
पाकिस्तान हॉकी टीम के कप्तान शकील अम्माद बट ने ऑस्ट्रेलिया के उथल-पुथल भरे दौरे से लौटने के बाद राष्ट्रीय महासंघ की जमकर आलोचना की और कहा कि इस दौरे के दौरान उनकी टीम को न केवल होटल में बुकिंग नहीं होने के कारण सड़कों पर भटकना पड़ा, बल्कि मैच खेलने के लिए जाने से पहले बर्तन भी धोने पड़े।
Published: undefined
बट ने बुधवार को सुबह लाहौर हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा कि पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) उनसे झूठ बोल रहा था और ‘‘अब पानी सिर के ऊपर से बाहर चला गया है।’’
बट ने कहा, ‘‘हम महासंघ के मौजूदा प्रबंधन के रहते हुए खेलना जारी नहीं रख सकते। जब खिलाड़ियों को मैच खेलने जाने से पहले रसोई साफ करनी पड़ती है और बर्तन धोने पड़ते हैं तो आप हमसे कैसे अच्छे परिणाम की उम्मीद कर सकते हैं।’’
सरकारी स्वामित्व वाले पाकिस्तान खेल बोर्ड (पीएसबी) ने यह पुष्टि की थी कि उसने ऑस्ट्रेलिया में राष्ट्रीय टीम के होटल में ठहरने की व्यवस्था के लिए पीएचएफ को एक करोड़ से अधिक पाकिस्तानी रुपये दिए थे। इसके बाद पीएचएफ को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा है।
Published: undefined
पाकिस्तान हॉकी टीम को कैनबरा जाने वाली अपनी अगली उड़ान से पहले सिडनी हवाई अड्डे पर 13-14 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इससे भी अधिक चिंताजनक खबरें तब सामने आईं जब टीम एफआईएच प्रो लीग मैचों से पहले अपने होटल में पहुंची थी।
खिलाड़ियों को बताया गया कि उनकी कोई बुकिंग नहीं है क्योंकि होटल को किसी तरह का अग्रिम भुगतान नहीं किया गया था।
खिलाड़ियों को घंटों इंतजार करना पड़ा और होटल की व्यवस्था होने से पहले वे सड़कों पर भटकते रहे। अगले दिन दोपहर को उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला मैच खेलना था, जिसमें टीम 2-3 से हार गई। ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान पाकिस्तान ने मेजबान टीम के अलावा जर्मनी के खिलाफ भी मैच खेले लेकिन वह सभी मैच हार गया।
बट ने कहा, ‘‘सबसे दुखद बात यह थी कि एयरबीएनबी ने केवल 10 दिन के लिए होटल बुक किया था, जबकि हमें 13 दिन तक रुकना था। दस दिन के बाद हमें एक सस्ते होटल में रुकना पड़ा।’’
Published: undefined
पीएसबी के महानिदेशक नूर उस सबाह ने मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं और वह एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। शरीफ पीएचएफ के मुख्य संरक्षक हैं।
बट ने खुलासा किया कि पीएचएफ ने खिलाड़ियों को चेतावनी दी थी कि अगर वे मीडिया से बात करेंगे तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया में हमने जो कुछ झेला है उसी के चलते मैं अपनी बात कह रहा हूं। अगर हमें आगे बढ़ना है तो हमें विदेशी कोच की जरूरत है। हमारे पास अच्छे खिलाड़ी हैं लेकिन हमें एक विदेशी कोच और अच्छे प्रबंधन की जरूरत है।’’
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined