खेल

खेल: BCCI ने IPL में स्मार्ट ग्लास इस्तेमाल पर लगाया बैन और FIFA वर्ल्ड कप 2026 के लिए अर्जेंटीना टीम का ऐलान

बीसीसीआई की भ्रष्टाचार-रोधी और सुरक्षा इकाई (एसीएसयू) ने पीएमओए के अंदर 'स्मार्ट गॉगल्स' या धूप के चश्मे रखने और इस्तेमाल करने पर सख्त रोक लगा दी है। लियोनेल मेसी की अगुवाई में अर्जेंटीना अपने खिताब का बचाव करने के इरादे से उतरेगी।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

बीसीसीआई ने आईपीएल में 'खिलाड़ी और मैच अधिकारी क्षेत्र' के अंदर स्मार्ट ग्लास पर लगाया बैन, उल्लंघन करने पर लगेगा जुर्माना 

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की भ्रष्टाचार-रोधी और सुरक्षा इकाई (एसीएसयू) ने 'खिलाड़ी और मैच अधिकारी क्षेत्र' (पीएमओए) के अंदर 'स्मार्ट गॉगल्स' या धूप के चश्मे रखने और इस्तेमाल करने पर सख्त रोक लगा दी है।

यह निर्देश तब आया जब भ्रष्टाचार-रोधी निगरानी संस्था को यह पता चला कि कुछ कंपनियां खिलाड़ियों और टीम के सहयोगी स्टाफ को ऐसे हाई-टेक स्मार्ट चश्मे का प्रचार और बिक्री कर रही हैं, जो उन्नत संचार सुविधाओं से लैस हैं।

बीसीसीआई एसीएसयू के एक आंतरिक संचार के अनुसार, इन उन्नत उपकरणों में ऐसी क्षमताएं हैं जो टूर्नामेंट के सख्त भ्रष्टाचार-रोधी प्रोटोकॉल के लिए सीधा खतरा पैदा करती हैं। ये उपकरण उच्च संचार फीचर्स से लैस हैं। इसमें लाइव स्ट्रीमिंग, टेक्स्ट मैसेज भेजना और पाना, साथ ही मोबाइल डेटा या वाई-फाई नेटवर्क के जरिए ऑडियो और वीडियो कॉलिंग की सुविधाएं शामिल हैं।

इसलिए, पीएमओए के न्यूनतम मानकों के तहत, ऐसे गॉगल्स/चश्मों को 'ऑडियो/वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस' और 'कम्युनिकेशन डिवाइस' दोनों के तौर पर वर्गीकृत किया गया है।

Published: undefined

टीम की जीत में 80 रन बनाना, शतक से ज्यादा मायने रखता है: वैभव सूर्यवंशी

राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के विरुद्ध 97 रन की पारी खेली। सूर्यवंशी ने अपनी 'टीम-फर्स्ट' वाली सोच का श्रेय पिता को देते हुए कहा है कि अगर निजी उपलब्धियां टीम की जीत में योगदान नहीं देतीं, तो उनकी कोई खास अहमियत नहीं रहती।

निजी उपलब्धियों के बजाय टीम की सफलता को प्राथमिकता देने के बारे में बात करते हुए, वैभव ने कहा कि वह निजी रिकॉर्ड्स के बजाय टीम की जीत में किए गए योगदान को अधिक महत्व देते हैं।

वैभव ने 'जियो हॉटस्टार' से कहा, "बचपन से ही पिता ने मुझसे हमेशा कहा है कि अगर 100, 200 या 300 रन भी बना लो, लेकिन आपकी वजह से टीम न जीते, तो उन रनों की कोई अहमियत नहीं रहती। वे रन सिर्फ आपके निजी रिकॉर्ड के लिए हो सकते हैं, लेकिन उनसे टीम को कोई फायदा नहीं होता।"

उन्होंने कहा, "आखिरकार, क्रिकेट एक टीम गेम है। इसलिए, अगर मैं 100 के बजाय 80 रन बनाता हूं और मेरी टीम जीत जाती है। दूसरी तरफ, अगर 100 रन बनाने के बावजूद हम नहीं जीत पाते, तो मेरे लिए वे 80 रन, उन 100 रनों से कहीं ज्यादा मायने रखते हैं।"

Published: undefined

वैभव अगर पावरप्ले तक बल्लेबाजी करते हैं, तो आरआर को फायदा होगा: अनिल कुंबले

आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की भिड़ंत गुजरात टाइटंस (जीटी) के साथ होगी। भारत के पूर्व दिग्गज गेंदबाज अनिल कुंबले का मानना है कि अगर दूसरे क्वालीफायर में वैभव सूर्यवंशी पावरप्ले तक टिक गए, तो इसका आरआर को बहुत फायदा मिलेगा। 

टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के बावजूद कुंबले को लगता है कि राजस्थान रॉयल्स अभी भी दूसरे क्वालीफायर में अंडरडॉग के तौर पर मुकाबले में उतरेगी। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर वैभव एक और दमदार पारी खेलने में सफल रहे, तो आरआर जीटी पर भारी पड़ सकती है।

कुंबले ने 'जियोहॉटस्टार' से कहा, "इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। यह सच में मुश्किल है, क्योंकि राजस्थान ने अच्छा किया है, फिर भी वे अभी भी अंडरडॉग लगते हैं। मुझे लगता है कि मैं आरआर के साथ जाऊंगा। मुझे अभी भी उम्मीद है कि वैभव वैसा ही प्रदर्शन करेंगे, जैसा उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में किया। वैभव अगर अपने प्रदर्शन को दोहराने में सफल रहे, तो इसका फायदा राजस्थान रॉयल्स को मिलेगा।"

Published: undefined

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए अर्जेंटीना टीम का ऐलान

अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए 26 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। लियोनेल मेसी की अगुवाई में अर्जेंटीना अपने खिताब का बचाव करने के इरादे से उतरेगी।

फीफा वर्ल्ड कप में ब्राजील ने 1962 में आखिरी बार अपने खिताब का बचाव किया था। इसके बाद से कोई भी टीम लगातार दो बार विश्व कप की ट्रॉफी को अपने नाम नहीं कर सकी है। मेसी के नेतृत्व में अर्जेंटीना टीम का अटैक काफी मजबूत नजर आ रहा है। मेसी का साथ इंटर मिलान के स्ट्राइकर लुटारो मार्टिनेज और एटलेटिको मैड्रिड के जूलियन अल्वारेज देते हुए नजर आएंगे।

कोच स्कालोनी ने इस बार कुछ नए खिलाड़ियों पर भी भरोसा जताया है, जो कतर वर्ल्ड कप में टीम का हिस्सा नहीं थे। इनमें वैलेंटिन बार्को शामिल हैं, जिन्होंने यूरोप में बेहतरीन सीजन खेला। इसके अलावा जोस मैनुअल लोपेज को भी मौका मिला है। वह ब्राजील के क्लबपाल्मेरास के सेंटर-फॉरवर्ड हैं और जरूरत पड़ने पर अल्वारेज और मार्टिनेज के बैकअप के रूप में खेल सकते हैं। निको पाज को भी टीम में जगह दी गई है। उन्होंने कोमो 1907 के लिए शानदार प्रदर्शन किया है, इसलिए कोचिंग स्टाफ उन्हें काफी पसंद करता है।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए अर्जेंटीना का स्क्वॉड

 गोलकीपर: एमिलियानो मार्टिनेज (एस्टन विला), गेरोनिमो रूली (ओलंपिक डे मार्सिले), जुआन मुसो (एटलेटिको मैड्रिड)

डिफेंडर: लियोनार्डो बालेरडी (ओलंपिक डे मार्सिले), निकोलस टैग्लियाफिको (ओलंपिक लियोनिस), गोंजालो मोंटिएल (रिवर प्लेट), लिसेंड्रो मार्टिनेज (मैनचेस्टर यूनाइटेड), क्रिस्टियन रोमेरो (टोटेनहम हॉटस्पर), निकोलस ओटामेंडी (बेनफिका), फैकुंडो मदीना (ओलंपिक डे मार्सिले), नाहुएल मोलिना (एटलेटिको मैड्रिड)

मिडफील्डर: लिएंड्रो पारेडेस (बोका जूनियर्स), रोड्रिगो डी पॉल (इंटर मियामी), वैलेन्टिन बार्को (रेसिंग स्ट्रासबर्ग), जियोवानी लो सेल्सो (रियल बेटिस), एक्सेक्विएल पालासियोस (बायर लेवरकुसेन), एलेक्सिस मैक एलिस्टर (लिवरपूल), एंजो फर्नांडीज (चेल्सी)

फॉरवर्ड: जूलियन अल्वारेज (एटलेटिको मैड्रिड), लियोनेल मेस्सी (इंटर मियामी), निको गोंजालेज (एटलेटिको मैड्रिड), थियागो अल्माडा (एटलेटिको मैड्रिड), गिउलिआनो शिमोन (एटलेटिको मैड्रिड), निको पाज (कोमो), जोस मैनुअल लोपेज (पाल्मेरास), लुटारो मार्टिनेज (इंटर मिलान)।

Published: undefined

डेब्यू मैच में छाईं नंदिनी शर्मा, टी20 में भारत के लिए फेंका दूसरा बेस्ट स्पेल

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 38 रनों से हराया। अपने इंटरनेशनल डेब्यू मुकाबले में नंदिनी शर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट चटकाए। नंदिनी ने टी20 इंटरनेशनल डेब्यू में भारत की ओर से दूसरा बेस्ट गेंदबाजी स्पेल डाला।

नंदिनी ने इंग्लैंड की ओर से सर्वाधिक 67 रनों की पारी खेलने वालीं एमी जोन्स, डेनिएल गिब्सन और वोंग का बड़ा विकेट अपने नाम किया। भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल डेब्यू मुकाबले में सबसे बेहतरीन स्पेल डालने का रिकॉर्ड सोनिया डबीर के नाम दर्ज है, जिन्होंने साल 2010 में इंग्लैंड के खिलाफ 23 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे।

नंदिनी डेब्यू मुकाबले में 3 विकेट लेने वाली महज दूसरी भारतीय गेंदबाज भी हैं। नंदिनी को टी20 विश्व कप 2026 के लिए भी भारतीय टीम में चुना गया है। उन्होंने महिला प्रीमियर लीग में अपनी गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया था। नंदिनी ने 10 मुकाबलों में 17 विकेट निकाले थे और वह टूर्नामेंट में दूसरी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रही थीं। रनों के लिहाज से भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined