खेल

खेल: श्री चरणी ने रच दिया इतिहास और परवीन हुड्डा और अंकुश पंघाल स्वर्ण पदक से एक जीत दूर

श्री चरणी पहले ही टी20 अंतररष्ट्रीय फॉर्मेट में 'वर्ल्ड नंबर-1' गेंदबाज हैं। भारतीय मुक्केबाज परवीन हुड्डा और अंकुश पंघाल ने एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में अपने-अपने भार वर्ग में जीत हासिल करके स्वर्ण पदक के मुकाबलों में प्रवेश किया।

श्री चरणी ने रच दिया इतिहास, आईसीसी विमेंस टी20 बॉलिंग रैंकिंग में बनाया नया रिकॉर्ड
श्री चरणी ने रच दिया इतिहास, आईसीसी विमेंस टी20 बॉलिंग रैंकिंग में बनाया नया रिकॉर्ड  फोटो: @BCCIWomen

श्री चरणी ने रच दिया इतिहास, आईसीसी विमेंस टी20 बॉलिंग रैंकिंग में बनाया नया रिकॉर्ड  

भारत की श्री चरणी ने आईसीसी विमेंस टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में अब तक की सबसे ज्यादा रेटिंग का नया रिकॉर्ड बनाया है। एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद बाएं हाथ की स्पिनर अपने करियर के बेस्ट 817 प्वाइंट्स तक पहुंच गईं।

श्री चरणी पहले ही टी20 अंतररष्ट्रीय फॉर्मेट में 'वर्ल्ड नंबर-1' गेंदबाज हैं। अब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट के (806 रेटिंग प्वाइंट्स) के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है, जिसे मेगन ने नवंबर 2018 में बनाया था।

चरणी ने भारत की सफल यात्रा में अहम भूमिका निभाई और एशियन गेम्स में अपनी शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए भारत को अपना गोल्ड मेडल बचाने में मदद की। एशिया कप 2026 में श्री चरणी ने 12 विकेट लेकर भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में 20 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे।

 ऑस्ट्रेलिया की एशले गार्डनर 497 प्वाइंट्स के साथ वनडे ऑल-राउंडर रैंकिंग में पहले स्थान पर बनी हुई हैं, जबकि मैथ्यूज 502 प्वाइंट्स के साथ टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में शीर्ष पर हैं। अलाना किंग 753 प्वाइंट्स के साथ वनडे बॉलिंग रैंकिंग में शीर्ष पर हैं। भारत की स्मृति मंधाना 790 प्वाइंट्स के साथ वनडे बैटिंग रैंकिंग में अभी भी शीर्ष पर हैं।

कोहली की शानदार फॉर्म और भारतीय तेज गेंदबाजों पर होगी नजर

 बल्लेबाजी निस्संदेह भारत की सबसे बड़ी ताकत है, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ बुधवार को यहां होने वाले दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम के लिए तेज गेंदबाजी का अस्थिर संयोजन चिंता का विषय होगा।

विराट कोहली पर फिर से नजर होगी जिन्होंने तिरुवंतपुरम में तीन मैच की श्रृंखला के पहले मैच में रिकॉर्ड तोड़ शतक बनाया था। कप्तान गिल ने भी इस मैच में शतक जड़ा था जिससे भारत ने 296 रन का लक्ष्य 42 ओवर से भी कम में हासिल कर लिया था।

बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने भी चार विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या की अनुपस्थिति में तेज गेंदबाजी विभाग कमज़ोर नज़र आया। अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए नीतीश कुमार रेड्डी को नई गेंद सौंपी गई थी जबकि मोहम्मद सिराज को विश्राम दिया गया था।

रेड्डी से गेंदबाजी की शुरुआत करने से कई सवाल खड़े हो गए क्योंकि टीम की यह रणनीति नहीं चल पाई।

परवीन हुड्डा और अंकुश पंघाल स्वर्ण पदक से एक जीत दूर

भारतीय मुक्केबाज परवीन हुड्डा और अंकुश पंघाल ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मंगलवार को यहां एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में अपने-अपने भार वर्ग में जीत हासिल करके स्वर्ण पदक के मुकाबलों में प्रवेश किया लेकिन नरेंद्र बेरवाल (90 किग्रा से अधिक) को अंतिम चार में हार के साथ ही कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

परवीन ने 65 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में चीन के ली शू को 5-0 से हराया। इसके बाद अंकुश ने 80 किलोग्राम वर्ग पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए उज्बेकिस्तान के फजलुद्दीन एरकिनबोएव को 4-1 से हराया। एरकिनबोएव 75 किलोग्राम भार वर्ग में मौजूदा विश्व चैंपियन हैं।

अनुभवी मुक्केबाज बेरवाल को हालांकि सेमीफाइनल में कजाखस्तान के मौजूदा सुपर हैवीवेट विश्व चैंपियन आइबेक ओरलबाय के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा।

बेरवाल ने इसके साथ ही एशियाई खेलों में एक और कांस्य पदक अपने नाम किया। वह 2023 में चीन में हुए पिछले एशियाई खेलों में भी सेमीफाइनल में हारकर बाहर हो गए थे।

कतर को 3-2 से हराकर भारत एशियाई खेलों में पुरुष वॉलीबॉल के क्वार्टर फाइनल में

भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम ने मंगलवार को यहां एशियाई खेलों में कतर को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की और क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

पूल सी के मैराथन मुकाबले में भारत ने दो सेट से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए कतर को 26-28, 25-27, 25-23, 25-20, 24-22 से हराया। मुकाबला दो घंटे 47 मिनट तक चला।

चारों क्वार्टर फाइनल मुकाबले बृहस्पतिवार को खेले जाएंगे। भारत ने इससे पहले अपने शुरुआती दो मैच में वियतनाम को 3-0 (25-23, 25-21, 25-20) और हांगकांग चीन को 3-0 (25-22, 25-19, 25-21) से हराया था।

कतर के खिलाफ भारत की ओर से जेरोम विनीत ने 27 अंक जुटाए जिसमें सभी अंक स्मैश के जरिए आए। अमित सिंह बलवान ने 24 अंक बनाए जिसमें 22 अंक स्मैश और दो ब्लॉक से मिले।

एशियन गेम्स : नागल और दक्षिणेश्वर सिंगल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे  

एशियाई खेलों में मंगलवार को सुमित नागल और दक्षिणेश्वर सुरेश ने टेनिस के पुरुष सिंगल्स के दूसरे दौर के मैचों में शानदार जीत हासिल की और प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

सुमित ने दूसरे दौर में 2023 एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता दक्षिण कोरिया के सेओंगचान होंग को 6-4, 6-0 से हराया, जबकि सुरेश ने इंडोनेशिया के गुनावान त्रिस्मुवंतारा पर कड़े मुकाबले में 7-5, 7-6 (2) से जीत दर्ज की।

मौसम की खराबी के कारण सोमवार को सुमित और हांग का मैच रोक दिया गया जबकि पहले सेट में सुमित 3-2 से आगे थे। कोरियाई खिलाड़ी ने वापसी की और मंगलवार को फिर से शुरू होने पर पहले आठ अंक जीते क्योंकि सुमित पहले मैच में 3-4 से पीछे था।

हालांकि, सुमित ने सेट और बाद में मैच अपने नाम करने के लिए लगातार नौ गेम जीते। सुमित एटीपी मास्टर्स 1000 इंडियन वेल्स क्वालीफाइंग राउंड में हांग से 6-2, 2-6, 6-7 (4) से हार गए थे।

नागल ह्योन चुंग से 6-2, 4-6, 5-7 से हार गए जबकि वह एकल स्पर्धा में सूनवू क्वोन से 1-6, 2-6 से हार गए। एशियाई खेलों में अगले दौर में नागल का मुकाबला उज्बेकिस्तान के सर्गेई फोमिन से होगा।

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए