भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर संजय बांगड़ ने आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की शानदार वापसी की प्रशंसा करते हुए कहा कि टीम के प्लेऑफ खेलने की संभावना बढ़ गई है। जियो हॉटस्टार पर बांगड़ ने कहा, "केकेआर ने लगातार चार मैच जीते हैं। उनकी टीम का संतुलन बहुत मजबूत दिख रहा है। स्पिन आक्रमण में फिर से धार आ गई है। बल्लेबाजी में वे अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। टीम बिल्कुल सही समय पर अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में आ गई है। यह एक लंबे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा मायने रखता है। सीजन की शुरुआत में अंकतालिका में सबसे नीचे रहने के बाद केकेआर शीर्ष-4 में जगह बनाने की दावेदार है।"
बांगड़ ने कहा, "जो टीमें टूर्नामेंट के आखिरी दौर में अपनी लय बनाती हैं, वे अक्सर प्लेऑफ में काफी आगे तक जाती हैं। केकेआर इस समय बहुत अच्छी स्थिति में है। इसीलिए उसके प्लेऑफ खेलने की संभावना काफी बढ़ गई है।" पूर्व ऑलराउंडर ने कहा, "अगर वे अपने बचे हुए चारों मैच जीत जाते हैं, तो वे आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी वापसी में से एक कर दिखाएंगे। अंकतालिका में सबसे नीचे रहने के बाद टॉप-चार में पहुंचना, एक जबरदस्त वापसी होगी। इसके लिए एक विशेष प्रयास की जरूरत होगी, लेकिन जिस फॉर्म में वे अभी हैं, उसे देखते हुए यह संभव लगता है।"
Published: undefined
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीमों के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला रविवार को खेला गया था। मैच के दौरान न्यूजीलैंड की तरफ से ओवर फेंकने की गति धीमी रही। इस वजह से टीम पर जुर्माना लगाया गया है। समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद अमेलिया केर की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड एक ओवर पीछे रही थी। इस वजह से टीम पर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी की हेलेन पैक ने यह सजा सुनाई।
आईसीसी ने एक बयान में कहा, "खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। यह हर उस ओवर के लिए जो उनकी टीम निर्धारित समय में नहीं फेंक पाती है।" न्यूजीलैंड की टीम निर्धारित समय पर एक ओवर पीछे रही थी, इसलिए 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। कप्तान केर ने अपराध स्वीकार कर लिया और प्रस्तावित सजा मान ली। इस वजह से किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। ऑन-फील्ड अंपायर जैकलीन विलियम्स और रोज डोवी, और तीसरे अंपायर सू रेडफर्न ने यह आरोप लगाया था।
Published: undefined
दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के बल्लेबाज डेविड मिलर ने कहा कि व्यक्तिगत गर्व और अनुभव ने उन्हें दबाव वाली परिस्थिति में शांत रहने में मदद की। डीसी ने सोमवार को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। दिल्ली कैपिटल्स ने हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पीबीकेएस से मिले 211 रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया, जो इस मैदान का आईपीएल में सबसे बड़ा रन चेज भी रहा। मिलर ने 51 रनों की आतिशी पारी खेलते हुए डीसी की जीत में अहम भूमिका निभाई। डीसी एक समय पर 33 रनों के स्कोर पर 3 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। हालांकि, मिलर ने कप्तान अक्षर पटेल (56 रन) के साथ मिलकर 34 गेंदों में 64 रनों की अहम साझेदारी निभाई, जिसके बूते डीसी इस मुकाबले में वापसी करने में सफल रही।
मैच के बाद मिलर ने कहा कि मैच को मजबूती से खत्म करने की प्रेरणा व्यक्तिगत मानक से आती है, फिर चाहे विरोधी टीम कोई भी हो। मिलर ने डीसी द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर शेयर किए वीडियो में कहा, "मुझे लगता है कि यह उससे कहीं ज्यादा है। यह सिर्फ व्यक्तिगत गर्व और मैच खत्म करने की चाहत है, चाहे मैं किसी भी टीम के लिए खेलूं। हां, जाहिर है कि उनके खिलाफ (पंजाब किंग्स) ऐसा करके अच्छा लगा। मैं जब आउट हुआ, तो मैं काफी निराश था, लेकिन मुझे लगता है कि अक्षर ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की।
Published: undefined
भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) ने अहमदाबाद में होने वाले 2030 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए लय बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को युवाओं के लिए रील बनाने के मुकाबले सहित देश भर में तीन पहल शुरू करने की घोषणा की। अभियान के हिस्से के तौर पर प्रतिभागी राष्ट्रमंडल खेल 2030 मशाल डिजाइन मुकाबले, राष्ट्रमंडल खेल रील चैलेंज और राष्ट्रमंडल खेल 2030 क्विज में हिस्सा ले सकते हैं।
ये पहल सभी ‘माईभारत’ यूजर्स के लिए खुली हैं और खेलों के बारे में जागरुकता और रोमांच बढ़ाने की कोशिश का हिस्सा हैं। ‘मशाल डिजाइन कॉन्टेस्ट’ देश के नागरिकों को ‘भारत की संस्कृति, विरासत, इनोवेशन, सस्टेनेबिलिटी और खेल के क्षेत्र में असाधारण घटना’ से प्रेरित होकर मशाल डिजाइन करने के लिए आमंत्रित करता है।
प्रविष्टि डिजिटल या हाथ से बनाए गए प्रारूप में 200 शब्दों तक के वैकल्पिक ‘कॉन्सेप्ट नोट’ के साथ जमा की जा सकती है। यह मुकाबला सोमवार को शुरू हुआ और 20 मई को खत्म होगा।
‘राष्ट्रमंडल रील चैलेंज’ में प्रतिभागियों को ‘भारत की बदलती खेल संस्कृति, स्थानीय खेल बुनियादी ढांचे और फिटनेस को दिखाने वाली मौलिक रील’ बनानी होगी। रील का समय 60 सेकेंड से अधिक नहीं होना चाहिए। सात मई को शुरू हुआ यह चैलेंज 16 मई को खत्म होगा।
‘राष्ट्रमंडल खेल 2030 क्विज’ में 10 बहु विकल्प सवाल हैं जिन्हें पांच मिनट में पूरा करना है। क्वालीफाई करने के लिए प्रतिभागियों को कम से कम आठ अंक लाने होंगे। हर प्रतिभागी को सिर्फ एक बार कोशिश करने की इजाजत है। क्विज नौ मई को शुर हुई और 26 सितंबर को खत्म होगी। हर हफ्ते शीर्ष पांच विजेताओं की घोषणा की जाएगी।
Published: undefined
दक्षिण अफ्रीका की तेज गेंदबाज शबनिम इस्माइल ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का फैसला वापस ले लिया, क्योंकि उन्हें 12 जून से पांच जुलाई तक ब्रिटेन में होने वाले महिला टी20 विश्व कप के लिए देश की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है।
लौरा वोलवार्ट की कप्तानी वाली टीम में 37 वर्षीय इस्माइल भी शामिल हैं, जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका की तरफ से अपना आखिरी टी20 मैच फरवरी 2023 में केपटाउन में टी20 विश्व कप के फाइनल के रूप में खेला था।
इस्माइल ने अभी तक 113 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 123 विकेट लिए हैं जो दक्षिण अफ्रीका की तरफ से रिकॉर्ड है। उनके साथ तेज गेंदबाजी विभाग संभालने के लिए मारिज़ेन कैप और डेन वैन नीकेर्क को भी टीम में शामिल किया गया है, जो क्रमशः बीमारी और पिंडली की चोट से उबरने के बाद वापसी कर रही हैं।
विकेटकीपर-बल्लेबाज कराबो मेसो भी कलाई की चोट से उबरकर वापसी कर रही हैं। सिनालो जाफ्ता टीम की अन्य विकेटकीपर हैं। दक्षिण अफ्रीका की अंडर-19 महिला टीम की पूर्व कप्तान कायला रेनेके को भी टीम में जगह मिली है।
टीम की अन्य खिलाड़ियों में तज़मिन ब्रिट्स, सुने लुस, एनेरी डेर्कसेन, नादिन डी क्लर्क, क्लो ट्रायोन, अयाबोंगा खाका, टुमी सेखुखुने और नॉनकुलुलेको मलाबा शामिल हैं।
पिछले तीन आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाली दक्षिण अफ्रीका की टीम टी20 विश्वकप में अपने अभियान की शुरुआत ग्रुप एक में 13 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद उसका सामना पाकिस्तान, भारत, नीदरलैंड और बांग्लादेश से होगा।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined