
पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल मैच में अच्छी गेंदबाजी करने वाले मोहम्मद शमी की तारीफ करते हुए कहा कि इस तेज गेंदबाज की वापसी की राह में यह तो बस शुरुआत है।
भारतीय टीम से बाहर चल रहे शमी को लखनऊ ने 10 करोड रुपए में खरीदा। शमी ने लखनऊ की तरफ से पदार्पण करते हुए अपनी पहली गेंद पर ही केएल राहुल को आउट कर दिया था और इस तरह से वह आईपीएल इतिहास में पांच बार पहली गेंद पर विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं।
पुजारा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शमी के प्रदर्शन के बारे में स्टार स्पोर्ट्स से कहा,‘‘आईपीएल का यह सत्र मोहम्मद शमी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है और जिस तरह से उन्होंने दिल्ली के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करके टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की उससे पता चलता है कि वह पूरी तरह से तैयार हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘शमी ने भले ही 28 रन देकर एक विकेट लिया लेकिन उन्होंने पावर प्ले में अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पहली गेंद पर ही केएल राहुल को आउट किया और इसका पूरा श्रेय शमी को जाता है।’’
Published: undefined
इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन ने लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत की शीर्ष क्रम के बल्लेबाज के रूप में योग्यता पर सवाल उठाते हुए कहा है कि शीर्ष तीन में खेलने से यह भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज अपने खेल का आनंद लेने के बजाय खुद पर दबाव बना रहा है।
पंत दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल मैच में सलामी बल्लेबाज के रूप में खेलने के लिए उतरे और केवल सात रन बनाकर रन आउट हो गए। दिल्ली ने यह मैच छह विकेट से जीता।
लखनऊ की हार के बाद पंत ने कहा था कि वह इस सत्र में शीर्ष क्रम में खेलने की योजना बना रहे हैं लेकिन पीटरसन ने कहा कि इससे वह अपने खेल का आनंद नहीं ले पाएंगे।
पीटरसन ने जिओ हॉटस्टार से कहा, ‘‘जब आप लखनऊ की टीम की बल्लेबाजी की ताकत और गहराई को देखते हैं तो तब सवाल उठता है कि क्या ऋषभ पंत वास्तव में सलामी बल्लेबाज हैं। मुझे लगता है कि पिछले साल की तुलना में उन्हें इस साल बल्लेबाजी क्रम में कुछ ज्यादा ही ऊपर भेज दिया गया है।’’
इंग्लैंड के कप्तान ने कहा, ‘‘पिछले साल उन्होंने बल्लेबाजी क्रम में नीचे खेलने का फैसला किया और अब वह अचानक से कह रहे हैं कि ‘मैं शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी करूंगा।’ मुझे लगता है कि उन्हें बस मैदान पर जाकर अपने खेल का आनंद लेना चाहिए।’’
Published: undefined
श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सत्र में खेलने के लिए गुरुवार को अदालत से हस्तक्षेप करने की मांग की क्योंकि देश के क्रिकेट बोर्ड ने फिटनेस टेस्ट में नाकाम रहने के कारण उन्हें अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) देने से इनकार कर दिया था।
इस 31 वर्षीय खिलाड़ी को आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने खरीदा था। उन्होंने कोलंबो जिला न्यायालय में मामला दायर कर श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) को एनओसी जारी करने का आदेश देने की मांग की है। इस मामले की सुनवाई नौ अप्रैल को होगी।
स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार 2022 से अपने देश के लिए 30 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके इस खिलाड़ी ने दलील दी है कि एसएलसी के साथ उनका अनुबंध 31 मार्च को समाप्त हो गया था और वह इसे आगे नहीं बढ़ाना चाहते हैं।
तुषारा ने कहा कि उन्होंने एसएलसी को अपना अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त करने की अपनी इच्छा के बारे में बता दिया था। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में फिटनेस टेस्ट में असफल होने के कारण एनओसी नहीं देने के फैसले को अदालत को रद्द कर देना चाहिए।
Published: undefined
दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज रासी वान डेर डुसेन ने इस साल केंद्रीय अनुबंध में जगह नहीं मिलने के बाद गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की, लेकिन कहा कि वह अपनी घरेलू टीम लायंस की तरफ से खेलते रहेंगे।
जोहानिसबर्ग के 37 वर्षीय खिलाड़ी वान डेर डुसेन ने पिछले साल मार्च से दक्षिण अफ्रीका की तरफ से कोई मैच नहीं खेला था। उन्होंने 2018 में 29 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था तथा 18 टेस्ट, 71 वनडे और 57 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले।
वान डेर डुसेन ने एक्स पर जारी किए गए बयान में कहा, ‘‘मैं अत्यंत गर्व और कृतज्ञता के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर रहा हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दक्षिण अफ्रीका की जर्सी पहनना एक ऐसी उपलब्धि है जिसमें आपकी दृढ़ता और समर्पण की परीक्षा होती है और आपको इसका इनाम भी मिलता है। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से खेलना मेरे लिए अपने खेल जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है।’’
वान डेर डुसेन ने कहा, ‘‘दक्षिण अफ्रीका की राष्ट्रीय टीम की तरफ से मेरा सफर हालांकि खत्म हो गया है लेकिन मैं अपनी प्यारी टीम ‘लायंस’ के लिए खेलना जारी रखूंगा। मैं दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी को सिखाकर और उनका मार्गदर्शन करके इस खूबसूरत खेल में अपना योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हूं।’’
Published: undefined
भारत के पूर्व विकेटकीपर दिनेश कार्तिक आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) में बैटिंग कोच की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनका मुख्य काम हर खिलाड़ी की जरूरत को समझना और उन्हें मैच की अलग-अलग परिस्थितियों के लिए तैयार करना है।
दिनेश कार्तिक की कोचिंग का असर टीम के प्रदर्शन में साफ दिखाई दे रहा है। आईपीएल 2026 के पहले ही मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 202 रनों के लक्ष्य को आसानी से सिर्फ 15.4 ओवर में हासिल कर लिया था। एम. चिन्नास्वामी के मैदान पर मिली धमाकेदार जीत टीम की मजबूत तैयारी और दबाव में बेहतर खेलने की क्षमता को दर्शाती है।
कार्तिक ने बताया कि टीम में अलग-अलग तरह के खिलाड़ी हैं, जिनकी भूमिकाएं और चुनौतियां भी अलग होती हैं। कार्तिक ने उदाहरण देते हुए कहा कि फिल साल्ट को नई गेंद की स्विंग का सामना करना पड़ता है, जबकि रोमारियो शेफर्ड के लिए मैच के उस स्तर पर स्विंग शायद ही कभी उतना कोई मुद्दा होती है। कार्तिक ने कहा कि इसी कारण कोच के रूप में उनका काम हर खिलाड़ी को परिस्थितियों के अनुसार तैयार करना है।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined