
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि जब दुनिया युद्ध की विभीषिका झेल रही है तब उनकी टीम रविवार को यहां होने वाले टी20 विश्व कप फाइनल में करोड़ों भारतीयों के दिल को तोड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
सैंटनर ने कहा , ‘‘हम मैदान पर उतरते हैं और एक टीम के रूप में अपना काम करते हैं। इस बार भी इसमें कोई बदलाव नहीं आएगा। निश्चित रूप से यह एक चुनौती होगी, क्योंकि हर कोई जानता है कि हम शायद जीत के प्रबल दावेदार नहीं हैं। हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। ट्रॉफी जीतने के लिए कुछ लोगों का दिल तोड़ने में मुझे कोई आपत्ति नहीं होगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ यह कहना आसान है कि यह बस एक और मैच की तरह है लेकिन हर कोई जानता है कि ऐसा नहीं है। इसके लिए आपकी अच्छी रणनीति और तैयारी होनी चाहिए।’’
Published: undefined
पूर्व भारतीय स्पिनर पीयूष चावला का मानना है कि रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को टी20 विश्व कप के पिछले दो मैचों में ‘बहुत फुल लेंथ या बहुत शॉर्ट लेंथ’ गेंद करने की कीमत चुकानी पड़ी है।
पिछले दो मैच में चक्रवर्ती का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 40 रन देकर एक विकेट जबकि इंग्लैंड के खिलाफ 64 रन देकर एक विकेट लिया। यह देखना बाकी है कि भारत रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले फाइनल में चक्रवर्ती को टीम में बनाए रखता है या उनकी जगह कुलदीप यादव को लेता है।
चावला ने जिओ स्टार से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि कभी-कभी जब आप हताश हो जाते हैं या जब आप बहुत सारे प्रयोग करने की कोशिश करते हैं। आप आखिर में बहुत फुल लेंथ की गेंदें फेंकने लगते हैं और वरुण के साथ भी ठीक यही हो रहा है।’’
उन्होंने कहा,‘‘उनका मजबूत पक्ष उस मुश्किल लेंथ पर गेंदबाजी करना है जो किसी स्पिनर के लिए अनुकूल होती है। उन्हें उस लेंथ पर गेंदबाजी नहीं करनी चाहिए जिस लेंथ पर तेज गेंदबाज करते हैं। एक स्पिनर के लिए अच्छी लेंथ वही होती है जहां से उसे घुटने की ऊंचाई तक उछाल मिले।’’
Published: undefined
दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन का कहना है कि अगर न्यूजीलैंड रविवार को अहमदाबाद में होने वाले टी20 विश्व कप के फाइनल में मेजबान भारत को नहीं हरा पाता, तो उसे ‘चोकर्स’ (अहम मुकाबलों में दबाव की चुनौती से निपटने में नाकाम रहने वाली टीम) का अवांछित तमगा मिलना चाहिए।
स्टेन के मुताबिक घरेलू परिस्थितियों में भारत को हराना न्यजीलैंड के लिए लगभग नामुमकिन होगा।
न्यूजीलैंड ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए पहले सेमीफाइनल में खिताब के प्रबल दावेदार और अक्सर ‘चोकर्स’ कहे जाने वाले दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी20 विश्व कप इतिहास में दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई।
भारत ने बृहस्पतिवार को दूसरे सेमीफाइनल में मुंबई में खेले गए बड़े स्कोर वाले रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को सात रन से हराया।
स्टेन ने कहा कि न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका की तुलना में ज्यादा बार विश्व कप फाइनल खेले हैं और अगर वह रविवार को भी खिताब जीतने से चूक जाता है, तो ‘चोकर्स’ का तमगा उसे दे देना चाहिए।
न्यूजीलैंड 2019 के वनडे विश्व कप, 2021 के टी20 विश्व कप और 2025 के चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा लेकिन तीनों मौकों पर उसे हार का सामना करना पड़ा।
Published: undefined
उत्तर रेलवे शनिवार रात 11:45 बजे नयी दिल्ली से अहमदाबाद के लिए विशेष ट्रेन चलाएगा ताकि क्रिकेट प्रशंसक टी20 विश्व कप का फाइनल मैच देखने के लिए जा सकें।
उत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु उपाध्याय ने कहा, ‘‘अहमदाबाद जाने के इच्छुक यात्रियों की संख्या बढ़ने और फ्लाइट टिकट महंगे होने तथा सामान्य ट्रेन टिकट उपलब्ध नहीं होने के कारण हमने क्रिकेट प्रेमियों की सुविधा के लिए नयी दिल्ली से विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘19 कोचों वाली यह विशेष ट्रेन आज रात 11:45 बजे नयी दिल्ली से रवाना होकर दिल्ली कैंट, गुरुग्राम और जयपुर के रास्ते कल दोपहर 2:30 बजे साबरमती पहुंचेगी। ’’
Published: undefined
भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलना है। अपना पहला टी20 विश्व कप जीतने का सपना देख रही न्यूजीलैंड का अहमदाबाद में बेहद निराशाजनक रिकॉर्ड रहा है।
न्यूजीलैंड ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 2 मैच खेले हैं और दोनों मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। इस तरह अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को अपनी पहली टी20 जीत का इंतजार है।
न्यूजीलैंड का टी20 विश्व कप 2026 में सफर शानदार रहा है। टीम 5 जीत और 2 हार के साथ सेमीफाइनल में पहुंची है। सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने फिन एलन के रिकॉर्ड शतक के दम पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी।
न्यूजीलैंड दूसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। पूर्व में न्यूजीलैंड टी20 विश्व कप 2021 के फाइनल में पहुंची थी जहां उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
वहीं, चौथी बार फाइनल खेलने जा रही दो बार की विजेता भारतीय टीम का अहमदाबाद में टी20 में शानदार रिकॉर्ड है। भारतीय टीम ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कुल 10 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें 7 मैचों में टीम ने सफलता हासिल की है, और तीन मैचों में हार मिली है। टीम इंडिया ने इंग्लैंड, नीदरलैंड्स, दक्षिण अफ्रीका, और न्यूजीलैंड को भी हराया है।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined