पूरे परिवार को न्यूजीलैंड ले गए थे। “यह फैसला लेते हुए मुझे गर्व और संतुष्टि महसूस हो रही है। ब्लैककैप्स के लिए खेलना मेरा और मेरे पिता का सपना था। मुझे यह मौका देने के लिए उन्होंने पूरे परिवार को न्यूजीलैंड शिफ्ट करने का बड़ा कदम उठाया।”
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने नवंबर 2016 में 28 साल की उम्र में न्यूजीलैंड के लिए टेस्ट मैचों में डेब्यू किया था। वह न्यूजीलैंड के लिए 24 टेस्ट खेले। टेस्ट मैचों की 39 पारियों में 1 शतक और 7 अर्धशतक की मदद से उन्होंने 1,143 रन बनाए। वनडे और टी20 में न्यूजीलैंड की तरफ से डेब्यू का मौका उन्हें नहीं मिला।
भारत के स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा सौराष्ट्र के 2026-27 रणजी ट्रॉफी सत्र के पहले मुकाबले में छत्तीसगढ़ के खिलाफ खेलेंगे जबकि दो बार की चैंपियन टीम के लिए जयदेव उनादकट कप्तानी बरकरार रखेंगे।
बाएं हाथ के अनुभवी स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर जडेजा को वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की 2-1 से वनडे सीरीज जीत के बाद सौराष्ट्र की 16 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैच खेलते हुए दो विकेट लिए। हालांकि, उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला।
अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के दो टेस्ट मैच (वेलिंगटन में 19 से 23 नवंबर, क्राइस्टचर्च में 27 नवंबर से एक दिसंबर) के दौरे से पहले जडेजा लाल गेंद से अभ्यास हासिल करना चाहेंगे।
रणजी ट्रॉफी का 92वां चरण 11 अक्टूबर से शुरू होगा। सौराष्ट्र पिछले सत्र में शुरुआती चरण में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। इस बार टीम को एलीट ग्रुप-बी में आंध्र, असम, छत्तीसगढ़, हैदराबाद, कर्नाटक, पंजाब और त्रिपुरा के साथ रखा गया है।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए