
भारत के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने कहा कि मोहम्मद सिराज के अनुभव और आक्रामकता के कारण उन्हें बेसिन रिजर्व में न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रहे पहले टेस्ट के लिए भारत की अंतिम एकादश में जगह मिलनी चाहिए थी, और उन्होंने सवाल किया कि तेज गेंदबाज को ऐसी पिच पर क्यों बाहर रखा गया जहां सीम मूवमेंट को बढ़ावा मिलता था।
रवि शास्त्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "उम्मीद है कि भारत मजबूती से वापसी करेगा। मगर अगर गति, कौशल और सीम मूवमेंट मानदंड थे और 140 क्लिक हासिल करना मुश्किल था, तो किसी को सवाल पूछना होगा। मोहम्मद सिराज कहां थे? अनुभव, आक्रामकता और गेंद के साथ कुछ करने की क्षमता। निश्चित रूप से यह कुछ मायने रखता है।"
शास्त्री अकेले नहीं थे जिनका मानना था कि भारत ने सिराज द्वारा गेंदबाजी आक्रमण में लाए गए योगदान को नजरअंदाज कर दिया है। जैसे ही बेसिन रिजर्व में पहला दिन बीत गया, अन्य पूर्व खिलाड़ियों ने भी चयन पर सवाल उठाया। सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के प्रसारण पर महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने भी सिराज के वेलिंगटन में नहीं खेलने पर दुख व्यक्त किया।
प्रसारण के हिंदी फीड में मौजूद अजिंक्य रहाणे ने कहा कि एक अनुभवी तेज गेंदबाज को बेंच पर रखने का कोई मतलब नहीं है, क्योंकि जसप्रीत बुमराह टीम में वापस आ गए हैं और प्रसिद्ध कृष्णा फॉर्म में आ गए हैं। उन्होंने कहा, "मैं इस विषय पर एक घंटे तक बात कर सकता हूं। मोहम्मद सिराज का नहीं खेलना हैरान करने वाला फैसला है। आपके पास एक अनुभवी गेंदबाज है। जसप्रीत बुमराह की वापसी हो गई है। जब आपके पास बुमराह-सिराज हैं, और प्रसिद्ध कृष्णा ने हाल ही में अच्छा प्रदर्शन करना शुरू किया है और आपने उन गुणवत्ता वाले तेज गेंदबाजों में से एक को बाहर बैठा दिया है।"
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज हेनरी निकोल्स ने बृहस्पतिवार को यहां पहले क्रिकेट टेस्ट के शुरुआती दिन संघर्षपूर्ण शतक जड़ने के बाद कहा कि जसप्रीत बुमराह की गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की क्षमता ने मेजबान टीम के बल्लेबाजों को लगातार असमंजस और दबाव में रखा।
बुमराह ने अपनी अनूठी गेंदबाजी शैली और गेंद को दोनों ओर स्विंग कराने की क्षमता से न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा ली।
निकोल्स ने नाबाद 113 रन बनाकर न्यूजीलैंड को पांच विकेट पर 70 रन की मुश्किल स्थिति से उबारकर पांच विकेट पर 243 रन तक पहुंचाया।
निकोल्स ने कहा, ‘‘बुमराह गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा रहे थे और बल्लेबाजों पर लगातार काफी दबाव बना रहे थे। यह शानदार चुनौती है।’’
बुमराह का कई बार सामना कर चुके बाएं हाथ के बल्लेबाज निकोल्स का मानना है कि भारतीय गेंदबाज की असामान्य गेंदबाजी शैली से कुछ हद तक परिचित होना मददगार रहा, हालांकि इससे चुनौती कम नहीं हुई।
उन्होंने कहा, ‘‘उनकी गेंदबाजी का अंदाज निश्चित रूप से अनूठा है। सौभाग्य से मैंने उनका कई बार सामना किया है जिससे आपको थोड़ा फायदा मिलता है। लेकिन वह निश्चित रूप से तीनों प्रारूपों के बेहतरीन गेंदबाज हैं।’’
साइमन हार्मर ने बांग्लादेश के निचले क्रम को सस्ते में समेट दिया जिसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने बृहस्पतिवार को पहले टेस्ट मैच में नौ विकेट से जीत दर्ज की।
इससे मेजबान टीम ने दो मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
बांग्लादेश की टीम पांचवें दिन 100 रन पर पांच विकेट से आगे खेलने उतरी और दक्षिण अफ्रीका के ऑफ स्पिनर हार्मर की गेंदबाजी का सामना नहीं कर सकी। हार्मर ने बांग्लादेश के आखिरी पांच में से चार विकेट लेकर मेहमान टीम की पारी 168 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई।
हार्मर के इस प्रदर्शन ने पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के निर्णायक टेस्ट मैच के पांचवें दिन की यादें ताजा कर दीं जब उन्होंने 16 रन देकर छह विकेट हासिल किए थे।
दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए सिर्फ 12 रन का लक्ष्य मिला था। हालांकि टीम ने पहली पारी में शतक लगाने वाले मार्क्स एकरमैन का विकेट दूसरी ही गेंद पर शून्य के स्कोर पर गंवा दिया। इसके बावजूद टीम ने लंच से पहले एक विकेट पर 12 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
एडन मारक्रम (नाबाद 08) ने जल्द ही विजयी रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
मशहूर उपनाम के साथ आलोचना भी आती है जिस पर नियंत्रण नहीं किया जा सकता लेकिन आर्यवीर ने भारत के अंडर-19 एशिया कप अभियान में शानदार प्रदर्शन करके क्रिकेट जगत का जरूरी सम्मान हासिल कर लिया है। उनके पिता और पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने बृहस्पतिवार को यह बात कही।
आर्यवीर को हाल में संपन्न जूनियर एशिया कप में टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक सहित कुल 361 रन बनाए। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ बेहद अहम फाइनल मुकाबले में भी 58 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
सीनियर सहवाग ने पीटीआई से कहा, ‘‘मैं खुश हूं कि आर्यवीर सहवाग ने भारत की अंडर-19 टीम की एशिया कप खिताबी जीत में योगदान दिया और खासकर पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में अच्छा प्रदर्शन किया। उसने सिर्फ रन नहीं बनाए बल्कि बड़ी पारियां भी खेलीं। मैं पूरी टीम को इस जीत के लिए बधाई देना चाहता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं हमेशा उससे कहता था कि अगर सम्मान हासिल करना है तो बड़ी पारियां खेलनी होंगी और उसने इस टूर्नामेंट में यही करके दिखाया है।’’
पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे ने बृहस्पतिवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच संबंधों को मजबूत बनाने में खेल की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि खेल के माध्यम से बने रिश्ते देशों को करीब ला सकते हैं और खेल के मैदान से बाहर भी नए मौके पैदा कर सकते हैं।
रहाणे हाल में ‘स्पोर्ट न्यूजीलैंड इहि एओटेरोआ’ द्वारा आयोजित ‘भारत-न्यूजीलैंड: खेल के माध्यम से एकता के 100 वर्ष’ (इंडिया-न्यूजीलैंड: हंड्रेड ईयर्स ऑफ यूनिटी थ्रू स्पोर्ट’ समारोह का हिस्सा बने थे।
इस कार्यक्रम में उन्होंने न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर ग्रांट इलियट और न्यूजीलैंड की पूर्व हॉकी खिलाड़ी जेम्मा मैककॉ के साथ मंच साझा किया। इस दौरान दोनों देशों के बीच आपसी जुड़ाव बढ़ाने, संबंध मजबूत करने और सहयोग के नए अवसर पैदा करने में खेल की भूमिका पर चर्चा की गई।
रहाणे ने इस बात पर भी विचार साझा किए कि किस तरह खिलाड़ी अपने खेल करियर के बाद उद्यमिता की दुनिया में कदम रख सकते हैं और नए पेशेवर मौके तलाश सकते हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जेम्मा का व्यावसायिक उद्यम और खेल उपकरणों से जुड़ा ग्रांट का कारोबार इस बात के बेहतरीन उदाहरण हैं कि खिलाड़ी अपने खेल करियर के दौरान मिले अनुभवों, सीख और बनाए गए संबंधों का इस्तेमाल नए पेशेवर क्षेत्रों में कैसे कर सकते हैं। ’’
आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए